कई राज्यों में आंधी-बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट, मुंबई में जलभराव

गर्मी से मिलेगी राहत, जून अंत तक दिल्ली पहुंचेगा मानसून, कोंकण-गोवा व महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट, 18 से अधिक राज्यों में गरज-चमक, बौछारें, आंधी की चेतावनी
मुंबई में मानसून की एंट्री के साथ ही भारी बारिश का दौर शुरू कई इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित। आज भी मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट।
मुंबई में मानसून की एंट्री के साथ ही भारी बारिश का दौर शुरू कई इलाकों में जलभराव से यातायात प्रभावित। आज भी मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट।
Published on
सारांश
  • जून अंत तक दिल्ली पहुंचेगा मानसून, कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट, गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद।

  • मुंबई में मानसून की जोरदार एंट्री, भारी बारिश से जलभराव, कोंकण-गोवा में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी।

  • 18 से अधिक राज्यों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने को कहा।

  • कर्नाटक, महाराष्ट्र, ओडिशा, असम और मेघालय में भारी बारिश का अलर्ट, निचले इलाकों में जलभराव की आशंका।

  • बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और विदर्भ में लू का असर जारी, मानसून बढ़ने से जल्द राहत मिलने की संभावना।

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के द्वारा आज सुबह, 24 जून, 2026 को जारी रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और जून के अंत तक दिल्ली, पंजाब, हरियाणा तथा उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में पहुंच सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी और मध्य भारत में मानसून की गतिविधियां लगातार मजबूत हो रही हैं, जिससे आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल सकता है।

उत्तर भारत में बढ़ी प्री-मानसून गतिविधियां

पश्चिमी विक्षोभ और देश के कुछ हिस्सों में जारी ऊपरी हवाओं के चक्रवाती प्रसार के चलते दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में इन दिनों प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हैं। कई जगहों पर बादल छाने, गरज-चमक होने और हल्की बारिश तथा बौछारें पड़ने की संभावना है।

मौसम विभाग ने आज, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। इन राज्यों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

वहीं आज, 24 जून, 2026 को दिल्ली-एनसीआर में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। राजधानी में आज अधिकतम तापमान के 39 से 41 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान के 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

कई राज्यों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा

देश के विभिन्न हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम सक्रिय बना रहेगा। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, कोंकण-गोवा, लक्षद्वीप तथा अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं। वहीं कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना तथा पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं और बारिश का अनुमान लगाया गया है।

पूर्वोत्तर के राज्यों असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बिजली चमकने और बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। आज, कोंकण और गोवा के अधिकतर इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। विभाग ने इन राज्यों के कुछ हिस्सों में ऑरेंज तथा कुछ में रेड अलर्ट जारी किया है। कुल मिलाकर यहां 204.5 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल, जिससे जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने का खतरा बना हुआ है।

वहीं आज, तटीय कर्नाटक और मध्य महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भर सकता है और जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

इसके अलावा असम और मेघालय, आंतरिक कर्नाटक, ओडिशा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। यहां भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक पानी बरस सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है।

मुंबई में मानसून की जोरदार एंट्री

महाराष्ट्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में मानसून की एंट्री के साथ ही भारी बारिश का दौर शुरू हो गया है। 23 जून की रात हुई तेज बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। कई सड़कों पर पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आज भी मध्य महाराष्ट्र में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।

तेजी से आगे बढ़ रहा मानसून

मौसम विभाग की मानें तो अगले दो से तीन दिनों में मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इसके बाद झारखंड और बिहार के शेष हिस्सों तथा उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में मानसून के पहुंचने की संभावना है।

मानसून की यह प्रगति कृषि क्षेत्र के लिए काफी महत्वपूर्ण है। समय पर बारिश होने से खरीफ फसलों की बुवाई में तेजी आएगी और किसानों को राहत मिलेगी।

स्रोत : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)

तापमान में गिरावट के आसार

मध्य भारत में अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र में तापमान तीन से पांच डिग्री तक कम हो सकता है। हालांकि देश के अन्य हिस्सों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।

कल, 23 जून 2026 को उत्तर प्रदेश के बांदा में 43.8 डिग्री सेल्सियस के साथ देश का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। दूसरी ओर असम के हाफलोंग में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

हीटवेव का प्रकोप बरकरार

बारिश की गतिविधियां बढ़ने के बावजूद बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ के कुछ हिस्सों में हीटवेव या लू की स्थिति बनी रह सकती है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

झारखंड के कुछ इलाकों में गर्म रातों की स्थिति भी बनी रह सकती है, जिससे लोगों को रात के समय भी गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।

किसानों और आम लोगों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने किसानों को मौसम की जानकारी के अनुसार कृषि कार्य करने की सलाह दी है। भारी बारिश वाले राज्यों में खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने को कहा गया है। तेज हवाओं और बिजली गिरने की आशंका के दौरान खेतों में काम करने से बचने की सलाह दी गई है।

आम लोगों से भी खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई है। गरज-चमक के समय खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। भारी बारिश वाले क्षेत्रों में जलभराव वाले रास्तों से बचने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

देशभर में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण सावधानी बरतना भी जरूरी होगा।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in