

दिल्ली-एनसीआर में अगले सात दिन बारिश के आसार कम, गर्मी और उमस बरकरार; तेज हवाओं से मिल सकती है मामूली राहत।
असम, मेघालय, बिहार और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, कई इलाकों में बाढ़ का खतरा।
उत्तराखंड में लगातार बारिश और भूस्खलन से 126 सड़कें बंद, यमुनोत्री हाईवे प्रभावित; लोगों को सतर्क रहने की सलाह।
राजस्थान में मानसून कमजोर पड़ने से गर्मी बढ़ी, फालोदी रहा देश का सबसे गर्म शहर, तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज।
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में तेज हवाओं का अलर्ट, मछुआरों को समुद्र में न जाने की मौसम विभाग ने दी सलाह।
उत्तर भारत में पिछले कुछ दिनों तक सक्रिय रहने वाला दक्षिण-पश्चिम मानसून अब एक बार फिर कमजोर पड़ता नजर आ रहा है। दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। जबकि राजस्थान के कई हिस्सों में मानसून के बावजूद तेज धूप और गर्मी बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से सोमवार, 13 जुलाई 2026 को जारी पूर्वानुमान में उत्तराखंड, बिहार, असम और मेघालय तथा पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
कैसी है मानसून ट्रफ की स्थिति?
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ इस समय श्रीगंगानगर, हिसार, मेरठ, शाहजहांपुर, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर होते हुए दक्षिण असम तक फैली हुई है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपर मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। वहीं पूर्वोत्तर बिहार और आसपास के इलाकों के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण भी जारी है। इन मौसमी प्रणालियों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है।
दिल्ली में बारिश का इंतजार
राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में फिलहाल लोगों को बारिश के लिए इंतजार करना होगा। मौसम विभाग की मानें तो अगले सात दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। सोमवार, 13 जुलाई को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
दिल्ली-एनसीआर में दिनभर आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना बहुत कम है। हालांकि 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ समय के लिए इनकी गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन हवाओं से उमस भरी गर्मी के बीच लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिल सकती है।
राजस्थान में भी बढ़ी गर्मी
राजस्थान के अधिकतर इलाकों में भी मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। कई जिलों में तेज धूप निकल रही है और तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है। रविवार, 12 जुलाई को फालोदी में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के कई इलाकों में गर्मी और उमस बनी रह सकती है।
उत्तराखंड में बारिश से बढ़ी मुश्किलें
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं।
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 126 सड़कें बंद होने की खबर हैं, जिनमें दो राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, स्याना चट्टी के पास पहाड़ी से मलबा गिरने के कारण ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ है। प्रशासन लगातार सड़कें खोलने का प्रयास कर रहा है और लोगों से अनावश्यक यात्रा नहीं करने की अपील की गई है।
इन राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज अपने ताजा अपडेट में असम और मेघालय, बिहार और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। इन सभी राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने यहां बहुत भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
वहीं आज, 13 जुलाई, 2026 को अरुणाचल प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश का अंदेशा जताया है। इन सभी राज्यों में भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकता हैं।
इन राज्यों के निचले इलाकों में जलभराव, छोटी नदियों और नालों के उफान पर आने तथा पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। लोगों से मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने की अपील की गई है।
कई राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा
आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह तथा जम्मू और कश्मीर व लद्दाख के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी गरज के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
समुद्र में न जाएं मछुआरे
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अरब सागर में हवा की गति 45 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे से लेकर 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अगले कुछ समय तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है।
तापमान भी कई राज्यों में सामान्य से ऊपर
देश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़, असम और मेघालय समेत कई राज्यों में अधिकतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस से ज्यादा, यानी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। रविवार, 12 जुलाई, 2026 को फालोदी, तिरुपति और मदुरै में 41 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
वहीं ओडिशा तथा तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति बनी रहने के आसार हैं। आंध्र प्रदेश के तटीय हिस्सों में हीटवेव यानी लू जैसी स्थिति भी देखने को मिल सकती है।
किसानों और आम लोगों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि जिन इलाकों में भारी बारिश के आसार हैं, वहां खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था रखें। बारिश के दौरान कीटनाशकों और उर्वरकों का छिड़काव न करें। तैयार फसलों की कटाई मौसम साफ रहने पर करें और उन्हें सुरक्षित स्थान पर रखें। पशुओं को सूखे और सुरक्षित स्थान पर रखें तथा उन्हें साफ पानी और पर्याप्त चारे की व्यवस्था उपलब्ध कराएं।
वहीं जिन इलाकों में बारिश कम हो रही है और गर्मी बनी हुई है, वहां किसान आवश्यकता के अनुसार सिंचाई करें और खेतों में नमी बनाए रखने के उपाय अपनाएं।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर लगातार नजर रखें। भारी बारिश वाले इलाकों में अनावश्यक यात्रा से बचें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। वहीं गर्मी वाले इलाकों में पर्याप्त पानी पीते रहें, धूप से बचें और तेज हवाओं के दौरान खुले में रखे सामान को सुरक्षित रखें।