

गर्भ में पल रहे शिशु के शरीर तक हानिकारक रसायन पहुंच रहे हैं। ये रसायन मां के खून, दूध और गर्भनाल के रक्त में मिल चुके हैं। जन्म से पहले शुरू होने वाला यह संपर्क बच्चे के प्रजनन, मस्तिष्क के विकास और हॉर्मोन तंत्र को प्रभावित कर सकता है। इतना ही नहीं, इनका असर जीवनभर रह सकता है और कुछ मामलों में इसे पलटना भी संभव नहीं होता। संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम (यूएनईपी) और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की नई वैश्विक रिपोर्ट ने हॉर्मोन तंत्र में दखल देने वाले रसायनों (ईडीसी) के बढ़ते खतरे की ओर ध्यान दिलाते हुए चेतावनी जारी की है।
"स्टेट ऑफ द साइंस ऑफ एंडोक्राइन-डिसरप्टिंग केमिकल्स 2026" शीर्षक से प्रकाशित रिपोर्ट बताती है कि इन रसायनों का संपर्क केवल शरीर तक सीमित नहीं है। औद्योगिक अपशिष्ट, घरेलू उत्पादों और कृषि में इस्तेमाल होने वाले रसायनों के जरिए ये पर्यावरण और जल स्रोतों तक पहुंच रहे हैं। इस तरह गर्भ में पल रहे शिशु से लेकर नदियों में रहने वाले जीवों तक इनका असर देखा जा सकता है।
यह रिपोर्ट वर्ष 2012 के आकलन के बाद इस विषय पर पहला बड़ा वैश्विक अद्यतन है। यूएनईपी के उद्योग एवं अर्थव्यवस्था प्रभाग की निदेशक शीला अग्रवाल-खान ने कहा, "इन रसायनों के प्रभाव लंबे समय तक बने रह सकते हैं और कुछ मामलों में उन्हें पलटना संभव नहीं होता।"
यह रिपोर्ट ग्लोबल फ्रेमवर्क ऑन केमिकल्स के पहले अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में जारी की गई, जो 16 से 20 नवंबर तक जिनेवा में आयोजित हो रहा है। इसके साथ यूएनईपी ने 'फ्रॉम एविडेंस टू एक्शन' नाम से एक सहयोगी दस्तावेज भी जारी किया है। इसमें खाद्य पैकेजिंग, सौंदर्य प्रसाधन, खिलौने, कपड़े, कृषि और दवा जैसे क्षेत्रों में ईडीसी के जोखिम को कम करने के व्यावहारिक उपाय सुझाए गए हैं। मसलन, खाद्य सामग्री रखने और पकाने के लिए ईडीसी युक्त प्लास्टिक के विकल्प के तौर पर कांच, स्टेनलेस स्टील और कास्ट आयरन के इस्तेमाल की बात कही गई है। सौंदर्य प्रसाधनों में वैकल्पिक परिरक्षकों और खनिज आधारित पराबैंगनी किरण रोकने वाले तत्वों को अपनाने, जबकि खिलौनों और बच्चों की देखभाल से जुड़े उत्पादों को ऐसे रसायनों के बिना तैयार करने का सुझाव दिया गया है। कपड़ा और फर्नीचर उद्योग में पीएफएएस मुक्त परतों, सुरक्षित रंगों और आग से बचाव के वैकल्पिक तरीकों को अपनाने की सिफारिश की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में भी जहां चिकित्सकीय रूप से उपयुक्त हो, कुछ थैलेट रहित चिकित्सा उपकरणों के इस्तेमाल पर जोर दिया गया है।
बढ़ते वैज्ञानिक सबूत
रिपोर्ट के अध्याय 2 का आधार 518 समीक्षा लेखों का साक्ष्य डेटाबेस है। इनमें से 189 लेख पशुओं और वन्यजीवों के स्वास्थ्य से संबंधित थे और वैज्ञानिक निष्कर्षों के संश्लेषण में इनका इस्तेमाल किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, कई मामलों में कार्यप्रणाली से जुड़े वैज्ञानिक सबूत इतने मजबूत हैं कि कारण और प्रभाव के बीच संबंध स्थापित किया जा सकता है।
