भूकंप आया तो पूर्वोत्तर के किस शहर में हिलेगी जमीन सबसे ज्यादा? इम्फाल को लेकर वैज्ञानिकों का बड़ा खुलासा

आईआईटी गुवाहाटी के वैज्ञानिकों ने 1,200 वर्षों के करीब 6,000 भूकंपों का विश्लेषण कर पता लगाया कि पूर्वोत्तर के किन इलाकों में भूकंप से जमीन सबसे ज्यादा थर्रा सकती है।
प्रतीकात्मक तस्वीर: आईस्टॉक
प्रतीकात्मक तस्वीर: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • पूर्वोत्तर भारत की धरती कब और कहां सबसे ज्यादा कांप सकती है? भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी के वैज्ञानिकों के एक नए अध्ययन ने इस सवाल का जवाब तलाशने की कोशिश की है।

  • रिसर्च में सामने आया है कि पूर्वोत्तर के आठ प्रमुख शहरों में इम्फाल में भूकंप के दौरान जमीन सबसे अधिक तीव्रता से हिल सकती है। इस अध्ययन के लिए वैज्ञानिकों ने पिछले करीब 1,200 वर्षों में आए लगभग 6,000 भूकंपों का रिकॉर्ड खंगाला है।

  • पूर्वोत्तर भारत दो प्रमुख टेक्टोनिक सीमाओं के बीच स्थित है। 1897 का शिलांग और 1950 का असम भूकंप इस क्षेत्र में विनाशकारी भूकंपीय गतिविधियों की याद दिलाते हैं। लेकिन यहां भूकंप का खतरा हर जगह एक जैसा नहीं है।

  • शोधकर्ताओं ने इस अंतर को समझने के लिए एक नई गणितीय पद्धति विकसित की है, जो पुराने भूकंपों के रिकॉर्ड में मौजूद अनिश्चितताओं और भूगर्भीय भ्रंश रेखाओं की दिशा को भी ध्यान में रखती है।

  • अध्ययन में इंडो-बर्मा पर्वत शृंखला में सबसे अधिक भूकंपीय गतिविधियां पाई गईं। इसके बाद पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश, मध्य असम, शिलांग का पठार और दक्षिणी सिक्किम का स्थान रहा।

  • शोधकर्ताओं के मुताबिक, यह पद्धति भविष्य में जमीन के संभावित कंपन का बेहतर अनुमान लगाने और भूकंपरोधी इमारतों, पुलों तथा अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण की योजना बनाने में मददगार हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत भूकंप के लिहाज से देश के सबसे संवेदनशील क्षेत्रों में शामिल है। यहां जमीन के नीचे सक्रिय भूगर्भीय हलचल और कई बड़ी भ्रंश रेखाएं (फॉल्ट लाइन्स) इस खतरे को और बढ़ाती हैं। ऐसे में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गुवाहाटी के वैज्ञानिकों ने एक नई वैज्ञानिक पद्धति विकसित की है, जो यह आकलन करने में मदद कर सकती है कि भविष्य में भूकंप आने पर पूर्वोत्तर के अलग-अलग इलाकों में जमीन कितनी तेज थर्रा सकती है।

स्टडी के मुताबिक, पूर्वोत्तर के आठ प्रमुख शहरों में इम्फाल में भूकंप के दौरान सबसे तेज झटके महसूस होने की आशंका है।

देखा जाए तो यह अध्ययन इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पूर्वोत्तर में भूकंप का खतरा हर जगह एक जैसा नहीं। कहीं भूकंपीय गतिविधियां अधिक तीव्र हैं, तो कहीं अपेक्षाकृत कम। ऐसे में पूरे क्षेत्र को एक ही पैमाने पर रखकर खतरे का आकलन करना पर्याप्त नहीं है।

वैज्ञानिकों के मुताबिक पूर्वोत्तर भारत दो प्रमुख टेक्टोनिक सीमाओं के बीच स्थित है। यहां शिलांग का पठार और कई सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश रेखाएं मौजूद हैं। यही वजह है कि यह क्षेत्र लंबे समय से भूकंप के खतरे से जूझ रहा है। ऐसा ही कुछ 1897 में शिलांग और फिर 1950 में असम में दर्ज किया गया गया था, जब भूकंप ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई थी।

इन घटनाओं ने साफ कर दिया कि भूकंप किस तरह घरों, इमारतों, पुलों और बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा सकते हैं।

ऐसे में इस खतरे को कम करने के लिए जरूरी है कि पहले से यह समझा जाए कि किसी क्षेत्र में भूकंप के दौरान जमीन कितनी तीव्रता से हिल सकती है। इसी प्रक्रिया को भूकंपीय खतरे का आकलन यानी सीस्मिक हैजार्ड असेसमेंट कहा जाता है। इससे इंजीनियरों और निर्माण विशेषज्ञों को ऐसी इमारतें और पुल बनाने में मदद मिलती है, जो भूकंप के झटकों को बेहतर ढंग से सह सकें।

