तमिलनाडु, पुडुचेरी व कराईकल में मूसलधार बारिश की चेतावनी, उत्तर में शुष्क मौसम  

उत्तर-पूर्व मानसून सक्रिय, दक्षिण भारत में बहुत भारी बारिश की चेतावनी तथा उत्तर भारत में शुष्क मौसम और बढ़ती ठंड के संकेत।
केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
Published on
सारांश
  • उत्तर-पूर्व मानसून की शुरुआत से तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कराईकल में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट।

  • आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में भारी बारिश की संभावना, येलो अलर्ट जारी।

  • केरल, कर्नाटक, ओडिशा, तेलंगाना समेत कई राज्यों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं।

  • उत्तर भारत में मौसम शुष्क, दिल्ली-एनसीआर में ठंड की शुरुआत और वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी।

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 16 अक्टूबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों में देश के बाकी हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून  पूरी तरह विदा लेने वाला है। इसके साथ ही, दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्व मानसून की शुरुआत हो चुकी है, जिससे तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और केरल में बारिश की गतिविधियों में तेजी आती दिख रही है।

साथ ही देश के विभिन्न हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है। जिसके चलते देश के कुछ हिस्सों में मौसम का रुख बदल सकता है, बूंदाबांदी से लेकर भारी बारिश तक हो सकती है।

उत्तर-पूर्व मानसून व उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते आज, 16 अक्टूबर, 2025 को केरल और माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक  बारिश हो सकती है।

जबकि आज, आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है।  

आंधी-तूफान व वज्रपात के आसार

मौसम विभाग की मानें तो आज, 16 अक्टूबर, 2025 को बारिश के साथ-साथ केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, ओडिशा, तेलंगाना और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में  30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

जबकि मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़े तथा वज्रपात के आसार भी जताए गए हैं।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सुबह-शाम हल्की ठंड का अहसास होने लगा है। हालांकि दिन में धूप के खिलने से तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। हवा की रफ्तार में कमी के चलते वायु प्रदूषण बढ़ गया है, जो कि चिंता का विषय है।

वहीं विभाग ने आज, 16 अक्टूबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान के 31 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 19 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान लगाया है। विभाग ने दिल्ली-एनसीआर को हरी श्रेणी में रखा है, जिसका मतलब है कि यहां बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।

मौसम विभाग की मानें तो आज, जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने का पूर्वानुमान है। इससे तापमान के और गिरने के आसार हैं साथ ही ठंड के सितम के और बढ़ने की आशंका है।

देश में मौसम का परिवर्तनकाल चल रहा है। एक ओर मानसून की विदाई हो रही है, वहीं दक्षिण भारत में उत्तर-पूर्वी मानसून सक्रिय हो रहा है। आने वाले दिनों में खासकर दक्षिण भारत में भारी बारिश और समुद्र में तूफानी हालात बन सकते हैं।

मछुआरों को समुद्र में न जाने की चेतावनी

आज, केरल तट, लक्षद्वीप, मालदीव, कोमोरिन के इलाकों और मन्नार की खाड़ी में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं में और इजाफा होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है। विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 15 अक्टूबर, 2025 को राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में राजस्थान के नागौर में न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 15 अक्टूबर, 2025 को मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे तथा लक्षद्वीप के कई इलाकों में बारिश हुई  या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, 15 अक्टूबर, 2025 को तेलंगाना के हनमकोंडा में 1 सेमी, आंध्र प्रदेश के नेल्लोर में 1 सेमी, कोंकण-रत्नागिरी में 1 सेमी, महाराष्ट्र के महाबलेश्वर और सांगली हर जगह 1 सेमी तथा तमिलनाडु के कडलूर में 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in