मनुष्यों में प्रजनन, थायरॉइड तथा तंत्रिका तंत्र के विकास और व्यवहार पर ईडीसी के प्रभाव के सबूत मजबूत हैं। मेटाबॉलिक, प्रतिरक्षा प्रणाली और कैंसर के मामले में ये सबूत मध्यम स्तर के हैं, जबकि हृदय रोगों के लिए अभी उभरते हुए सबूत उपलब्ध हैं। कैंसर को लेकर मनुष्यों पर हुए अध्ययनों के निष्कर्ष एकरूप नहीं हैं। चिंता के नए क्षेत्रों में मेटाबॉलिक लिवर रोग और गुर्दों पर संभावित प्रभाव भी शामिल हैं, हालांकि इन विषयों पर अभी वैज्ञानिक जानकारी में कमियां हैं।
बच्चों को इन रसायनों से सबसे अधिक खतरा है। अपने शरीर के वजन के अनुपात में वे वयस्कों की तुलना में अधिक भोजन और पानी लेते हैं तथा अधिक हवा में सांस लेते हैं। इसके अलावा, कैंसर और बांझपन जैसे कुछ प्रभाव रासायनिक संपर्क के कई दशक बाद सामने आ सकते हैं। वन्यजीवों पर भी इनके प्रभाव दर्ज किए गए हैं। मछलियों, पक्षियों, उभयचरों और स्तनधारियों में प्रजनन और व्यवहार संबंधी गड़बड़ियां देखी गई हैं।
जांच में कमी
दुनिया में उत्पादन और उपयोग के लिए 3,50,000 से अधिक रसायन और रासायनिक मिश्रण पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें से बहुत छोटे हिस्से का ही हॉर्मोन तंत्र को प्रभावित करने वाले गुणों के लिए मूल्यांकन किया गया है।
एक दूसरी बड़ी समस्या यह है कि मनुष्य और वन्यजीव एक साथ कई तरह के रसायनों के संपर्क में रहते हैं। इसके बावजूद अनेक नियामक व्यवस्थाएं अब भी प्रत्येक रसायन का अलग-अलग मूल्यांकन करती हैं। इससे रसायनों के मिश्रित प्रभावों को समझने और उनका आकलन करने में कठिनाई होती है।
आर्थिक नुकसान
रिपोर्ट की तालिका 5.1 के अनुसार, गर्भावस्था के दौरान ऑर्गेनोफॉस्फेट कीटनाशकों के संपर्क से यूरोपीय संघ में लगभग 1.3 करोड़ आईक्यू अंकों की हानि और बौद्धिक विकलांगता के 59,300 मामलों का अनुमान है। इसकी आर्थिक लागत 194 अरब अमेरिकी डॉलर आंकी गई है।
अमेरिका के लिए यही अनुमान 18 लाख आईक्यू अंकों की हानि, बौद्धिक विकलांगता के 7,500 मामलों और 44.7 अरब डॉलर की आर्थिक लागत का है। वहीं, फ्लेम रिटार्डेंट पीबीडीई-47 के संपर्क से अमेरिका में 1.1 करोड़ आईक्यू अंकों की हानि, बौद्धिक विकलांगता के 43,000 मामलों और 266 अरब डॉलर की आर्थिक लागत का अनुमान लगाया गया है।
हालांकि, इन आंकड़ों की सीमाओं को समझना जरूरी है। ये वास्तविक रूप से मापे गए नुकसान नहीं, बल्कि मॉडल आधारित अनुमान हैं। इनका दायरा अमेरिका, कनाडा और यूरोपीय संघ तक सीमित है। ये अनुमान मुख्य रूप से वर्ष 2010 के आंकड़ों पर आधारित हैं। केवल पीएफएएस के अमेरिकी अनुमान के लिए वर्ष 2018 के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है।
रिपोर्ट में उद्धृत वर्ष 2015 के अध्ययनों में विशेषज्ञ पैनलों ने कई स्वास्थ्य समस्याओं के लिए ईडीसी के संपर्क को संभावित कारण माना था। इनमें आईक्यू में कमी, ऑटिज्म, एडीएचडी, बचपन और वयस्क अवस्था में मोटापा, वयस्कों में मधुमेह, क्रिप्टोर्किडिज्म और पुरुष बांझपन शामिल हैं। इन सभी के लिए कारण होने की संभावना कम से कम 20 प्रतिशत से अधिक मानी गई थी। अकेला अपवाद टेस्टिक्युलर कैंसर था, जिसके लिए यह संभावना 0 से 19 प्रतिशत के बीच आंकी गई।
