मौसम चेतावनी: उत्तराखंड में 200 मिमी से अधिक बारिश का अंदेशा, देश के कई हिस्सों में भारी बारिश

डिप्रेशन का अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रहने और धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने का पूर्वानुमान है।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में 120 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में 120 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।
Published on

देश के कई हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी है, खासकर पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कल भारी बारिश हुई, यहां 90 मिमी तक पानी गिरा। वहीं मध्य प्रदेश के कई हिस्सों के जलमग्न होने की खबर है, भारी बारिश के पीछे मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर बने डिप्रेशन को बताया जा रहा है।

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट के हवाले से कहा है कि डिप्रेशन पिछले छह घंटों के दौरान 10 किमी प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ गया और आज, 13 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 05:30 बजे उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश और उसके आस-पास के इलाकों में बना रहा।

यह उत्तर प्रदेश के बरेली से लगभग 20 किमी दक्षिण-दक्षिण-पश्चिम, शाहजहांपुर से 70 किमी पश्चिम-उत्तर-पश्चिम, हरदोई से 120 किमी उत्तर-पश्चिम, अलीगढ़ से 130 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व और आगरा से 170 किमी उत्तर-पूर्व में है।

इसका अगले 12 घंटों के दौरान उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रहने और धीरे-धीरे कमजोर होकर कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील होने का पूर्वानुमान है। साथ ही मॉनसूनी गतिविधि भी जारी है।

इन मौसमी गतिविधियों के चलते आज, उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, 12 सेमी (120 मिमी ) या उससे अधिक, जबकि कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश होने की आशंका जताई गई है, यहां 20 सेमी (200 मिमी) से अधिक बारिश होने के आसार जताए गए हैं।

वहीं आज, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा है, इन राज्यों में 12 सेमी (120 मिमी ) से अधिक बरस सकते हैं बादल।

आज, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसेंगे बादल, इन सभी राज्यों में बादलों के सात सेमी (70 मिमी) से अधिक बरसने के आसार हैं।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली?

डिप्रेशन की वजह से आज, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ बारिश तथा वज्रपात होने के आसार जताए गए हैं

वहीं आज, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

शुक्रवार 13 सितंबर 2024 को मौसम का पूर्वानुमान व चेतावनी
शुक्रवार 13 सितंबर 2024 को मौसम का पूर्वानुमान व चेतावनी स्रोत: आईएमडी

एक और तूफानी गतिविधि के आसार

मौसम विभाग ने अपने मौसम संबंधी अपडेट में एक और चक्रवाती प्रसार का जिक्र किया है जिसके मुताबिक, यह दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और इससे सटे इलाकों पर बना हुआ है, जिसके कारण कल, यानी 12 सितंबर की रात को दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और आसपास के इलाकों पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है

आज, 13 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 05:30 बजे यह उसी इलाके में बना रह। इसके धीरे-धीरे पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 48 घंटों के दौरान तटीय पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक डिप्रेशन में तब्दील होकर और तीव्र होने की आशंका जताई गई है।

कम दबाव का क्षेत्र आज, 13 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 05:30 बजे यह दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और इससे सटे इलाकों पर बना रहा।
कम दबाव का क्षेत्र आज, 13 सितंबर को भारतीय समयानुसार सुबह 05:30 बजे यह दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और इससे सटे इलाकों पर बना रहा। स्रोत: आईएमडी

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

आज, पश्चिम मध्य अरब सागर और उससे सटे पूर्व मध्य अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के उत्तरी हिस्सों, श्रीलंका तट, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के अधिकतर इलाकों, मध्य बंगाल की खाड़ी के कई हिसो, उत्तर बंगाल की खाड़ी के अधिकांश इलाकों, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बांग्लादेश, म्यांमार के तटों पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 50 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, मन्नार की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

आज, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के पश्चिमी हिस्सों, पश्चिम-मध्य अरब सागर के कुछ इलाकों, सोमालिया तट और ओमान तट पर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

तापमान में उतार चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी मौसम विभाग का अपडेट देखें तो कल, तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में दिल्ली-रिज में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 12 सितंबर को उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पूर्वी राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश, केरल और माहे, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, पश्चिम राजस्थान, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in