

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मद्रास और असम के गुवाहाटी विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं ने एक नई जलवायु नेटवर्क पद्धति विकसित की है। इसकी मदद से कुछ समय के लिए होने वाली स्थानीय बारिश और बड़े पैमाने पर सक्रिय होने वाली मानसूनी प्रणाली के आगमन के बीच अंतर किया जा सकता है।
इस अध्ययन में मानसून के किसी स्थान पर बड़े पैमाने पर आगमन की पहचान करने के लिए एक वस्तुनिष्ठ तरीका प्रस्तुत किया गया है। इसमें देशभर के अलग-अलग स्थानों पर बारिश शुरू होने की घटनाओं के आपसी जुड़ाव और उनके बड़े समूह के रूप में विकसित होने की प्रक्रिया का अध्ययन किया गया है। यह पद्धति मानसून के आगमन की पारंपरिक परिभाषाओं की पूरक हो सकती है। साथ ही, इससे बुवाई के समय का निर्धारण, जल संसाधनों का प्रबंधन, खाद्य सुरक्षा और बाढ़ से निपटने की तैयारियों से जुड़े फैसलों को अधिक विश्वसनीय जानकारी मिल सकती है।
इस शोध के निष्कर्ष जर्नल ऑफ क्लाइमेट में प्रकाशित हुए हैं। यह अमेरिकन मेटियोरोलॉजिकल सोसायटी की एक प्रमुख शोध पत्रिका है, जिसमें जलवायु परिवर्तनशीलता, जलवायु प्रक्रियाओं, मॉडलिंग, अवलोकन और जलवायु परिवर्तन से संबंधित शोध प्रकाशित होते हैं।
इस शोध पत्र के सह-लेखक आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्टडीइंग क्रिटिकल ट्रांजिशन्स इन कॉम्प्लेक्स सिस्टम्स के योगेनराज पाटिल, गौरव चोपड़ा, श्रुति टंडन और प्रोफेसर आरआई सुजीत तथा गुवाहाटी विश्वविद्यालय के प्रोफेसर बीएन गोस्वामी हैं।
इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने भौगोलिक स्थानों को जलवायु नेटवर्क की अलग-अलग इकाइयों (नोड्स) के रूप में माना है। इन इकाइयों के बीच संबंध उन स्थानों पर स्थानीय स्तर पर बारिश शुरू होने की घटनाओं के भौगोलिक जुड़ाव को दर्शाते हैं। शोधकर्ताओं ने अध्ययन किया कि किस तरह इन स्थानीय बारिश की घटनाओं के समूह विकसित होते हैं और एक-दूसरे से जुड़ते हुए बड़े नेटवर्क का रूप लेते हैं।
शोध के प्रमुख निष्कर्षों के बारे में बताते हुए आईआईटी मद्रास के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर स्टडीइंग क्रिटिकल ट्रांजिशन्स इन कॉम्प्लेक्स सिस्टम्स के प्रमुख प्रोफेसर आरआई सुजीत ने कहा, “हमारे शोध की सबसे अहम बात यह है कि किसी स्थान पर मानसून का आगमन जरूरी नहीं कि वहां होने वाली पहली बारिश ही हो। इसके बजाय, हमारा अध्ययन किसी स्थान पर मानसून के बड़े पैमाने पर आगमन को उस समय के रूप में परिभाषित करता है, जब वहां बारिश की शुरुआत देशभर में परस्पर जुड़ी बारिश की घटनाओं के सबसे बड़े समूह का हिस्सा बन जाती है। भौतिक रूप से इसका अर्थ है कि उस स्थान पर होने वाली बारिश व्यापक मानसूनी प्रणाली से जुड़ चुकी है, न कि केवल कुछ समय के लिए सक्रिय स्थानीय मौसम प्रणाली के कारण हो रही है। शोधकर्ताओं ने इस बदलाव को जलवायु नेटवर्क में एक 'फेज ट्रांजिशन' (अवस्था परिवर्तन) बताया है।”
प्रोफेसर आरआई सुजीत, जो आईआईटी मद्रास में इंस्टीट्यूट प्रोफेसर और डी. श्रीनिवासन इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर होने के साथ एयरोस्पेस इंजीनियरिंग विभाग में भी कार्यरत हैं, ने कहा, “मानसून के आगमन की नई परिभाषा से गलत संकेतों (फॉल्स ऑनसेट) से बचा जा सकेगा। इससे हर स्थान पर मानसून के बड़े पैमाने पर आगमन की पहचान संभव होगी। किसानों को बुवाई के लिए पर्याप्त समय मिलेगा और नीति निर्माताओं को खाद्य सुरक्षा तथा जल संसाधन प्रबंधन की बेहतर योजना बनाने में मदद मिलेगी।”
भारत के संदर्भ में यह अंतर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है, क्योंकि किसी स्थान पर नियमित मानसूनी प्रणाली पहुंचने से काफी पहले स्थानीय स्तर पर बारिश हो सकती है। मानसून के आगमन की पारंपरिक परिचालन परिभाषाएं क्षेत्रीय वर्षा और मौसम संबंधी अवलोकनों पर आधारित होती हैं। इसलिए कुछ समय के लिए होने वाली स्थानीय मौसमी घटनाएं भी मानसून के आगमन का गलत संकेत दे सकती हैं।
