
राजधानी दिल्ली और इससे सटे इलाकों में आसमान में बादलों की लुका-छुपी जारी है, यहां तापमान में भी गिरावट देखने को मिली है। आठ जुलाई को दिल्ली का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
जबकि आज, यानी नौ जुलाई, 2025 को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 34 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 24 घंटे में तापमान में और भी गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग के ताजा अपडेट में कहा गया है कि पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों पर कम दबाव का क्षेत्र जारी है। कम दबाव के इलाकों से मानसूनी ट्रफ गुजर रही है। साथ ही देश के अलग-अलग इलाकों में हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है।
इन मौसमी गतिविधियों के चलते आज, नौ जुलाई, 2025 को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में बिजली कड़कने तथा गरज के साथ बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, इन सभी राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
वहीं आज, छत्तीसगढ़, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, साथ ही वज्रपात होने का भी अंदेशा जताया गया है, इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।
मौसम विभाग की मानें तो आज, तटीय कर्नाटक, गुजरात, झारखंड, केरल और माहे, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तेलंगाना तथा पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने, तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है, यहां बादलों के 64.5 से 115.5 मिमी तक बरसने के आसार हैं।
वहीं आज, बिहार, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, राजस्थान और पश्चिम मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार आज, नौ जुलाई, 2025 को तटीय आंध्र प्रदेश, आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, सौराष्ट्र और कच्छ तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग इलाकों में तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं।
कहां-कहां है अचानक बाढ़ व जलभराव का अंदेशा?
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश के अशोकनगर, गुना, ग्वालियर, रायसेन, श्योपुर, शिवपुरी और होशंगाबाद जिले, तथा पूर्वी मध्य प्रदेश के अनूपपुर, बालाघाट, छतरपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, डिंडोरी, जबलपुर, कटनी, मंडला, नरसिम्हापुरा, निवाड़ी, पन्ना, सागर, सिवनी, शहडोल, सिंगरौली, टीकमगढ़ और उमरिया जिलों में जलभराव व अचानक बाढ़ आने की आशंका जताई गई है।
इसी दौरान विदर्भ से सटे भंडारा और गोंदिया जिलों तथा छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार, बेमेतरा, बिलासपुर, दुर्ग, जांजगीर-चांपा, जशपुर, कोरबा, महासमुंद, मुंगेली, रायगढ़, रायपुर, राजनांदगांव और सरगुजा जिलों में अचानक बाढ़ व जलभराव का अंदेशा जताया गया है।
इसके अलावा मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान उपरोक्त राज्यों के निचले इलाकों में जलभराव व मिट्टी धंसने की भी आशंका जताई गई है।
मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
कम दबाव के चलते आज, सोमालिया, ओमान और इससे सटे यमन तटों, पश्चिम-मध्य अरब सागर के अधिकतर इलाकों, पूर्व-मध्य अरब सागर के कई हिस्सों, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के उत्तरी इलाकों, मन्नार की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में इजाफा होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।
वहीं आज, दक्षिण गुजरात और उससे सटे उत्तर गुजरात के तटों, कोंकण और गोवा, कर्नाटक के तटों और आसपास के समुद्री इलाकों, उत्तर-पूर्व अरब सागर के कुछ दक्षिणी हिस्सों, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों, उत्तरी आंध्र प्रदेश तट, ओडिशा तट से सटे, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की दर तक पहुंचने के आसार हैं।
उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने या किसी भी अन्य तरह की गतिविधि से दूर रहने की चेतावनी जारी की है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, आठ जुलाई, 2025 को तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में मध्य प्रदेश के खंडवा, नरसिंहपुर और महाराष्ट्र के माथेरान में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल, आठ जुलाई, 2025 को विदर्भ के नागपुर-सोनेगांव हवाई अड्डे में 17 सेमी, असम और मेघालय के चेरापूंजी में 6 सेमी, झारखंड के जमशेदपुर में 5 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कैलाशहर में 4 सेमी, अगरतला में 3 सेमी, पश्चिमी राजस्थान के श्रीगंगानगर में 4 सेमी, पश्चिम उत्तर प्रदेश के झांसी में 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के ओंगोल में 3 सेमी बारिश दर्ज की गई।
वहीं कल, छत्तीसगढ़ के रायपुर-लालपुर में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में 2 सेमी, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के चेन्नई में 2 सेमी, तटीय कर्नाटक के मैंगलोर में 2 सेमी, केरल और माहे के कोझिकोड और कन्नानोर प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।