मौसम का मिजाज: पहाड़ों पर बर्फबारी, उत्तर-मध्य से लेकर दक्षिण तक शीतलहर के आसार

13 दिसंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ व जेट स्ट्रीम के चलते पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा और बढ़ते तापमान के बीच शीतलहर के सितम का अंदेशा
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय सड़कों और खेतों पर पाले की सफेद चादर दिखाई दे रही है। सुबह और शाम सर्दी का प्रकोप बना हुआ है।
उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय सड़कों और खेतों पर पाले की सफेद चादर दिखाई दे रही है। सुबह और शाम सर्दी का प्रकोप बना हुआ है।
Published on
सारांश
  • पश्चिमी विक्षोभ और 100 नॉट की रफ्तार वाली उपोष्णकटिबंधीय जेट स्ट्रीम के प्रभाव से उत्तर भारत और हिमालयी क्षेत्रों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।

  • जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 13 से 18 दिसंबर के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

  • चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में भारी बर्फबारी की चेतावनी, जबकि मैदानी इलाकों में ठंडी हवाओं और घने कोहरे से परेशानी बढ़ सकती है।

  • विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, कर्नाटक और ओडिशा के कुछ हिस्सों में सामान्य से लेकर भयंकर शीतलहर चलने की आशंका।

  • पश्चिमी व पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, असम-मेघालय समेत कई राज्यों में घने से बहुत घने कोहरे का अलर्ट, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है।

दिसंबर का महीना अपने पूरे शबाब पर है और उत्तर भारत से लेकर मध्य तथा दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में सर्दी ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा और ठंडी हवाएं, तथा कुछ क्षेत्रों में शीतलहर की चेतावनी ने मौसम को चर्चा का विषय बना दिया है।

मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, यानी 13 दिसंबर, 2025 को जारी पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव

वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य स्तरों में सक्रिय है। यह पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित कर रहा है। इसके साथ ही उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट स्ट्रीम लगभग 12.6 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है, जिसकी हवा की गति 100 नॉट तक पहुंच रही है। इसका सीधा असर हिमालयी क्षेत्रों और उत्तर भारत के मौसम पर देखने को मिल रहा है।

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी

पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 13 से 18 दिसंबर के बीच बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इन इलाकों में तापमान पहले ही काफी नीचे चला गया है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है

उत्तराखंड में शीतलहर और भारी बर्फबारी की चेतावनी

मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 13 दिसंबर से शीतलहर के और अधिक तीव्र होने की चेतावनी जारी की है। खासकर चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जैसे ऊंचाई वाले जिलों में भारी बर्फबारी की संभावना है। इन क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है। मैदानी इलाकों में ठंडी तेज हवाएं और घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं।

राज्य के पहाड़ी इलाकों में सुबह के समय सड़कों और खेतों पर पाले की सफेद चादर दिखाई दे रही है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत जरूर मिलती है, लेकिन सुबह और शाम सर्दी का प्रकोप बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा और कुछ हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज?

हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान मौसम साफ बना रहा है और अगले 24 घंटों तक भी मौसम साफ रहने की संभावना जताई गई है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ राज्य को प्रभावित कर सकता है।

इसका असर मुख्य रूप से ऊंचाई वाले इलाकों जैसे लाहौल-स्पीति, कुल्लू और कांगड़ा में देखने को मिलेगा। इन क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाके शुष्क और साफ बने रहेंगे।

दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कोहरे का असर

दिल्ली-एनसीआर में आज, 13 दिसंबर, 2025 को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहेगा। सुबह के समय अधिकांश इलाकों में हल्का कोहरा छाने के आसार हैं, जबकि कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा भी देखा जा सकता है। राजधानी में अधिकतम तापमान के 24 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान के 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो इस समय के लिए सामान्य माना जा रहा है।

सुबह के समय सतही हवाएं पूर्व दिशा से लगभग पांच किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। दोपहर में हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी हो जाएगी और गति बढ़कर 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। शाम और रात में हवा की गति फिर से कम हो जाएगी।

तापमान में उतार-चढ़ाव

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम भारत में अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं है। विदर्भ और छत्तीसगढ़ में अगले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।

महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद पांच दिनों के भीतर दो से तीन डिग्री की वृद्धि संभव है। गुजरात में अगले पांच दिनों तक तापमान स्थिर रहने के बाद इसमें बढ़ोतरी देखी जा सकती है। मध्य प्रदेश, पूर्वी भारत और पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है।

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, 12 दिसंबर, 2025 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी और कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 35.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के आदमपुर में न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है। 13 दिसंबर को विदर्भ और मध्य महाराष्ट्र में शीतलहर चलने का अंदेशा जताया गया है। 14 और 15 दिसंबर को छत्तीसगढ़, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और ओडिशा में शीतलहर के आसार बन रहे हैं। उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 14 और 15 दिसंबर को भीषण शीतलहर चलने की आशंका जताई गई है

घने कोहरे का अलर्ट

सुबह के समय घने कोहरे की आशंका को देखते हुए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया गया है। 14 से 18 दिसंबर के बीच नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में घना कोहरा छा सकता है। 14 से 16 दिसंबर के दौरान असम और मेघालय, पंजाब और हरियाणा में भी कोहरे का असर देखने को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश में 14 और 15 दिसंबर को घने कोहरे का अंदेशा जताया गया है।

उत्तर प्रदेश में विशेष रूप से सावधानी बरतने की जरूरत है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 14 और 15 दिसंबर को बहुत घना कोहरा छा सकता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में 14 से 16 दिसंबर तक घने से बहुत घना कोहरा रहने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

अंडमान-निकोबार में मौसम की अलग तस्वीर

देश के अन्य हिस्सों से अलग अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में मौसम कुछ अलग रहेगा। यहां गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं। लोगों को सावधानी बरतने और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।

कुल मिलाकर दिसंबर के मध्य में देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज अलग-अलग रूप में देखने को मिल रहा है। पहाड़ों में बर्फबारी, मैदानी इलाकों में कोहरा और ठंडी हवाएं, तथा कुछ हिस्सों में शीतलहर ने जनजीवन को प्रभावित किया है। मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों को ध्यान में रखते हुए लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां अपनाने की आवश्यकता है। खासकर पहाड़ी और कोहरे से प्रभावित क्षेत्रों में यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in