बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को 14 मई को पार कर सकता है चक्रवात मोका

बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को 14 मई को पार कर सकता है चक्रवात मोका

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर इलाकों में 10 और 11 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है
Published on

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और इससे सटे दक्षिण अंडमान सागर पर बना कम दबाव का क्षेत्र अब एक डिप्रेशन या अवसाद में बदल गया है। यह आज भारतीय समय के अनुसार 17: 30 बजे, दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी में बना हुआ था। जो कि पोर्ट ब्लेयर से लगभग 510 किमी दक्षिण-पश्चिम, बांग्लादेश के कॉक्स बाजार से 1480 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम और म्यांमार के सितवे से 1360 किमी दक्षिण, दक्षिण पश्चिम में है।

इसके उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 10 मई की शाम के आसपास उसी क्षेत्र में एक चक्रवाती तूफान 'मोका' में तब्दील होकर धीरे-धीरे तेज होने के प्रबल आसार हैं

इसके उत्तर, उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ना जारी रखते हुए, यह धीरे-धीरे 11 मई की सुबह तक एक खतरनाक चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा और उसी शाम के आसपास दक्षिण-पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी में बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान आएगा।

मौसम विभाग ने कहा, इसके बाद, इसके धीरे-धीरे मुड़ने और उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने और 14 मई, 2023 की पूर्वाह्न के आसपास कॉक्स बाजार (बांग्लादेश) और क्यौकप्यू (म्यांमार) के बीच दक्षिण, पूर्व बांग्लादेश और उत्तरी म्यांमार के तटों को पार करने की आशंका जताई गई है।

वहीं एक ट्रफ बंगाल की पश्चिम मध्य खाड़ी से दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी पर बने डिप्रेशन से जुड़े चक्रवाती प्रसार तक जा रही है और यह मध्य स्तरों तक फैली हुई है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण पश्चिम की ओर झुकी हुई है।

मौसम विभाग के अनुसार तेलंगाना से दक्षिण तमिलनाडु के निचले स्तरों में हवाएं रुक-रुक कर चल रही हैं।

दक्षिण पूर्व बंगाल की खाड़ी और आसपास के दक्षिण अंडमान सागर पर बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते मौसम विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अधिकतर इलाकों में 10 और 11 मई के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है

वहीं 12 मई को भी अंडमान द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मूसलाधार बारिश होने के आसार हैं।

मछुआरों तथा अन्य कारोबारियों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और उससे सटे अंडमान सागर में 55 से 65 किमी प्रति घंटे से लेकर 75 किमी प्रति घंटे तक की दर से तूफानी हवाओं के चलने के आसार हैं।

वहीं आज दक्षिण-पूर्व, पूर्व-मध्य और बंगाल की खाड़ी के पश्चिम मध्य में 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं के 70 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने की आशंका है।

उपरोक्त तूफानी मौसम संबंधी गतिविधि को देखते हुए, मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

वहीं मौसम विभाग ने मछुआरों, छोटे जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को सलाह दी है कि वे दक्षिण पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर में न जाएं।

मौसम विभाग ने उन सभी को लौटने की भी सलाह दी है जो लोग बंगाल की मध्य खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में हैं।

वहीं तूफानी मौसम को देखते हुए मौसम विभाग ने, 10 से 12 मई के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के आस-पास पर्यटन और अपतटीय गतिविधियों को रोकने की चेतावनी जारी की है।

वहीं 10 से 13 मई के दौरान दक्षिण पूर्व और मध्य बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के समुद्री क्षेत्रों में किसी तरह की गतिविधि न करने की सलाह दी गई है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in