
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज सुबह तीन सितंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान में अगले कुछ दिनों के लिए देशभर के कुछ हिस्सों में भयंकर बारिश तथा कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, आंधी-तूफान व बिजली गिरने और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र लगातार सक्रिय है, जिसके कारण बारिश का दौर तेज हो सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में कम दबाव के क्षेत्र के और ज्यादा सक्रिय होने के आसार हैं। उसके बाद पश्चिम-उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए ओडिशा के ऊपर से गुजरेगा। इसी कारण से ओडिशा और आसपास के राज्यों में तेज बारिश की आशंका जताई गई है।
कम दबाव के साथ-साथ अन्य मौसमी गतिविधियां भी सक्रिय हैं, जिसमें मानसून ट्रफ देश के विभिन्न हिस्सों से गुजरते हुए बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। ऊपरी हवा में चक्रवातीय प्रसार हरियाणा और आसपास के इलाकों में जारी है। साथ ही पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी स्तरों पर एक ट्रफ के रूप में बना हुआ है।
किन राज्यों में होगी भारी बारिश ?
उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते आज, तीन सितंबर, 2025 को हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, ओडिशा और उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में गरज के साथ भारी से बहुत भारी वर्षा तथा कुछ हिस्सों में भीषण बारिश होने की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि यहां 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।
मौसमी गतिविधियों का असर आज, छत्तीसगढ़, पूर्वी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पंजाब और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में भी दिखाई देगा। इन सभी राज्यों में बिजली कड़कने तथा गरज के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है, यहां बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी है।
वहीं आज, तीन सितंबर, 2025 को असम और मेघालय, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने के आसार हैं। इन सभी राज्यों के लिए बारिश का येलो अलर्ट तथा यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
आंधी-तूफान और बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग की मानें तो आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बौछारें पड़ने और वज्रपात का अंदेशा जताया गया है। वहीं आज, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में तेज सतही हवाएं चलने का अनुमान लगाया गया है।
इन राज्यों में अचानक बाढ़ व जलभराव की चेतावनी
मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह जारी पूर्वानुमान में कहा गया है कि अगले 24 घंटों के दौरान हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, शिमला और सिरमौर जिलों तथा उत्तराखंड के देहरादून, उत्तरकाशी, टेहरी गढ़वाल और रुद्रप्रयाग जिलों में जलभराव व अचानक बाढ़ आने का अंदेशा जताया गया है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। निचले इलाकों में पानी भरने की आशंका है। ऐसे में लोग अनावश्यक यात्रा से बचें, बिजली-तूफान के दौरान खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित जगह पर शरण लें। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखें।
कुल मिलाकर, अगले दो से तीन दिन देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा। कहीं भारी बारिश तो कहीं आंधी-तूफान की स्थिति देखने को मिलेगी। लोगों को सतर्क रहने और मौसम विभाग के ताजा अपडेट पर नजर रखने की जरूरत है।
तापमान में उतार-चढ़ाव
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, तीन सितंबर, 2025 को तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हिमाचल प्रदेश के ऊना में न्यूनतम तापमान 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा।
कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, दो सितंबर, 2025 को जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख, कोंकण और गोवा, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, उत्तराखंड, ओडिशा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अधिकतर इलाकों, पश्चिम उत्तर प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, तटीय कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।
वहीं कल, रायलसीमा, तेलंगाना, मराठवाड़ा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पूर्वी राजस्थान, बिहार, केरल और माहे, पश्चिम राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम मध्य प्रदेश तथा असम और मेघालय के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।
कल कहां कितने बरसे बादल?
कल, दो सितंबर, 2025 को कटरा में 19 सेमी, बटोटे में 16 सेमी, भद्रवाह में 10 सेमी, बनिहाल में 9 सेमी, जम्मू में 8 सेमी, काजीगुंड और कोकेरनाग प्रत्येक जगह 7 सेमी, पहलगाम में 6 सेमी, श्रीनगर- शहर में 3 सेमी, छत्तीसगढ़ के पेंड्रा रोड में 7 सेमी, बिलासपुर में 4 सेमी, रायपुर-लालपुर में 3 सेमी, अंबिकापुर में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर में 6 सेमी, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अंबाला में 6 सेमी, नई दिल्ली-सफदरजंग में 2 सेमी, कोंकण और गोवा के रत्नागिरी में 6 सेमी, तटीय कर्नाटक के मैंगलोर में 5 सेमी बारिश रिकॉर्ड दर्ज की गई।
वहीं कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों के दीघा में 4 सेमी, ओडिशा के भुवनेश्वर में 4 सेमी, बालासोर में 2 सेमी, उत्तराखंड के देहरादून-मोहकमपुर में 4 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कलिंगपटनम में 3 सेमी, पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर में 3 सेमी, पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच में 3 सेमी, पश्चिम मध्य प्रदेश के भोपाल-अरेरा हिल्स में 2 सेमी, पंजाब के चंडीगढ़ में 2 सेमी, बिहार के पूर्णिया में 2 सेमी, झारखंड के जमशेदपुर और डाल्टनगंज प्रत्येक जगह 2 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कैलाशहर में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।
🏔️ हिमाचल प्रदेश
🏔️ जम्मू-कश्मीर
🏔️ लद्दाख
🌄 गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद
🌊 ओडिशा
🏞️ उत्तराखंड
🌾 छत्तीसगढ़
🏜️ पूर्वी राजस्थान
🏝️ गुजरात
🌆 हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़
🏖️ कोंकण और गोवा
🏭 मध्य महाराष्ट्र
🌳 मध्य प्रदेश
🌾 पंजाब
🌾 विदर्भ
🌄 असम व मेघालय
🌊 तटीय आंध्र प्रदेश
🏖️ तटीय कर्नाटक
🌴 केरल व माहे
🌾 मराठवाड़ा
🌲 नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा
🌿 दक्षिण आंतरिक कर्नाटक
⚡ तेलंगाना
🌾 पश्चिम बंगाल व सिक्किम
🏞️ पश्चिम उत्तर प्रदेश
🏔️ हिमाचल: चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, किन्नौर, शिमला, सिरमौर
🏔️ उत्तराखंड: देहरादून, उत्तरकाशी, टेहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग