मानसून अपडेट: 20 से ज्यादा राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर समेत 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश का पूर्वानुमान, गरज-चमक, तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी
आज असम-मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
आज असम-मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
Published on
सारांश
  • उत्तर प्रदेश पर बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय, 20 से अधिक राज्यों में भारी बारिश और गरज-चमक की आशंका।

  • दिल्ली-एनसीआर में येलो अलर्ट, आज कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका।

  • उत्तराखंड में लगातार बारिश से 173 सड़कें बंद, चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं को सतर्क रहने की सलाह।

  • हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से जनजीवन प्रभावित, रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा में ताजा बर्फबारी दर्ज।

  • किसानों को खेतों से पानी निकालने, तैयार फसल सुरक्षित रखने और बारिश के दौरान छिड़काव व सिंचाई टालने की सलाह।

देश के उत्तरी और पूर्वोत्तर हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग की और से आज सुबह, 11 जुलाई, 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर प्रदेश के उत्तरी मध्य हिस्सों पर बना कम दबाव का क्षेत्र अभी भी बना हुआ है। इससे जुड़े चक्रवाती परिसंचरण का विस्तार समुद्र तल से लगभग 5.8 किलोमीटर तक है। हालांकि इसके अगले 12 घंटों में धीरे-धीरे कमजोर पड़ने की संभावना है। इसके बावजूद कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रहने का अनुमान है।

दिल्ली-एनसीआर में भारी बारिश के आसार

दिल्ली-एनसीआर में आज शनिवार, 11 जुलाई, 2026 को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कई हिस्सों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। दिल्ली में 64.5 से 115.5 मिमी तक पानी बरस सकता है। देश की राजधानी में आज, अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में भारी बारिश का येलो अलर्ट

उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। देहरादून, नैनीताल, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में तेज बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका है। लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य में 173 सड़कें बंद होने की खबर है, जिनमें यमुनोत्री और गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग भी शामिल हैं। नदियां उफान पर हैं और प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

हिमाचल प्रदेश में बारिश और बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश में ऊंचाई वाले इलाकों रोहतांग, शिंकुला और बारालाचा में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों में भूस्खलन के कारण कई सड़कों पर यातायात बाधित हो गया है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश

मौसम विभाग के मुताबिक, आज असम और मेघालय, बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा आज, अरुणाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू और कश्मीर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादलों के बरसने के आसार हैं। विभाग की ओर से इन राज्यों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

गरज-चमक और तेज हवाओं का भी असर

आज, 11 जुलाई, 2026 को आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पूर्वी मध्य प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का अंदेशा है। वहीं बिहार, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। कई राज्यों में बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है

तापमान में बदलाव

देश के मैदानी इलाकों में 10 जुलाई, 2026 को सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजस्थान के श्रीगंगानगर में 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान असम के हाफलोंग में 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण कई राज्यों में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।

लोगों और किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने और बिजली चमकने के समय खुले स्थानों में न जाने की अपील की है। पर्वतीय इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन की आशंका को देखते हुए विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

किसानों को सलाह दी गई है कि जिन फसलों की कटाई तैयार है, उन्हें जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दें। खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था बनाए रखें और बारिश के दौरान सिंचाई, उर्वरक तथा कीटनाशकों का छिड़काव फिलहाल टाल दें। पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें और लगातार मौसम विभाग की ताजा चेतावनियों पर नजर बनाए रखें। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए अहम रहेंगे और लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in