कम दबाव का असर: राजस्थान व गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल

कम दबाव यानी लो प्रेशर व मानसून की सक्रियता के चलते गुजरात-राजस्थान में भारी बारिश के आसार, दिल्ली समेत कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बादल बरसेंगे
गुजरात में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 115.6 से 204.4 मिमी तक हो सकती है बारिश, राजस्थान व मध्य प्रदेश भारी वर्षा का येलो अलर्ट, 64.5 से 115.5 मिमी तक बादलों के बरसने के पूर्वानुमान।
गुजरात में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, 115.6 से 204.4 मिमी तक हो सकती है बारिश, राजस्थान व मध्य प्रदेश भारी वर्षा का येलो अलर्ट, 64.5 से 115.5 मिमी तक बादलों के बरसने के पूर्वानुमान।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • गुजरात में बहुत भारी बारिश का अलर्ट, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी कई जगह बादलों के बरसने का पूर्वानुमान।

  • दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और चंडीगढ़ में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं।

  • कम दबाव का क्षेत्र अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए दक्षिणी राजस्थान और उत्तरी गुजरात पहुंचेगा।

  • आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और तमिलनाडु में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

  • किसानों को कटी फसल सुरक्षित रखने, जल निकासी सुनिश्चित करने और बिजली चमकने के दौरान खुले खेतों में जाने से बचने की सलाह।

देश के कई इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग की ओर से आज सुबह, 14 सितंबर, 2026 को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब दक्षिण-पूर्वी राजस्थान तथा उससे सटे गुजरात और दक्षिण-पश्चिम मध्य प्रदेश तक पहुंच गया है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे में इस प्रणाली के पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए दक्षिणी राजस्थान और उत्तरी गुजरात की ओर जाने का अनुमान है।

इस मौसम प्रणाली के साथ एक चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। यह समुद्र तल से करीब 5.8 किमी की ऊंचाई तक फैला है और ऊंचाई बढ़ने के साथ दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है। इसके प्रभाव से राजस्थान, गुजरात और आसपास के कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश की गतिविधियां बढ़ने का पूर्वानुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय

पश्चिमी विक्षोभ इस समय मध्य वायुमंडल में एक ट्रफ के रूप में मौजूद है। इसका असर जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व आसपास के इलाकों में देखने को मिल सकता है। इन राज्यों में बादल छाने, गरज-चमक और बारिश की गतिविधियां हो सकती हैं।

मानसून की सक्रियता के साथ पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों के मौसम पर भी पड़ सकता है। इन इलाकों में बादल छाने और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।

गुजरात में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने आज 14 सितंबर, 2026 को गुजरात के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अंदेशा जताया है। विभाग के द्वारा गुजरात में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

वहीं आज, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। राजस्थान के कुछ इलाकों में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी आशंका जताई गई है। विभाग ने इन दोनों राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

कम दबाव के क्षेत्र के आगे बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में निचले इलाकों में पानी भरने और सड़कों पर यातायात प्रभावित होने के आसार हैं।

कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना

पूर्वोत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत तक कई राज्यों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में भारी बारिश की संभावना है। केरल, माहे, मध्य महाराष्ट्र, ओडिशा, तेलंगाना और तमिलनाडु-पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में भी बारिश के आसार

राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों के लिए भी मौसम विभाग ने बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा गरज-चमक के साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का भी अंदेशा जताया गया है।

दिल्ली-एनसीआर में मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है, जबकि आसपास के इलाकों में हल्की बारिश या केवल बादल छाने की स्थिति रह सकती है। बारिश के दौरान बिजली चमकने के भी आसार हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

कई राज्यों में आंधी और बिजली का खतरा

मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं का अंदेशा जताया है। आंध्र प्रदेश, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, बिहार, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम समेत कई राज्यों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, छत्तीसगढ़, गुजरात और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने और गरज-चमक की आशंका है।

श्रीगंगानगर में 39.9 डिग्री तापमान

बारिश की गतिविधियों के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर बना हुआ है। 13 सितंबर, 2026 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस असम के हाफलोंग में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, उत्तर भारत के कई इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश तथा जम्मू और कश्मीर समेत कई राज्यों में रात का तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया।

पिछले 24 घंटे में कहां कितने बरसे बादल?

पिछले 24 घंटे में देश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। तेलंगाना के हैदराबाद में 90 मिमी, मुंबई के सांताक्रूज में 90 मिमी, गुजरात के अहमदाबाद में 60 मिमी और देहरादून के मोकाामपुर में 50 मिमी बारिश दर्ज की गई।

लोगों और किसानों के लिए सुझाव

बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए लोगों को मौसम खराब होने पर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए। वाहन चलाते समय सावधानी रखें और जलभराव वाले रास्तों से बचें।

किसानों को खेतों में सिंचाई और कीटनाशक का छिड़काव मौसम देखकर ही करना चाहिए। कटी हुई फसल को सुरक्षित और ढककर रखें, ताकि बारिश से नुकसान न हो। खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करें। बिजली चमकने के दौरान किसान खुले खेतों में काम न करें और सुरक्षित स्थान पर रहें। पशुओं को भी खुले मैदान से हटाकर सुरक्षित स्थान पर रखें।

अगले 24 घंटे अहम

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे राजस्थान और गुजरात की ओर बढ़ रहा कम दबाव का क्षेत्र कई इलाकों के मौसम को प्रभावित करेगा। इसके साथ मानसून ट्रफ भी सक्रिय है। ऐसे में देश के कई इलाकों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की गतिविधियां जारी रहने के आसार हैं।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in