1,200 वर्षों के भूकंपों का खंगाला इतिहास

यह अध्ययन आईआईटी गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अभिषेक कुमार और उनके शोधार्थी डॉक्टर निरंजन बोराह द्वारा किया गया है। इसके नतीजे जर्नल ऑफ सीस्मोलॉजी में प्रकाशित हुए हैं।

शोधकर्ताओं के मुताबिक, भूकंप के खतरे का आकलन करने के पारंपरिक तरीकों में दो बड़ी चुनौतियां हैं। पहली, पूर्वोत्तर क्षेत्र में भूकंपीय गतिविधियां समान नहीं हैं। दूसरी, पुराने भूकंपों का रिकॉर्ड हमेशा सटीक नहीं होता, क्योंकि उस समय आज जैसी आधुनिक मापन तकनीकें और उपकरण उपलब्ध नहीं थे।

इन चुनौतियों से निपटने के लिए शोधकर्ताओं ने ऐसी पद्धति विकसित की है, जो भूकंप के पुराने रिकॉर्ड में मौजूद अनिश्चितताओं और अलग-अलग क्षेत्रों में भूकंपीय गतिविधियों के अंतर को ध्यान में रखती है।

इसके लिए शोध दल ने पिछले करीब 1,200 वर्षों में आए भूकंपों से जुड़ी जानकारियां जुटाईं और लगभग 6,000 भूकंपों का एक विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया। इसके बाद उन्होंने 200 कृत्रिम भूकंप कैटलॉग तैयार किए। इनमें पुराने रिकॉर्ड में दर्ज भूकंपों के स्थान और उनकी तीव्रता में संभावित अनिश्चितताओं को शामिल किया गया। इसके लिए लैटिन हाइपरक्यूब सैंपलिंग नामक सांख्यिकीय तकनीक की मदद ली गई।

पूर्वोत्तर में पांच इलाके सबसे अधिक सक्रिय

प्रोफेसर अभिषेक कुमार के मुताबिक, शोध में 'कर्नेल डेंसिटी एस्टिमेशन' नामक गणितीय तकनीक का भी इस्तेमाल किया गया। यह तकनीक किसी क्षेत्र में भूकंप आने की आवृत्ति और उसके स्थानीय अंतर को समझने में मदद करती है। शोधकर्ताओं ने भूगर्भीय भ्रंश रेखाओं की दिशा को भी ध्यान में रखा, क्योंकि इनके आसपास भूकंप आने की आशंका अपेक्षाकृत अधिक होती है।

इसके लिए पूरे अध्ययन क्षेत्र को छोटे-छोटे भौगोलिक हिस्सों में बांटा गया। हर हिस्से में भूकंप आने की संभावित दर का आकलन करने के बाद गणितीय मॉडलों की मदद से अलग-अलग स्थानों पर जमीन के हिलने की संभावित तीव्रता का अनुमान लगाया गया।

रिसर्च के प्रमुख निष्कर्षों के मुताबिक, पूर्वोत्तर भारत में सबसे अधिक भूकंपीय गतिविधियां इंडो-बर्मा पर्वत शृंखला में दर्ज की गईं। इसके बाद पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश, मध्य असम, शिलांग का पठार और दक्षिणी सिक्किम का स्थान रहा।

आठ शहरों में इम्फाल पर सबसे ज्यादा खतरा

अध्ययन में शोधकर्ताओं ने पूर्वोत्तर के आठ प्रमुख शहरों गुवाहाटी, अगरतला, इम्फाल, शिलांग, आइजोल, कोहिमा, गंगटोक और ईटानगर में भूकंप के संभावित असर का भी आकलन किया। इसके लिए उन्होंने पीक ग्राउंड एक्सेलेरेशन (पीजीए) यानी भूकंप के दौरान जमीन में होने वाले अधिकतम त्वरण को मापने वाले पैमाने का इस्तेमाल किया। यह पैमाना बताता है कि भूकंप के झटकों के दौरान जमीन कितनी तेजी से हिल सकती है।

अध्ययन में शामिल आठ शहरों में इम्फाल में जमीन के सबसे अधिक तीव्रता से हिलने का अनुमान सामने आया। इसका मतलब है कि भूकंप के दौरान इस शहर में तेज झटकों का खतरा अन्य सात शहरों की तुलना में अधिक हो सकता है।

भूकंपरोधी निर्माण की दिशा में मददगार हो सकती है तकनीक

शोधकर्ताओं के मुताबिक, विकसित की गई यह पद्धति भविष्य में भूकंप के दौरान जमीन के संभावित कंपन का बेहतर अनुमान लगाने में मदद कर सकती है। इस जानकारी को किसी खास जगह की मिट्टी की बनावट और भूगर्भीय परिस्थितियों के अध्ययन के साथ जोड़कर इंजीनियर अधिक सुरक्षित और भूकंपरोधी इमारतों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे की योजना बना सकते हैं।

हालांकि, शोधकर्ता इस पद्धति को और बेहतर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। रिसर्च के अगले चरण में भूकंप की गहराई से जुड़ी अनिश्चितताओं और उनके दोबारा आने की संभावनाओं को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इससे भूकंपीय खतरे का आकलन और अधिक व्यापक तथा विश्वसनीय बनाने में मदद मिल सकती है।