नेपाल में आई बाढ़ से बिहार में बढ़ा खतरा, विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश का अंदेशा जताया

नेपाल की बाढ़ से बिहार में नदियों के जलस्तर बढ़ने का खतरा, कई राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट; आंधी, बिजली व जलभराव को लेकर मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा, गंडक और गंगा का जलस्तर में बढ़ोतरी, निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह।
बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा, गंडक और गंगा का जलस्तर में बढ़ोतरी, निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह।फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • बिहार में बाढ़ का खतरा बढ़ा, गंडक और गंगा का जलस्तर में बढ़ोतरी, निचले इलाकों में रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह।

  • कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, झारखंड, बिहार समेत पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश का पूर्वानुमान।

  • ओडिशा समेत कई राज्यों में आंधी का खतरा, गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका बनी।

  • दिल्ली-एनसीआर में बादल और हल्की बारिश, तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की संभावना, उमस से मामूली राहत।

  • किसानों और आम लोगों को सावधानी की सलाह, जलभराव वाले इलाकों से दूर रहने, बिजली चमकने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें।

देश के कई इलाकों में दक्षिण-पश्चिम मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 27 अगस्त, 2026 को दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में बना कम दबाव का क्षेत्र वहीं बना हुआ है। इसके साथ ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। मौसम की यह स्थिति आने वाले दिनों में कई राज्यों में गरज-चमक व बारिश को बढ़ा सकती है।

मानसून की ट्रफ भी उत्तर भारत से होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है। इसके कारण उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और आसपास के राज्यों में बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। उत्तर हरियाणा और इससे सटे इलाकों की ऊंचाई पर बना पश्चिमी विक्षोभ अब कमजोर पड़ गया है। लेकिन अब इसका प्रभाव पहले की तुलना में कम हो गया है।

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

सक्रिय मानसून व कम दबाव के चलते मौसम विभाग ने कई राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, ओडिशा, केरल, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाकों और सिक्किम में भी बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है। विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

नेपाल की बाढ़ से बिहार में बढ़ी चिंता

नेपाल में आई बाढ़ का असर बिहार में भी देखने को मिल रहा है, यहां कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है जिससे यहां भी बाढ़ का खतरा गहरा गया है। गंडक नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जबकि गंगा नदी भी कई जिलों में खतरे के निशान के आसपास बह रही है। कई इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

गंडक नदी वाल्मीकिनगर के पास बिहार में प्रवेश करती है। यहां स्थित वाल्मीकिनगर बैराज काफी अहम है। नदी का जलस्तर बढ़ने पर इसके आसपास के इलाकों पर दबाव बढ़ सकता है। पश्चिम चंपारण के साथ-साथ पूर्वी चंपारण, गोपालगंज और सीवान के निचले इलाकों में भी बाढ़ और कटाव का खतरा बना हुआ है।

गंडक नदी आगे चलकर सारण जिले से गुजरती है और हाजीपुर के पास गंगा नदी में मिलती है। इसलिए छपरा और आसपास के इलाकों में भी नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखना जरूरी है। पानी बढ़ने पर निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो सकती है

प्रशासन की ओर से नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। लोगों को बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। पशुओं को भी सुरक्षित स्थान पर रखने की व्यवस्था पहले से करना बेहतर होगा।

दिल्ली-एनसीआर में बादल और हल्की बारिश

दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह से दोपहर के बीच कई जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। दक्षिण-पूर्व दिशा से पांच से 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। बारिश होने से गर्मी और उमस में थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

आंधी और बिजली गिरने का खतरा

मौसम विभाग ने कई राज्यों में गरज-चमक के साथ आंधी की चेतावनी भी दी है। बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के आसार हैं।

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं।

कहां रहा तापमान सामान्य से अधिक?

मौसम विभाग के अनुसार, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम-त्रिपुरा, बिहार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और सौराष्ट्र-कच्छ के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.1 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।

26 अगस्त, 2026 को देश के मैदानी इलाकों में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस राजस्थान के श्रीगंगानगर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस असम के हाफलोंग में रिकॉर्ड किया गया।

कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, बुधवार सुबह 8:30 बजे से गुरुवार सुबह 5:30 बजे तक देश के कुछ इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बिहार के भागलपुर जिले में 80 मिमी, झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में 70 मिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में 60 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

किसानों को विशेष सावधानी

बारिश के दौर में किसानों को खेतों में पानी की निकासी का उचित इंतजाम करने की सलाह दी गई है। निचले खेतों में पानी जमा होने से फसल को नुकसान हो सकता है। इसलिए नालियों और पानी निकलने के रास्तों को साफ रखें। तेज बारिश, हवा और बिजली चमकने के दौरान खेत में काम करने से बचें। मौसम साफ होने के बाद ही जरूरी कृषि कार्य करें। बारिश और तेज हवा के समय खाद व कीटनाशक का छिड़काव न करें।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

तेज बारिश के दौरान लोगों को नदी, नाले, तालाब और जलभराव वाले इलाकों से दूर रहना चाहिए। बिजली चमकने पर पेड़ के नीचे खड़े होने के बजाय सुरक्षित पक्की जगह पर रहें। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोग जरूरी सामान, पीने का पानी और दवाइयां पहले से तैयार रखें। प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें। अफवाहों पर ध्यान न दें। अगले कुछ दिनों में बारिश और आंधी की आशंका को देखते हुए सभी लोग सतर्क रहें।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in