पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश, कुछ में ऑरेंज तो कई राज्यों में येलो अलर्ट

दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान में सक्रिय डिप्रेशन के कारण भारत के कुछ राज्यों में मानसून ने पकड़ी रफ्तार।
बिहार, ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना समेत कई राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी।
बिहार, ओडिशा, केरल, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना समेत कई राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी।
Published on
Summary
  • 🌀 डिप्रेशन का असर – दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान के ऊपर बना डिप्रेशन अगले 6 घंटे तक सक्रिय रहेगा, उसके बाद कमजोर होकर अरब सागर की ओर बढ़ेगा।

  • 🟠 ऑरेंज अलर्ट (भारी से बहुत भारी बारिश) – उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश के आसार।

  • 🟡 येलो अलर्ट (भारी बारिश) – बिहार, ओडिशा, असम-मेघालय, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, तेलंगाना समेत कई राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश का पूर्वानुमान।

  • 🌡️ दिल्ली में उमस भरी गर्मी – राजधानी दिल्ली और एनसीआर में बारिश की संभावना नहीं, धूप और उमस से तापमान सामान्य से अधिक।

  • 🚨 जरूरी सावधानियां – जलभराव, भूस्खलन, बाढ़ और फसलों को नुकसान की आशंका, यात्रा व खेती में विशेष सतर्कता बरतें।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 सितंबर, 2025 के लिए मौसम का ताजा पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान के ऊपर बना डिप्रेशन अब पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर बढ़ रहा है और इसका असर भारत के कई हिस्सों में साफ तौर पर देखने को मिलेगा। विशेषकर पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी भारत, मध्य भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पूर्व पाकिस्तान और उसके आसपास के क्षेत्रों में बना डिप्रेशन अगले छह घंटों तक अपनी मौजूदा तीव्रता यानी डिप्रेशन के रूप में कायम रहेगा। इसके बाद यह धीरे-धीरे कमजोर पड़कर कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) में तब्दील होकर अगले छह घंटे बाद उत्तर-पूर्वी अरब सागर में प्रवेश करेगा।

डिप्रेशन की वजह से मानसून की सक्रियता कई इलाकों में बढ़ गई है। साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है। इन सभी मौसमी गतिविधियों के कारण देश के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश, वज्रपात और आंधी-तूफान के आसार हैं।

मौसमी गतिविधियों के चलते आज, 10 सितंबर, 2025 को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान है, साथ ही विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज भी जारी किया है।

वहीं आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना में गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है तथा 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं।

मौसम विभाग की मानें तो आज, 10 सितंबर 2025 को अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, आंतरिक कर्नाटक, झारखंड, केरल और माहे, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश के साथ-साथ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-तूफान और बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है।

जबकि आज, आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तथा उत्तराखंड में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा वज्रपात होने की आशंका जताई गई है।

वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे एनसीआर में बारिश पर लगाम लगने से उमस भरी गर्मी बढ़ गई है। तेज धूप खिलने की वजह से तापमान भी तेजी से बढ़ रहा है। दिल्ली में तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। कल शहर का अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम है।

दिल्ली में बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है, यानी शहर को ग्रीन जोन में रखा गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखें तो आने वाले दिनों में भी दिल्ली में बारिश होने की संभावना नहीं दिख रही है। तापमान की बात करें तो आज दिल्ली में अधिकतम तापमान के 35 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का पूर्वानुमान है। माना जा रहा है कि दिल्ली में अब मानसून की विदाई का वक्त आ गया है।

जरूरी सावधानियां: क्या करें, क्या न करें?

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी से बहुत भारी बारिश के कारण कई तरह की दिक्कतें आ सकती हैं। जिनमें शहरी क्षेत्रों में सड़कों पर जलभराव और अंडरपास का बंद होना। ट्रैफिक जाम और यात्रा में देरी। दृश्यता कम होने से वाहन चलाने में परेशानी और दुर्घटनाओं का खतरा। कच्ची सड़कों को नुकसान।कमजोर संरचनाओं को आंशिक नुकसान पहुंच सकता है।

जबकि कुछ इलाकों में भूस्खलन, मिट्टी धंसने और जमीन खिसकने की आशंका जताई गई। खेतों में पानी भरने से धान और अन्य फसलों को नुकसान हो सकता है। नदी घाटियों में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसी स्थिति आ सकती है। लोगों और किसानों को सलाह देते हुए विभाग ने कहा है कि यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक और मौसम की जानकारी लें। पानी भरने वाले इलाकों में जाने से बचें। कमजोर और पुराने मकानों में ठहरने से परहेज करें। बिजली कड़कने के समय पेड़ के नीचे न खड़े हों और मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल न करें।

जबकि पश्चिम बंगाल के तराई क्षेत्रों के किसान धान और सब्जियों (मिर्च, करेला, परवल, भिंडी, बैंगन आदि) के खेतों से अतिरिक्त पानी निकालने की व्यवस्था करें। निचले इलाकों में फसलों को सुरक्षित करने के लिए नालियों की सफाई करें। पशुओं को ऊंचे स्थानों पर रखें और उनके लिए चारे-पानी का इंतजाम करें।

सितंबर का यह दौर मानसून के लिहाज से बेहद अहम है। वर्तमान डिप्रेशन और अन्य मौसमीय प्रणालियों के कारण भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो रही है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों मंन भारी बारिश से बाढ़ और भूस्खलन जैसी स्थिति बन सकती है। ऐसे में जरूरी है कि लोग सतर्क रहें, यात्रा में सावधानी बरतें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। किसानों को भी चाहिए कि वे फसल और पशुओं की सुरक्षा के लिए समय रहते उचित कदम उठाएं।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, नौ सितंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश के कावली में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में महाराष्ट्र के नासिक में न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल, नौ सितंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश के कावली में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कल, नौ सितंबर, 2025 को आंध्र प्रदेश के कावली में अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।स्रोत: भारत मौसम विज्ञान विभाग

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, नौ सितंबर, 2025 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर इलाकों, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, उत्तराखंड, असम और मेघालय, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, पश्चिम मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, झारखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई।

वहीं कल, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, पश्चिम राजस्थान, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, बिहार, विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, सौराष्ट्र और कच्छ और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, नौ सितंबर, 2025 को पश्चिम मध्य प्रदेश के भोपाल-अरेरा हिल्स में 3 सेमी, बिहार के पूर्णिया में 3 सेमी, छत्तीसगढ़ के पेंड्रा रोड में 3 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के सागर में 3 सेमी, छिंदवाड़ा में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के लॉन्ग आइलैंड और कार निकोबार प्रत्येक जगह 2 सेमी, असम और मेघालय के उत्तरी लखीमपुर 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in