चक्रवात मोका के कारण अंडमान और निकोबार में अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का दौर

मौसम विभाग ने उन सभी लोगों को लौटने की सलाह दी है जो लोग बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य और उत्तरी अंडमान सागर में हैं
फोटो साभार :आई-स्टॉक
फोटो साभार :आई-स्टॉक
Published on

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके आज शाम तक उसी क्षेत्र में एक दबाव के रूप में जारी रहने का अनुमान है।

इसके 10 मई को बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के निकटवर्ती क्षेत्रों में एक चक्रवाती तूफान 'मोका' में बदलकर तीव्र होने की आशंका जताई गई है

मौसम विभाग द्वारा इसके शुरू में 11 मई तक उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान लगाया गया है। इसके बाद, इसके धीरे-धीरे मुड़ने और उत्तर-पूर्व की ओर बांग्लादेश-म्यांमार तटों की ओर बढ़ने की आशंका जताई गई है।

बंगाल की पश्चिम मध्य खाड़ी से दक्षिणपूर्व बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर बने निम्न दबाव के क्षेत्र में हवाओं का एक ट्रफ चक्रवाती प्रसार को बढ़ा रही है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण पश्चिम की ओर झुकते हुए मध्य स्तरों तक फैला हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक, तेलंगाना से लेकर दक्षिण तमिलनाडु के निचले स्तरों तक हवाएं रुक-रुक कर चल रही हैं।

उपरोक्त तूफान संबंधी गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने, नौ से 11 मई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई है। वहीं 11 और 12 मई को अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज यानी नौ मई से मछुआरों, छोटे जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को दक्षिण-पूर्व और उससे सटे मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में न जाने की चेतावनी जारी की है।

वहीं मौसम विभाग ने उन सभी लोगों को लौटने की भी सलाह दी है जो लोग बंगाल की खाड़ी के पूर्वी मध्य और उत्तरी अंडमान सागर में हैं।

तूफानी मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने, नौ से 12 मई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के पास पर्यटन और अपतटीय गतिविधियों और नौका चलाने आदि पर रोक लगा दी है।

वहीं नौ से 13 मई के दौरान दक्षिण पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के समुद्री क्षेत्रों में किसी तरह की गतिविधि न करने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग ने नौ मई को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई है।

वहीं यहां आज शाम से 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 70 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं। 10 और 11 मई को 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से

चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार तक चलने की आशंका है।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in