

पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत में फिर बदला मौसम, उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश-बर्फबारी।
आज हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ, लेकिन आने वाले दिनों में बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं के आसार।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना, तापमान में गिरावट, आने वाले दिनों में धीरे-धीरे फिर बढ़ेगी गर्मी।
कई राज्यों में गरज-चमक, वज्रपात व तेज हवाओं का अलर्ट, खासकर राजस्थान, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर राज्य शामिल।
अगले कुछ दिनों में देशभर में तापमान बढ़ेगा, उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी, जिससे गर्मी का प्रभाव तेजी से बढ़ेगा।
आज 23 मार्च, 2026 को देश के कई इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। उत्तर भारत में पश्चिमी विक्षोभ व चक्रवाती प्रसार के कारण बारिश, बर्फबारी और तेज हवाओं का असर देखा जा रहा है। वहीं कुछ जगहों पर गर्मी के धीरे-धीरे बढ़ने की आशंका भी जताई गई है।
उत्तराखंड में एक बार फिर बदल मौसम
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में आज मौसम काफी खराब रहने वाला है। खासकर उत्तरकाशी और चमोली जैसे जिलों में बारिश, बर्फबारी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। यह असर मुख्य रूप से उन क्षेत्रों में देखा जा रहा है जो 3,300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई पर स्थित हैं। हालांकि मैदानी इलाकों जैसे हरिद्वार और उधमसिंह नगर में मौसम शुष्क बना हुआ है। वहां लोगों को किसी बड़ी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
हिमाचल प्रदेश का मौसम
हिमाचल प्रदेश में आज ज्यादातर जगहों पर मौसम के साफ रहने की संभावना है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। आने वाले दिनों में, यानी 24, 25, 27 और 28 मार्च को राज्य के कई हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ जगहों पर गरज के साथ बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।
जम्मू और कश्मीर में मौसम का मिजाज
पिछले कुछ दिनों से जम्मू और कश्मीर में बर्फबारी और बारिश हो रही थी, लेकिन अब मौसम में थोड़ा सुधार हुआ है। कल, 22 मार्च को यहां धूप खिली और तापमान में बढ़ोतरी हुई। आज, यानी 23 मार्च को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ जगहों पर हल्की बारिश या ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश व तेज हवाएं
दिल्ली-एनसीआर में आज बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है। बारिश के कारण तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है।
आज यहां अधिकतम तापमान के लगभग 29 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान के 15 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। दिल्ली-एनसीआर में बारिश के बाद मौसम थोड़ा ठंडा महसूस हो सकता है।
अन्य राज्यों में तूफान और बारिश
देश के विभिन्न हिस्सों में बने ऊपरी हवाओं के चक्रवाती प्रसार व मध्य भारत के ऊपर उपोष्णकटिबंधीय पछुआ जेट स्ट्रीम के चलते कई अन्य राज्यों में भी गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का अंदेशा जताया गया है। पूर्वी राजस्थान, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा रायलसीमा, पश्चिम बंगाल के पहाड़ी इलाके और सिक्किम में भी ऐसी स्थिति बन सकती है। पूर्वोत्तर भारत के राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बिजली गिरने तथा गरज के साथ बौछारें पहने के आसार हैं।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आने वाले दिनों में देश के अधिकतर इलाकों में तापमान बढ़ेगा। उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान तीन से छह डिग्री तक बढ़ सकता है। उत्तर प्रदेश में यह बढ़ोतरी और अधिक हो सकती है, जहां पूर्वी हिस्सों में सात से 10 डिग्री तक तापमान बढ़ सकता है।
विभाग ने कहा है कि मध्य भारत, पूर्वी भारत, महाराष्ट्र, गुजरात और दक्षिण भारत में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा। इससे आने वाले दिनों में गर्मी का असर बढ़ने लगेगा।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 22 मार्च, 2026 को आंध्र प्रदेश के कुरनूल में अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के लुधियाना में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां रहेगा गर्म और उमस भरा मौसम?
विभाग ने कहा है कि आज, 23 मार्च 2026 को केरल और माहे, कोंकण और गोवा में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। यहां लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ सकता है।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को कुछ जरूरी सलाह दी है। जिन किसानों की फसल कट चुकी है, उन्हें अपनी फसल को सुरक्षित जगह पर रखना चाहिए या उसे तिरपाल से ढक देना चाहिए।
तेज हवाओं से फसल को नुकसान हो सकता है, इसलिए उसे अच्छी तरह बांधकर रखना जरूरी है। सब्जियों और फलों के पौधों को सहारा देना भी जरूरी है ताकि वे तेज हवा से गिर न जाएं।
कुल मिलाकर 23 मार्च को देश के कई हिस्सों में मौसम बदलता हुआ दिखाई दे रहा है। पहाड़ी इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी हो रही है, वहीं मैदानी इलाकों में कुछ जगहों पर मौसम सुहावना और कुछ जगहों पर गर्म होता जा रहा है।
आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी होगी, इसलिए लोगों को मौसम के अनुसार सावधानी बरतनी चाहिए। खासकर किसानों और पहाड़ी क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।