बंगाल की खाड़ी में नया दबाव का खतरा, जानिए कहां हो सकती है भारी बारिश

आज, 25 सितंबर, 2025 को छत्तीसगढ़ और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
आज छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
आज छत्तीसगढ़ और विदर्भ में 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।
Published on
Summary
  • दक्षिण-पश्चिम मानसून ने उत्तर-पश्चिम भारत (पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान आदि) से विदाई, अगले दो से तीन दिनों में मध्य और उत्तर भारत के बाकी हिस्सों से भी मानसून लौट सकता है।

  • पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक नया चक्रवातीय प्रणाली हुई सक्रिय, यह 26 सितंबर को डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है और 27 सितंबर को दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तट से टकरा सकता है।

  • छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, यहां आज 115.6 से 204.4 मिमी तक पानी बरस सकता है।

  • देश के कई हिस्सों में येलो अलर्ट और तूफानी हवाएं, केरल, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, नागालैंड समेत कई राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

सितंबर का अंत नजदीक आ रहा है और दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे देश के विभिन्न हिस्सों से वापसी कर रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज, 25 सितंबर, 2025 को मौसम संबंधी अहम जानकारियां जारी की हैं। जिसमें मानसून की वापसी, बंगाल की खाड़ी में दबाव संबंधी गतिविधि और भारी बारिश की चेतावनियां शामिल हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के शेष हिस्सों, गुजरात और राजस्थान के कुछ और इलाकों, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों से विदाई ले ली है। अगले दो से तीन दिनों में गुजरात, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बाकी हिस्सों से भी दक्षिण-पश्चिम मानसून वापसी कर सकता है

स्रोत: भारत मौसम विज्ञान विभाग

दूसरी ओर पूर्वी भारत की ओर बंगाल की खाड़ी और उसके आसपास मौसम की गतिविधियां तेज हो रही हैं। उत्तर ओडिशा और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़ चुका है। लेकिन इससे जुड़ा चक्रवातीय प्रसार अभी भी मौजूद है।

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि म्यांमार और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों के मध्य स्तरों पर एक और चक्रवातीय प्रसार सक्रिय हो गया है। इसके कारण आज, 25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी के उत्तर और मध्य के हिस्सों में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने के आसार हैं

इसके धीरे-धीरे पश्चिम की और बढ़ने का पूर्वानुमान है जो 26 सितंबर को डिप्रेशन में तब्दील हो सकता है। 27 सितंबर को इसके दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों को पार करने की संभावना जताई गई है। साथ ही देश के अलग-अलग हिस्सों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती प्रसार जारी है।

कहां-कहां है भारी बारिश का अंदेशा?

उपरोक्त सभी मौसमी गतिविधियों का असर के चलते आज, 25 सितंबर, 2025 को छत्तीसगढ़ और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने इन दोनों राज्यों में बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां 115.6 से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय आंध्र प्रदेश, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, लक्षद्वीप, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल तथा तेलंगाना में भारी बारिश होने के आसार हैं। इन सभी राज्यों में यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आंधी तूफान और वज्रपात की चेतावनी

आज, 25 सितंबर, 2025 को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, विदर्भ में बारिश के साथ-साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने तथा बिजली गिरने का भी अंदेशा जताया गया है

वहीं आज, झारखंड, केरल और माहे, लक्षद्वीप, ओडिशा, रायलसीमा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से तेज हवाएं चलने, वज्रपात होने तथा बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आज असम और मेघालय, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारों की संभावना है।

भारत में मानसून की वापसी की प्रक्रिया अब गति पकड़ चुकी है और अगले कुछ दिनों में और राज्यों से मानसून लौटेगा। हालांकि पूर्वी और मध्य भारत में बंगाल की खाड़ी से विकसित हो रही मौसमी प्रणाली के कारण गरज-चमक व तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश के आसार बने हुए हैं।

मौसम विभाग ने मौसमी गतिविधियों को देखते हुए, तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों, खासकर मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

तापमान में उतार-चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 24 सितंबर, 2025 को राजस्थान के श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में महाराष्ट्र के जेऊर में न्यूनतम तापमान 18.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

कल कहां हुई बारिश व कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 24 सितंबर, 2025 को छत्तीसगढ़, ओडिशा, केरल और माहे, कोंकण और गोवा, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, तटीय कर्नाटक तथा लक्षद्वीप के अधिकतर इलाकों, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों, झारखंड और बिहार में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें दर्ज की गई।

वहीं कल, पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, विदर्भ, तेलंगाना, उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कई इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें रिकॉर्ड की गई, जबकि देश के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहा।

कल कहां कितने बरसे बादल?

कल, 24 सितंबर, 2025 को छत्तीसगढ़ के रायपुर में 7 सेमी, रायपुर-लालपुर में 4 सेमी, जगदलपुर और दुर्ग प्रत्येक जगह 1 सेमी, ओडिशा के बालासोर में 5 सेमी, झारसुगुड़ा में 2 सेमी, संबलपुर और क्योझरगढ़ प्रत्येक जगह 1 सेमी, पूर्वी मध्य प्रदेश के सीधी में 4 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कोहिमा में 2 सेमी, दीमापुर और आइजोल-लेंगपुई प्रत्येक जगह 1 सेमी बारिश दर्ज की गई।

वहीं कल, विदर्भ के चंद्रपुर में 1 सेमी, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के गडग में 1 सेमी, तटीय कर्नाटक के होनावर में 1 सेमी, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के गंगटोक में 1 सेमी, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्तीय इलाकों के कोलकाता-अलीपुर में 1 सेमी, असम और मेघालय के मजबत में 1 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in