

पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, उत्तर भारत में तेज हवाएं, गरज-चमक, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना।
कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पूर्वोत्तर, झारखंड, ओडिशा और दक्षिण भारत के हिस्सों में तेज बारिश के आसार।
पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में ओलावृष्टि का अंदेशा, कई इलाकों में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चलेंगी।
दिल्ली-एनसीआर में मौसम बदलेगा, तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के बाद तापमान में तेजी से बढ़ोतरी होगी।
उत्तर-पश्चिम भारत में 5 से 9 मई तक तापमान 4 से 6 डिग्री बढ़ेगा, गर्मी फिर से जोर पकड़ सकती है।
नई दिल्ली, 5 मई, 2026। देश के मौसम में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। कश्मीर और उसके आसपास के इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत सहित कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलाव हुआ नजर आ रहा है। इसके साथ ही मध्य और ऊपरी वायुमंडल में बन रहे ट्रफ और चक्रवाती प्रसार का असर भी देश के विभिन्न इलाकों पर पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान, ओले गिरने और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।
कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के साथ-साथ झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है। इन राज्यों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा तटीय आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी तेज बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में पहले ही अच्छी बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में हल्की गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है।
गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और तेज हवाएं
विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि आज, पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और ओडिशा में गरज के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ तूफान आ सकता है। इन परिस्थितियों में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासकर खुले स्थानों और खेतों में काम करने वालों को सतर्क रहने को कहा गया है।
वहीं आज, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ गरज-चमक का अंदेशा है। इससे अचानक मौसम बदल सकता है और धूल भरी आंधी या हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में क्या रहेगा असर?
दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में आने वाले दिनों में मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है। यहां गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने के आसार हैं, जहां हवाओं की गति के 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। साथ ही कभी-कभी धूल भरी आंधी और हल्की बारिश भी हो सकती है। हालांकि इसके बाद तापमान में तेजी से वृद्धि होने का अंदेशा जताया गया है, जिससे गर्मी का असर बढ़ेगा।
पूर्वोत्तर और राजस्थान में भी असर
पूर्वोत्तर राज्यों जैसे नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। राजस्थान और रायलसीमा में भी इसी तरह का मौसम बने रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का कहना है कि इन राज्यों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए।
तापमान में उतार-चढ़ाव
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में पांच से नौ मई 2026 के बीच अधिकतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसका मतलब है कि कुछ दिनों की राहत के बाद एक बार फिर गर्मी तेज होने लगेगी। दिल्ली और आसपास के इलाकों में भी तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा और गर्मी का असर साफ महसूस होगा।
वहीं मध्य भारत में छह मई तक तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिसके बाद इसमें ज्यादा बदलाव नहीं होगा। महाराष्ट्र में पांच मई तक तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन छह से आठ मई के बीच इसमें हल्की बढ़ोतरी देखी जा सकती है।
देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, चार मई, 2026 को विदर्भ के ब्रह्मपुरी में अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के हरदोई में न्यूनतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कहां रहेगा गर्म व उमस भरा मौसम?
आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने के आसार हैं। हालांकि देश के अन्य हिस्सों में फिलहाल लू या हीटवेव चलने का पूर्वानुमान नहीं है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने से आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ सकती है।
पिछले 24 घंटों में कहां कितने बरसे बादल?
पिछले 24 घंटों में देश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। केरल के कोच्चि में सबसे अधिक 28 सेमी बारिश हुई, जबकि तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली और पुडुचेरी में भी अच्छी बारिश देखने को मिली। बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।
किसानों के लिए विशेष सलाह
मौसम विभाग ने किसानों के लिए भी कई जरूरी सलाह दी है। जिन इलाकों में ओले गिरने की आशंका है, वहां फसलों को बचाने के लिए जाल या कवर का उपयोग करने का सुझाव दिया गया है। साथ ही खेतों में पानी जमा न हो, इसके लिए उचित जल निकासी की व्यवस्था करने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खुले में न रहें और बिजली गिरने से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों पर शरण लें। आने वाले दिनों में मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों के दैनिक जीवन पर असर डाल सकता है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।