खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदला मोका, इन हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

पूर्वोत्तर भारत पर तूफान का प्रभाव देखें तो 13 और 14 मई को त्रिपुरा और मिजोरम के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं
खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदला मोका, इन हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
Published on

मौसम विभाग के अनुसार, चक्रवाती तूफान "मोका" बंगाल की मध्य खाड़ी से सटे दक्षिण पूर्व में पिछले छह घंटों के दौरान नौ किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तर की ओर बढ़ गया है। "मोका" अब एक बहुत खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल गया है

आज यानी 12 मई 2023 को यह भारतीय समय के अनुसार 05:30 बजे यहीं बना रहा। यह बंगाल की खाड़ी के मध्य और उससे सटे, पोर्ट ब्लेयर से लगभग 520 किमी पश्चिम, उत्तर-पश्चिम में, बांग्लादेश के कॉक्स बाज़ार से 1010 किमी दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम में और म्यांमार के सितवे से 930 किमी दक्षिण-पश्चिम में है। इसके उत्तर, उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और बंगाल की खाड़ी के पूर्व-मध्य में और प्रबल होने की आशंका जताई गई है।

इसके 14 मई, 2023 की दोपहर के आसपास म्यांमार के सितवे, बांग्लादेश के कॉक्स बाजार और म्यांमार के क्यौकप्यू में दक्षिण-पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने का पूर्वानुमान है। इस बीच इसकी रफ्तार के 150 से 160 किमी प्रति घंटे से और तेज होकर 175 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होकर यह भयंकर चक्रवाती तूफान का रूप लेगा।

हवाओं की ट्रफ अब बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान "मोचा" से जुड़े चक्रवाती प्रसार से मध्य और आसपास के दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी से दक्षिण आंध्र प्रदेश तट तक चल रही है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण पश्चिम की ओर झुकते हुए समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी ऊपर तक फैली हुई है।

तेज हवाओं के साथ भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने भयंकर चक्रवाती तूफान "मोचा" को देखते हुए मौसम संबंधी चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने आज 12 मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। वहीं 13 और 14 मई को भी अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर भारत पर तूफान का प्रभाव देखें तो 13 और 14 मई को त्रिपुरा और मिजोरम के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं 14 मई को नागालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम के कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने मछुआरों, जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को सलाह दी है कि वे 14 मई तक मध्य बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में और 12 से 14 मई के दौरान पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी में न जाएं। वहीं मौसम विभाग ने बंगाल की मध्य खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में गए लोगों को तट पर लौटने की भी सलाह दी है।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in