यूवी किरणों के खतरों से बचाने के साथ देगा मौसम की जानकारी यह ऐप

इस एप्लीकेशन के जरिए यूवी किरणों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और त्वचा कैंसर जैसी बीमारियों में कमी आ सकती है
यूवी किरणों के खतरों से बचाने के साथ देगा मौसम की जानकारी यह ऐप
Published on

सनस्मार्ट ग्लोबल यूवी ऐप नाम का एक नया मोबाइल फोन ऐप लॉन्च किया गया है जो पराबैंगनी (यूवी) विकिरण स्तरों की स्थानीय आधार पर जानकारी देगा। यह ऐप पांच-दिवसीय यूवी और मौसम का पूर्वानुमान भी प्रदान करेगा।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने बताया कि यह दुनिया भर में त्वचा के कैंसर और यूवी से संबंधित आंखों को नुकसान पहुंचाने की समस्याओं को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में इस ऐप के जरिए सूर्य की किरणों से बचने में सहायता मिल सकती है।

दरअसल इस ऐप के जरिए आप यह जान सकते हैं कि सूर्य की किरणों से कब बचना है, इसका उपयोग कब करना है इसकी भी जानकारी देता है। इस ऐप को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), विश्व मौसम विज्ञान संगठन (डब्लूएमओ)संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) और अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन द्वारा लॉन्च किया गया है।

आप कहां से और कैसे उपयोग कर सकते हैं इस ऐप का?

सनस्मार्ट ग्लोबल यूवी ऐप, ऐप्पल ऐप और गूगल प्ले स्टोर दोनों पर मुफ्त उपलब्ध है। यह व्यक्तिगत विकल्प प्रदान करता है ताकि उपयोगकर्ता लंबे समय तक, अत्यधिक यूवी किरणों के खतरों से बच सके। यूवी किरणों से त्वचा के कैंसर और अन्य यूवी संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए इसका उपयोग किया जा सकता है।

इस ऐप में राष्ट्रीय और स्थानीय आंकड़ों को शामिल करने के साथ ही यह कई भाषाओं के अनुकूल है। यह वर्तमान में चीनी, अंग्रेजी, फ्रेंच, जर्मन, रूसी, डच और स्पेनिश भाषा में उपलब्ध है।

डब्ल्यूएचओ की पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन और स्वास्थ्य विभाग की निदेशक डॉ मारिया नीरा ने कहा कि यूवी किरणों के अत्यधिक संपर्क में आने से त्वचा का कैंसर होता है। इसलिए लोगों के लिए यह जानना महत्वपूर्ण है कि कब और कैसे अपनी सुरक्षा करनी है। हम सभी को अपनी और अपने बच्चों की सुरक्षा के लिए और इस एप्लिकेशन को रोजमर्रा उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।

यूवी किरणें और त्वचा का कैंसर

दुनिया भर में एक अनुमान के मुताबिक 2020 में त्वचा कैंसर जिसमें मेलेनोमा और बिना मेलेनोमा वाले दोनों मामले शामिल हैं, के 15 लाख से अधिक मामलों का निदान किया गया था। इसी अवधि के दौरान दुनिया भर में 120,000 से अधिक लोगों ने इस रोके जाने योग्य बीमारी से अपनी जान गंवाई।

इन कैंसरों में योगदान करने वाले मुख्य कारकों में से एक है पृथ्वी के निचले स्तर की ओजोन परत के पतले होने से होने वाली अतिरिक्त यूवी विकिरण, जो कुछ मानव निर्मित रसायनों के छोड़े जाने के परिणामस्वरूप होती है।

मॉन्ट्रियल प्रोटोकॉल के रूप में जानी जाने वाली अंतर्राष्ट्रीय संधि के तहत, संयुक्त राष्ट्र के सभी सदस्य राज्य एक विशिष्ट समय सारिणी के अनुसार उन पदार्थों के उत्पादन और खपत को बंद कर रहे हैं। इन निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप, मध्य शताब्दी तक ओजोन स्तर के ठीक होने का अनुमान है। इस बीच, लोगों  के बहुत अधिक यूवी किरणों के सम्पर्क होने से खुद को बचाने के लिए विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है। यह वह जगह है जहां यूवी ऐप एक महत्वपूर्ण जागरूकता वाली भूमिका निभाता है।