इन्हीं अध्ययनों और अनुमानों के आधार पर रिपोर्ट ईडीसी से होने वाले वैश्विक स्वास्थ्य खर्च को सालाना 1.1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक बताती है। यह आंकड़ा अमेरिका, यूरोपीय संघ और कनाडा में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 1.2 से 2.3 प्रतिशत के बराबर अनुमानित खर्च को वैश्विक स्तर पर लागू करके निकाला गया है। इस गणना के मुताबिक, वैश्विक जीडीपी का लगभग एक प्रतिशत या उससे अधिक हिस्सा इन रसायनों से जुड़े स्वास्थ्य प्रभावों पर खर्च हो सकता है। रिपोर्ट का मानना है कि वास्तविक आर्थिक नुकसान इससे भी अधिक हो सकता है।
भारत की स्थिति
रिपोर्ट स्वीकार करती है कि कई विकासशील देशों में ईडीसी से होने वाले आर्थिक नुकसान का आकलन तक उपलब्ध नहीं है, जबकि वहां प्रदूषण का स्तर विकसित देशों के बराबर है।
रिपोर्ट में उद्धृत 70 देशों के पीएफएएस आंकड़ों पर आधारित एक अध्ययन के मुताबिक, बीते दो दशकों में इन रसायनों के संपर्क के कारण हर साल लगभग 4,61,635 कम वजन वाले शिशुओं के जन्म का अनुमान है। इस अनुमान का 95 प्रतिशत विश्वास अंतराल 57,418 से 8,54,645 के बीच है। इनमें से अधिकांश मामले एशियाई क्षेत्रों से जुड़े हैं।
भारत में केरल के काजू बागानों में दो दशक से अधिक समय तक एंडोसल्फान कीटनाशक का छिड़काव ऐसी ही एक बड़ी त्रासदी का उदाहरण है। रिपोर्ट के मुताबिक, इसके बाद स्थानीय आबादी में कैंसर, तंत्रिका तंत्र और व्यवहार संबंधी विकारों तथा जन्मजात विकृतियों के मामले बढ़े। इस घटना के बाद प्रभावित लोगों के विस्थापन और मुआवजे में देरी जैसी समस्याएं भी सामने आईं।
नदियों तक पहुंच
रिपोर्ट में कई ऐसे रसायनों का जिक्र है जिनके इस्तेमाल से लेकर जल स्रोतों तक पहुंचने का रास्ता वैज्ञानिक अध्ययनों में दर्ज है। ऐसा ही एक रसायन नॉनिलफेनॉल एथॉक्सिलेट है। इसका इस्तेमाल डिटर्जेंट, कपड़ा प्रसंस्करण, पेंट, कागज और कीटनाशकों के निर्माण में होता है। रिपोर्ट के अनुसार, अपशिष्ट जल शोधन संयंत्रों में इन यौगिकों के उपचार के दौरान बहिःस्राव में नॉनिलफेनॉल की मात्रा बढ़ सकती है। इसके बाद यह सतही जल स्रोतों को दूषित करता है।
मनुष्यों के लिए इसके संपर्क का प्रमुख रास्ता प्रदूषित पानी और भोजन हो सकता है। रिपोर्ट यह भी बताती है कि 4-नॉनिलफेनॉल प्लेसिंटा यानी अपरा को पार करके भ्रूण तक पहुंच सकता है। यानी जल स्रोतों में पहुंचने वाला यह रसायन अंततः गर्भ में पल रहे बच्चे के संपर्क का भी कारण बन सकता है।
ट्राइक्लोसन भी इसी तरह जल स्रोतों तक पहुंचता है। रिपोर्ट के मुताबिक, पर्सनल केयर उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले ट्राइक्लोसन का अनुमानित 96 प्रतिशत हिस्सा उपयोग के बाद पानी में बह जाता है। अपशिष्ट जल के शोधन के बाद भी इसका लगभग 10 प्रतिशत हिस्सा नदी तंत्रों तक पहुंच जाता है।
भारत में इन रसायनों के नियमन की स्थिति भी चिंता पैदा करती है। रिपोर्ट के अनुसार, रासायनिक (प्रबंधन और सुरक्षा) नियमों का पांचवां मसौदा वर्ष 2020 में जारी किया गया था। इसमें नॉनिलफेनॉल से जुड़े तीन यौगिकों को उनके ईडीसी गुणों के कारण अनुसूची दो में शामिल किया गया था। इसके बाद कोई नया मसौदा सार्वजनिक टिप्पणियों के लिए जारी नहीं किया गया। जुलाई 2026 तक इन नियमों की सरकारी गजट अधिसूचना भी जारी नहीं हुई थी।
