

पश्चिमी विक्षोभ के असर से दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में बारिश-बौछारें, आंधी और तेज हवाओं के आसार।
दक्षिण भारत के केरल और तमिलनाडु में भारी बारिश का अलर्ट, कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी।
पूर्वोत्तर भारत में लगातार बारिश और गरज-चमक जारी, असम और मेघालय में कई जगह अच्छी बारिश दर्ज।
उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने के आसार, गर्मी और उमस से बढ़ेगी परेशानी।
मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को बिजली, तेज हवाओं और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी।
नई दिल्ली, 7 मई 2026। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और देश के कई हिस्सों में बने ऊपरी हवा के चक्रवाती प्रसार के कारण आने वाले दिनों में बारिश, आंधी, बिजली और तेज हवाओं के आसार बने हुए हैं। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान समेत कई राज्यों में मौसम का असर दिखाई देगा। वहीं पूर्वोत्तर, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
उत्तर भारत में बारिश और तेज हवाओं का असर
उत्तर भारत के कई राज्यों में सात से 12 मई, 2026 के बीच मौसम खराब रह सकता है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम
दिल्ली और आसपास के इलाकों में आज, सात मई 2026 को मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। दिनभर आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ गरज और बिजली चमकने की आशंका भी जताई गई है।
इसके साथ ही 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज हवाओं और धूल भरी आंधी के कारण यातायात भी प्रभावित हो सकता है।
पूर्वोत्तर भारत में जारी रहेगा बारिश का दौर
असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले कुछ दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बताया कि कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है।
मेघालय और असम में पिछले 24 घंटों के दौरान कई जगहों पर अच्छी बारिश दर्ज की गई। धुबरी में चार सेमी और शिलांग व चेरापूंजी में एक सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
पूर्वी भारत में आंधी और बारिश का अलर्ट
बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मौसम सक्रिय बना रहेगा। बिहार और झारखंड में सात से 10 मई, 2026 तक बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में तेज आंधी चल सकती है। वहीं कोलकाता, पटना और पूर्णिया समेत कई शहरों में पिछले 24 घंटों में बारिश दर्ज की गई है। इससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
दक्षिण भारत में भारी बारिश का अंदेशा
मौसम विभाग के मुताबिक, केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में अगले पांच दिनों तक बारिश और गरज-चमक का मौसम बना रह सकता है। मौसम विभाग ने आज, सात मई, 2026 को केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का अंदेशा जताया है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। विभाग ने इन राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों और समुद्र किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
तापमान में बढ़ोतरी
हालांकि कई हिस्सों में बारिश की संभावना है, लेकिन उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान धीरे-धीरे बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। वहीं मध्य भारत में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक तापमान बढ़ने का अनुमान है। महाराष्ट्र और गुजरात में भी आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है। हालांकि बाकी हिस्सों में तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, छह मई, 2026 को गुजरात के राजकोट में अधिकतम तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के रोहतक में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
लू, गर्म और उमस भरे मौसम की चेतावनी
मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कोंकण और गोवा के अलग-अलग इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहीं की प्रबल आशंका जताई है। हालांकि देशभर में फिलहाल लू या हीटवेव चलने का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने से आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों को मौसम को ध्यान में रखकर खेती से जुड़े काम करने की सलाह दी है। जिन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का अंदेशा है वहां किसान फसलों की कटाई और भंडारण का काम जल्द पूरा कर लें। खुले में रखी फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को फिलहाल खेतों में सिंचाई और कीटनाशक छिड़काव टालने को कहा गया है। तेज हवाओं के कारण केले, सब्जियों और फलदार पौधों को नुकसान पहुंच सकता है, इसलिए उन्हें सहारा देकर सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।
पशुपालकों को भी पशुओं को खुले मैदान में न छोड़ने और सुरक्षित स्थान पर रखने की सलाह दी गई है।
लोगों को सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। बिजली चमकने के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। तेज आंधी के समय कमजोर ढांचों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
बदलते मौसम के कारण अचानक बारिश और तेज हवाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देना चाहिए और जरूरी सतर्कता बरतनी चाहिए।
आने वाले कुछ दिनों तक देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज देखने को मिल सकता है। बारिश और तेज हवाओं से जहां गर्मी से राहत मिलेगी, वहीं कुछ जगहों पर लोगों की परेशानी भी बढ़ सकती है।