मानसून अपडेट: राजस्थान व हिमाचल में बारिश का ऑरेंज, 15 से ज्यादा राज्यों में येलो अलर्ट जारी

मानसून सक्रिय, राजस्थान-हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; 15 से अधिक राज्यों में येलो अलर्ट, आंधी-बिजली और जलभराव को लेकर सतर्कता बरतने की सलाह
राजस्थान और हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा।
राजस्थान और हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • राजस्थान और हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने को कहा।

  • 15 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट, निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ा।

  • कई राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका, आकाशीय बिजली से बचने की लोगों को सलाह दी गई।

  • उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय, मानसून ट्रफ के प्रभाव से बारिश का दौर और तेज होने की संभावना।

  • किसानों को जल निकासी दुरुस्त रखने, सिंचाई और छिड़काव से बचने तथा तैयार फसल सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह।

देश के अधिकतर इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग की ओर से आज सुबह, 11 अगस्त, 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। वहीं, मानसून ट्रफ बीकानेर से उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश में बने कम दबाव के क्षेत्र, डाल्टनगंज और दीघा होते हुए बंगाल की खाड़ी के मध्य-पूर्वी हिस्से तक फैला हुआ है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल में पश्चिमी हवाओं के बीच एक ट्रफ के रूप में सक्रिय है। इसके कारण जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड तथा आसपास के पहाड़ी इलाकों में बादल, बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

राजस्थान और हिमाचल में भारी से बहुत भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आज, पूर्वी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, पंजाब, उत्तराखंड, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। मौसम विभाग ने यहां भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।

विभाग ने कहा है कि बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा भी बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को नदी, नाले और जलभराव वाले रास्तों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

कई राज्यों में आंधी और बिजली गिरने का खतरा

बारिश के साथ कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना, ओडिशा, मध्य प्रदेश, राजस्थान, झारखंड, तमिलनाडु और पुडुचेरी सहित कई राज्यों में गरज के साथ बिजली गिर सकती है।

कुछ राज्यों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर इमारतों के पास खड़े होने से बचना चाहिए। आकाशीय बिजली के समय घर के अंदर रहना सबसे सुरक्षित माना जाता है।

तापमान में उतार-चढ़ाव, कुछ राज्यों में सामान्य से ज्यादा गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, देश के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। असम और मेघालय तथा तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। वहीं असम और मेघालय, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक रिकॉर्ड किया गया।

कल, 10 अगस्त को देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के जैसलमेर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस असम के हाफलोंग में दर्ज हुआ। तापमान में इस तरह के उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को गर्म और उमस वाले इलाकों में पर्याप्त पानी पीने तथा दोपहर के समय धूप से बचने की सलाह दी गई है।

कई राज्यों में हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान भी देश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में 100 मिमी तक बारिश हुई। जम्मू में 80 मिमी, कटरा में 60 मिमी, पंजाब के अमृतसर में 50 मिमी और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई।

किसानों और आम लोगों के लिए सावधानी जरूरी

बारिश का दौर खेती के लिए फायदेमंद है, लेकिन भारी बारिश से फसलों को नुकसान भी हो सकता है। किसानों को खेतों में पानी जमा नहीं होने देने और जल निकासी की व्यवस्था रखने का सुझाव दिया गया है। भारी बारिश की आशंका वाले इलाकों में सिंचाई, खाद और कीटनाशक के छिड़काव से फिलहाल बचना बेहतर है। तैयार फसल, अनाज, बीज और कृषि सामग्री को सुरक्षित, ऊंचे और सूखे स्थान पर रखें। तेज हवाओं वाले इलाकों में केले, पपीते और सब्जियों की फसलों को सहारा दें।

आंधी और बिजली के दौरान पशुओं को खुले में न छोड़ें और किसान भी खेत में काम करने से बचें। आम लोगों को भारी बारिश में अनावश्यक यात्रा से बचना चाहिए। जलभराव वाले रास्तों और पुलों को पार न करें तथा घर की ढीली वस्तुओं को सुरक्षित रखें। बारिश के बावजूद उमस और गर्मी वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पानी पीते रहें और स्थानीय मौसम चेतावनियों का पालन करें।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in