हालांकि, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय रसायनों के संपर्क का आकलन करने के लिए राष्ट्रीय बायोमॉनिटरिंग कार्यक्रम शुरू कर रहा है।
विकल्पों का खतरा
किसी हानिकारक रसायन की जगह दूसरे रसायन का इस्तेमाल हमेशा सुरक्षित विकल्प नहीं होता। रिपोर्ट में चीन की 941 गर्भवती महिलाओं पर वर्ष 2014 से 2015 के बीच किए गए एक अध्ययन का हवाला दिया गया है। इसमें 72 प्रतिशत महिलाओं के नमूनों में बीपीए, 97 प्रतिशत में बीपीएफ और 64 प्रतिशत में बीपीएस पाया गया।
ये तीनों रसायन बिस्फेनॉल समूह से संबंधित हैं। बीपीएफ और बीपीएस को कई उत्पादों में बीपीए के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। लेकिन अध्ययन में इनकी व्यापक मौजूदगी बताती है कि बीपीए के विकल्प भी मानव शरीर तक पहुंच रहे हैं। रिपोर्ट इसे 'रिग्रेटेबल सब्स्टीट्यूशन' यानी एक हानिकारक रसायन की जगह ऐसे दूसरे रसायन का इस्तेमाल करने का उदाहरण मानती है, जिसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित नहीं है। रिपोर्ट यह भी दर्ज करती है कि बीपीए का उत्पादन घट नहीं रहा है।
एक अन्य रसायन ट्राइफेनिल फॉस्फेट (टीपीपी) मनुष्यों में सबसे अधिक पाया जाने वाला एरिल ऑर्गेनोफॉस्फेट एस्टर है। कुछ अध्ययनों में यह 100 प्रतिशत नमूनों में पाया गया है। मां के दूध में इसके जमा होने के कारण नवजात शिशुओं का इसके संपर्क में आने का खतरा अधिक रहता है।
कंपनियों की जिम्मेदारी
रिपोर्ट में रसायनों के जोखिम को कम करने के लिए सरकारों के साथ उत्पाद बनाने वाली कंपनियों की जिम्मेदारी पर भी जोर दिया गया है।
यूएनईपी की निदेशक शीला अग्रवाल-खान के मुताबिक, जो कंपनियां समय रहते अपने उत्पादों में मौजूद रसायनों की जांच करेंगी, उनकी जानकारी सार्वजनिक करेंगी और सुरक्षित विकल्प अपनाएंगी, वे नियमन लागू होने से पहले ही उसके अनुरूप तैयार रहेंगी। उन्हें नियामकीय बदलाव लागू होने के बाद उसके साथ तालमेल बिठाने के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
रिपोर्ट की प्रस्तावना में हरित रसायन के बढ़ते बाजार का भी उल्लेख है। अनुमान है कि वर्ष 2035 तक ग्रीन केमिस्ट्री का बाजार 270 से 328 अरब डॉलर के पार पहुंच सकता है। वर्ष 2025 में हरित समाधानों के कुल बाजार मूल्य में विशेष पैकेजिंग उद्योग की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत थी।
डब्ल्यूएचओ के पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, वन हेल्थ और प्रवासन विभाग के कार्यवाहक निदेशक ब्रूस गॉर्डन ने कहा कि स्वास्थ्य की रक्षा के लिए हानिकारक रसायनों के संपर्क को होने से पहले ही रोकना जरूरी है। उन्होंने गर्भवती महिलाओं, बच्चों और आने वाली पीढ़ियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई।
रिपोर्ट में कुछ ऐसे उदाहरण भी दिए गए हैं जहां नियामक कार्रवाई के बाद पुराने ईडीसी से जुड़े नुकसान को सफलतापूर्वक पलटा जा सका। इससे पता चलता है कि सही नीतिगत और नियामक कदमों से इनके प्रभावों को कम करना संभव है। रिपोर्ट की प्रेस विज्ञप्ति भी स्वीकार करती है कि वैज्ञानिक अनिश्चितताएं अभी बनी हुई हैं, लेकिन इनके दूर होने का इंतजार किए बिना रोकथाम के उपाय शुरू किए जा सकते हैं।