गुवाहाटी विश्वविद्यालय, असम के एसटी रडार सेंटर के प्रोफेसर बीएन गोस्वामी ने कहा, “इस पद्धति का उद्देश्य मानसून के आगमन की पारंपरिक परिचालन परिभाषाओं का स्थान लेना नहीं, बल्कि उनका पूरक बनना है। इसकी खासियत यह है कि यह किसी स्थान पर होने वाले स्थानीय मौसमी अवलोकन को मानसून की व्यापक स्तर पर विकसित हो रही प्रणाली से जोड़ती है। इससे एक ही पद्धति के जरिए अलग-अलग स्थानों पर मानसून के बड़े पैमाने पर आगमन की पहचान की जा सकती है।”
आईआईटी मद्रास के नेतृत्व में किए गए इस अध्ययन में शोधकर्ताओं ने यह जांचा कि अलग-अलग स्थानों पर बारिश की शुरुआत किस तरह सामूहिक रूप से एक बड़े नेटवर्क का रूप लेती है।
उदाहरण के लिए, अप्रैल के दौरान पूर्वोत्तर भारत में बारिश की शुरुआत के छोटे-छोटे समूह विकसित होते हैं। इनमें गरज-चमक के साथ होने वाली बारिश भी शामिल है। जैसे-जैसे मौसम आगे बढ़ता है, पूर्वोत्तर भारत में बारिश की घटनाओं का समूह बड़ा होता जाता है और बंगाल की खाड़ी क्षेत्र से जुड़े एक अन्य समूह के साथ मिल जाता है। शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस प्रक्रिया में सबसे बड़े समूह का आकार अचानक बढ़ना पूर्वोत्तर भारत में मानसून के बड़े पैमाने पर आगमन का संकेत है।
इसी तरह की प्रक्रिया बाद में भारतीय प्रायद्वीप में भी होती है। केरल में स्थानीय स्तर पर बारिश की गतिविधियों के कारण एक छोटा समूह विकसित होता है। जब यह समूह पूर्वोत्तर भारत से पश्चिम की ओर बढ़ रहे बारिश की घटनाओं के सबसे बड़े समूह से जुड़ जाता है, तो शोधकर्ता इसे भारतीय प्रायद्वीप में मानसून के बड़े पैमाने पर आगमन के रूप में चिह्नित करते हैं। इस तरह यह पद्धति केरल में होने वाली छिटपुट स्थानीय बारिश और व्यापक मानसूनी प्रणाली की वास्तविक स्थापना के बीच अंतर कर सकती है।
84 वर्षों के बारिश के आंकड़ों का अध्ययन
84 वर्षों के बारिश के आंकड़ों के विश्लेषण से शोधकर्ताओं ने पाया कि जलवायु संबंधी औसत के आधार पर पूर्वोत्तर भारत में मानसून का बड़े पैमाने पर आगमन लगभग 15 मई और भारतीय प्रायद्वीप में 9 जून के आसपास होता है।
इस आगमन की पहचान बारिश की घटनाओं के सबसे बड़े समूह के आकार में अचानक वृद्धि से होती है। इसके बाद यह समूह लगातार भौगोलिक रूप से विस्तार करता है और पूरे भारत में उत्तर की ओर बढ़ता है।
अध्ययन में यह भी पाया गया कि भारतीय प्रायद्वीप में मानसून के बड़े पैमाने पर आगमन के बाद बारिश की गतिविधियां उत्तर की ओर बढ़ती हैं। यह मानसून के अंतःमौसमी दोलन की पहली सक्रिय लहर से जुड़ा होता है। यह प्रक्रिया इस बात का अतिरिक्त भौतिक प्रमाण देती है कि पहचाना गया बदलाव केवल कुछ समय के लिए हुई बारिश नहीं, बल्कि व्यापक मानसूनी प्रणाली की स्थापना को दर्शाता है।
2026 के मानसून पर भी किया अध्ययन
शोधकर्ताओं ने मानसून के आगमन की अपनी नई परिभाषा का इस्तेमाल वर्ष 2026 के मानसून की निगरानी के लिए भी किया। उनके विश्लेषण के मुताबिक, भारतीय प्रायद्वीप में मानसून का बड़े पैमाने पर आगमन 22 जून 2026 को हुआ।
इसके बाद बारिश की गतिविधियों का उत्तर की ओर बढ़ना जारी रहा। 24 जून तक मुंबई में भारी बारिश की घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि 1 जुलाई तक दिल्ली में भी भारी बारिश हुई।
यह शोध नेटवर्क विज्ञान, जटिल प्रणाली (कॉम्प्लेक्स सिस्टम) और मौसम विज्ञान को एक साथ जोड़ता है। इसके जरिए एक बुनियादी चुनौती का समाधान खोजने की कोशिश की गई है। मानसून एक विशाल भौगोलिक क्षेत्र में सक्रिय होने वाली प्रणाली है, लेकिन लोगों को यह जानना जरूरी होता है कि उनके अपने इलाके में मानसून कब पहुंचा है।
स्थानीय बारिश की घटनाओं को मानसून के व्यापक विस्तार और विकास से जोड़कर यह जलवायु नेटवर्क पद्धति इन दोनों स्तरों के बीच संबंध स्थापित करती है। भविष्य में यह तरीका कृषि, जल संसाधन प्रबंधन, बाढ़ की तैयारियों और मानसून की बारिश के समय तथा उसकी निरंतरता पर निर्भर दूसरी गतिविधियों के लिए बेहतर निर्णय लेने में मददगार हो सकता है।