हर किसी को कुछ धूप की जरूरत होती है, मुख्य रूप से विटामिन डी के उत्पादन के लिए जो हड्डियों की बीमारियों जैसे रिकेट्स, ऑस्टियोमलेशिया और ऑस्टियोपोरोसिस के विकास को रोकने में मदद करता है। लेकिन बहुत ज्यादा सूरज की किरणें खतरनाक हो सकती हैं और जानलेवा भी। गर्मी के महीनों में यह खतरा और भी बढ़ जाता है।

यूवी ऐप को उत्तरी गोलार्ध में गर्मी के पहले दिन के साथ मेल खाने के लिए लॉन्च किया गया है। जनता की जागरूकता बढ़ाने और त्वचा कैंसर की घटनाओं को कम करने में मदद करके, यह एप्लिकेशन संयुक्त राष्ट्र सतत विकास लक्ष्य 3 की उपलब्धि का समर्थन करता है, जिसका उद्देश्य 2030 तक दुनिया भर में स्वस्थ जीवन और कल्याण सुनिश्चित करना है।

यूवी से संबंधित बीमारी और मृत्यु से बचने के लिए निम्नलिखित उपाय अपनाए जा सकते हैं

 दोपहर के समय सूर्य की किरणों के सम्पर्क में आने से बचें

 जब यूवी किरणें सबसे तीव्र हों तब छाया की तलाश करें

 सुरक्षात्मक कपड़े, टोपी और धूप का चश्मा पहनें

 धूप से सुरक्षा वाले ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन का इस्तेमाल करें

बच्चों को लंबे समय तक धूप से बचाना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि इन शुरुआती वर्षों के दौरान अत्यधिक धूप में रहने से बाद के जीवन में यूवी से संबंधित बीमारियों का खतरा काफी बढ़ सकता है।

यह ऐप खतरनाक काम की पहचान करने और सुरक्षा और स्वास्थ्य उपायों की योजना बनाने में कंपनियों और श्रमिकों की सहायता करने के लिए एक उपयोगी उपकरण है। 

क्या है यूवी इंडेक्स या सूचकांक?

ऐप यूवी इंडेक्स पर आधारित है, जो पृथ्वी की सतह पर सौर यूवी विकिरण के स्तर का वर्णन करता है। यूवी इंडेक्स 1 को निम्न और 11 उच्चतर या "चरम" माना जाता है। सूचकांक की माप जितनी अधिक होगी, त्वचा और आंख को नुकसान होने के आसार उतने ही अधिक होंगे और नुकसान होने में समय भी कम लगेगा।

अधिकतम यूवी इंडेक्स दोपहर में होता है जब सूर्य आकाश में उच्चतम होता है। यूवी इंडेक्स 3 या इससे ऊपर होने पर बाहरी गतिविधियों को अपनाने और धूप से सुरक्षा का उपयोग करने की सलाह दी जाती है। यूवी से होने वाले नुकसान और यूवी हानिकारक हो सकती है जब लोग लंबे समय तक इसके सम्पर्क में होते हैं, यहां तक ​​कि निम्न स्तर पर भी।

ऐप यूवी के बारे में जानकारी देने और सार्वजनिक स्वास्थ्य संदेश के लिए दुनिया भर में स्थिरता लाने का प्रयास करता है। इसे कैंसर काउंसिल विक्टोरिया और ऑस्ट्रेलियन रेडिएशन प्रोटेक्शन एंड न्यूक्लियर सेफ्टी एजेंसी द्वारा विकसित किया गया है, दोनों ऑस्ट्रेलिया में डब्ल्यूएचओ के सहयोगी केंद्र हैं।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in