फोटो: आईस्टॉक
फोटो: आईस्टॉक

तूफान: 27 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर कम दबाव बनने के आसार

यदि बंगाल की खाड़ी में इस साल का चौथा चक्रवाती तूफान आता है, तो इसे म्यांमार द्वारा सुझाए गए नाम के अनुसार 'मिचौंग' अंग्रेजी में 'Michaung' नाम दिया जाएगा।
Published on

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, 26 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और उसके आसपास एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बनने के आसार हैं। इसकी वजह से 27 नवंबर के आसपास दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की आशंका जताई गई है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 29 नवंबर, 2023 के आसपास बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी पर कम दबाव में तब्दील होने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए, मौसम विभाग ने 26 और 27 नवंबर, 2023 के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कई इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा तथा कुछ हिस्सों में गरज के साथ भारी बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं 26 और 28 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी भारी बारिश होने के आसार हैं।

तूफानी गतिविधि को देखते हुए, मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, 26 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर में 30 से 40 किमी प्रति घंटे से लेकर 50 किमी प्रति घंटे तक की तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।

वहीं 27 और 28 नवंबर के दौरान दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 40 से 50 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 60 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका जताई गई है।

29 और 30 नवंबर के दौरान दक्षिण अंडमान सागर और उससे सटे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने, मछुआरों को 26 और 27 नवंबर को दक्षिण अंडमान सागर में और 27 से 30 नवंबर के दौरान बंगाल की दक्षिण-पूर्व खाड़ी में न जाने की चेतावनी जारी की है।

विशेषज्ञों की मानें तो असामान्य रूप से गर्म हिंद महासागर ने पश्चिम बंगाल तट की ओर चक्रवाती तूफानों का रास्ता साफ किया है। यदि बंगाल की खाड़ी में इस साल का चौथा चक्रवाती तूफान आता है, तो इसे म्यांमार द्वारा सुझाए गए नाम के अनुसार 'मिचौंग' अंग्रेजी में 'Michaung' नाम दिया जाएगा।

यह इस साल हिंद महासागर में होने वाली छठी ऐसी घटना है, जो साबित करती है कि अधिकांश वर्षों में आने वाले पारंपरिक चार चक्रवातों की तुलना में भारतीय गर्म समुद्री पानी सामान्य से अधिक व्यस्त है।  

इसमें कहा गया है कि, थाईलैंड की खाड़ी से उत्पन्न होने वाली तूफानी प्रणाली तमिलनाडु तट की ओर बढ़ रही है, लेकिन यह बंगाल, बांग्लादेश और म्यांमार की ओर भी मुड़ सकती है।

बीते 17 नवंबर को, चक्रवाती तूफान "मिधिली" ने बांग्लादेश के तट को धीरे से पार किया, लेकिन फिर भी इसने काफी नुकसान पहुंचाया, कम से कम इस तूफान ने सात लोगों की जान ले ली और कई घरों को बर्बाद किया था। जहां इसने सर्दियों की शुरुआत में भारी बारिश के साथ फसलों को भी नुकसान पहुंचाया, यातायात बाधित किया और भूस्खलन के बाद कई क्षेत्रों में बिजली गुल हो गई।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in