

देशभर में गर्मी चरम पर, उत्तर भारत और दिल्ली-एनसीआर में 21 से 23 अप्रैल के बीच हीटवेव या लू चलने की चेतावनी
पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी, गरज-चमक और तेज हवाएं, जिससे तापमान में हल्की गिरावट संभव
पूर्वोत्तर राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में तेज बारिश और आंधी
बिहार में 23 अप्रैल को तेज आंधी-तूफान के आसार, हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अंदेशा
बढ़ती गर्मी से स्वास्थ्य को खतरा, लोगों को अधिक पानी पीने, धूप से बचने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह दी गई
देशभर में गर्मी अपने चरम पर है, हालांकि पहाड़ी और पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में बारिश और तूफान का असर दिखाई दे रहा है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, यानी 20 अप्रैल, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों में गर्मी का प्रकोप और तेज हो सकता है, खासकर दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में।
इस समय एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो मध्य वायुमंडल में मौजूद है। साथ ही उत्तर भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम सक्रिय है। इनका असर मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों में देखा जा रहा है। इसके कारण उत्तराखंड में आज, 20 अप्रैल को हल्की से मध्यम बारिश ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी तथा गरज-चमक और 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अंदेशा जताया गया है। इससे वहां के तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है और लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ती गर्मी
दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी तेजी से बढ़ रही है। मौसम विभाग ने 21 से 23 अप्रैल के बीच हीटवेव यानी लू चलने की भी चेतावनी दी है। दिन का तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात का तापमान भी 20 से 22 डिग्री के बीच रहेगा, जिससे लोगों को राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।
हालांकि आसमान में हल्के बादल रह सकते हैं, जिससे धूप थोड़ी कम तेज महसूस हो सकती है, लेकिन गर्मी का असर बना रहेगा। इस दौरान बाहर निकलना मुश्किल हो सकता है, खासकर दोपहर के समय।
पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश
पूर्वी असम और उसके आसपास ऊपरी हवा का चक्रवाती प्रसार बना हुआ है, जिसके कारण पूर्वोत्तर भारत में मौसम काफी सक्रिय हो गया है। इस मौसमीय प्रणाली के चलते अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 20 से 23 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के प्रबल आशंका बनी हुए है। विभाग ने यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अरुणाचल में 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। वहीं असम और मेघालय में आज भारी बारिश होने के आसार हैं। इन दोनों राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है।
विभाग की मानें तो 20 से 22 अप्रैल के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बारिश और आंधी का असर रहेगा। इस कारण वहां जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति भी बन सकती है।
पूर्वी भारत की स्थिति
पूर्वी भारत के राज्यों जैसे ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी मौसम बदलता हुआ दिखाई देगा। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। 23 अप्रैल को बिहार में तेज आंधी आने के आसार हैं, जिसकी गति 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इससे नुकसान होने की आशंका रहती है।
मध्य और पश्चिम भारत का मौसम
मध्य भारत के कुछ हिस्सों, जैसे छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है। वहीं महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि इसके बावजूद भी इन इलाकों में गर्मी का असर बना रहेगा।
दक्षिण भारत में हल्की बारिश
दक्षिण भारत में भी कुछ जगहों पर बारिश देखने को मिल सकती है। तेलंगाना, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे वहां के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उमस बढ़ सकती है।
तापमान में बढ़ोतरी
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान दो से चार डिग्री तक बढ़ सकता है। पूर्वी भारत में भी दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। बाकी हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। इस बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को काफी परेशानी हो सकती है, खासकर उन लोगों को जो धूप में ज्यादा समय बिताते हैं।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 19 अप्रैल, 2026 को महाराष्ट्र के अकोला में अधिकतम तापमान 45.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां चलेगी लू या हीटवेव, कहां रहेगा गर्म व उमस भरा मौसम तथा कहां रहेंगी गर्म रातें?
देश के कई राज्यों में लू या हीटवेव चलने के आसार हैं। इनमें छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ जैसे राज्य शामिल हैं जहां लू चलने का अंदेशा जताया गया है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है।
वहीं आज, तटीय आंध्र प्रदेश, तटीय कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, केरल और माहे, तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गर्म और उमस भरा मौसम रहने का अंदेशा जताया गया है। जिससे परेशानी और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग ने कहा है कि आज, ओडिशा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में रात में भी तापमान के अधिक रहने के आसार हैं। वहां रहने वाले लोगों को रात में तापमान ज्यादा रहने से नींद में दिक्कत हो सकती है।
स्वास्थ्य पर असर
तेज गर्मी का असर सीधे लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। लंबे समय तक धूप में रहने से हीट स्ट्रोक, चक्कर आना और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉक्टरों की सलाह है कि इस दौरान शरीर को ठंडा रखना बहुत जरूरी है और पानी की कमी नहीं होने देनी चाहिए।
बचाव के उपाय
गर्मी से बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं। दिन के सबसे गर्म समय में बाहर जाने से बचना चाहिए। हल्के और ढीले कपड़े पहनने चाहिए। ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए, चाहे प्यास लगे या नहीं।
घर में बने पेय जैसे नींबू पानी, छाछ और लस्सी का सेवन करना फायदेमंद होता है। सिर को ढककर बाहर निकलना चाहिए और सीधे धूप से बचना चाहिए।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी कई सुझाव दिए हैं। जहां भारी बारिश के आसार हैं, वहां खेतों में पानी निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए। फसलों को सुरक्षित जगह पर रखना जरूरी है।
जहां गर्मी ज्यादा है, वहां हल्की और बार-बार सिंचाई करनी चाहिए। फसलों को बचाने के लिए मल्चिंग और छाया जाल का उपयोग करना फायदेमंद हो सकता है।
कुल मिलाकर देश में इस समय मौसम के अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। कहीं तेज गर्मी है तो कहीं भारी बारिश। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के आसार हैं, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।