कॉप-31: जलवायु संकट पर अल नीनो का दोहरा वार: दुनिया तपने को तैयार, गरीब देशों की बढ़ी चिंता

अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (नोआ) के जलवायु पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा अल नीनो की तीव्रता 'वेरी स्ट्रॉन्ग' यानी बेहद शक्तिशाली श्रेणी में पहुंच गई है
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।प्रतीकात्मक छवि, साभार: आईस्टॉक
Published on: 
सारांश
  • जलवायु संकट के बीच अल नीनो का खतरा बढ़ा, पिछले 1,000 वर्षों की सबसे शक्तिशाली मौसमी घटना बनने की आशंका।

  • तुर्किये में संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन कॉप-31 के बीच अल नीनो ने बढ़ाई चिंता, दुनिया पर मंडरा रहा मौसम की तबाही का खतरा।

  • धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

  • जलवायु परिवर्तन के साथ अल नीनो का दोहरा वार, मौसम के बिगड़ते मिजाज से गरीब देशों की मुश्किलें बढ़ने की आशंका।

  • वैज्ञानिकों की चेतावनी: बेहद शक्तिशाली अल नीनो बढ़ा सकता है वैश्विक तापमान, खेती, जल सुरक्षा और खाद्य आपूर्ति पर गहराएगा संकट।

अगर जलवायु संकट की तेजी से बिगड़ती रफ्तार भी देशों को तुर्किये में चल रही संयुक्त राष्ट्र की जलवायु वार्ता कॉप-31 में ठोस कदम उठाने के लिए मजबूर नहीं कर पा रही है, तो अब एक और बड़ा खतरा दुनिया की चिंता बढ़ा रहा है। यह खतरा है अल नीनो का, जिसके इस बार पिछले कम से कम 1,000 वर्षों के सबसे शक्तिशाली रूप में सामने आने की आशंका जताई जा रही है। इसकी मार पहले से तबाही झेल रही धरती पर मौसम का कहर और बढ़ा सकती है।

अमेरिका की नेशनल ओशनिक एंड एटमॉस्फेरिक एडमिनिस्ट्रेशन (नोआ) के जलवायु पूर्वानुमान केंद्र की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार, मौजूदा अल नीनो की तीव्रता 'वेरी स्ट्रॉन्ग' यानी बेहद शक्तिशाली श्रेणी में पहुंच गई है। यह इसकी तीव्रता की सबसे ऊंची श्रेणी है। ऐसे में दुनिया के सामने आने वाले महीनों में गर्मी, सूखे, बाढ़ और खाद्य संकट की चुनौती और गहरी हो सकती है।

आखिर क्या है अल नीनो?

अल नीनो प्रशांत महासागर की एक प्राकृतिक मौसमी घटना है। इसमें समुद्र के पूर्वी हिस्से का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म हो जाता है। इसका असर सिर्फ समुद्र तक सीमित नहीं रहता, बल्कि दुनिया के कई हिस्सों में बारिश, तापमान और हवाओं का संतुलन बदल जाता है।

कहीं सूखा पड़ता है तो कहीं मूसलाधार बारिश तबाही मचाती है। इस बार भी इसके संकेत दिखने लगे हैं। इंडोनेशिया में जंगलों की आग और फसलों की बर्बादी, अमेरिका के तटीय इलाकों में पानी का बढ़ता स्तर, सूडान में भयंकर सूखा और इक्वाडोर तथा सोमालिया में बाढ़ जैसी घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं।

यह भी पढ़ें
कॉप-31: धरती तप रही है, समंदर उबल रहा है; 2027 में अल नीनो बढ़ाएगा कहर: डब्ल्यूएमओ
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन की महासचिव सेलेस्टे साउलो ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन मौसम की घटनाओं को और तीव्र बना रहा है। ऐसे में अल नीनो इस खतरे को कई गुना बढ़ाने वाला साबित हो सकता है।

छोटे द्वीपों पर बड़ा संकट

प्रशांत महासागर में स्थित मार्शल आइलैंड्स की स्थिति इस संकट की गंभीरता बताती है। यह छोटा-सा द्वीपीय देश पीने के पानी के लिए काफी हद तक बारिश पर निर्भर है। यहां सूखे ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। देश को आपातकाल घोषित करना पड़ा है। देश के सामने दोहरी चुनौती है। एक तरफ समुद्र का बढ़ता स्तर घरों और पीने के पानी के स्रोतों के लिए खतरा बना हुआ है, दूसरी तरफ सूखे ने पहले ही दस्तक दे दी है।

यह भी पढ़ें
कॉप-31: जलवायु सम्मेलन में तेल-कंपनियों का जमावड़ा, आखिर किसके हित में हो रही है धरती बचाने की बात?
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

सवाल सीधा है -जिन देशों ने जलवायु संकट पैदा करने में सबसे कम भूमिका निभाई, आखिर तबाही का सबसे बड़ा बिल उन्हीं के हिस्से क्यों आ रहा है?

वादे अरबों के, मदद अधूरी

जलवायु संकट से लड़ने के लिए गरीब और विकासशील देशों को आर्थिक मदद की जरूरत है। पिछले साल अमीर देशों ने जलवायु अनुकूलन के लिए वित्तीय सहायता तीन गुना करने पर सहमति जताई थी। लेकिन जरूरत और उपलब्ध धन के बीच बड़ा अंतर बना हुआ है।

यह भी पढ़ें
कॉप-31: जलवायु संकट पर भारत की दोटूक: विकसित देश निभाएं अपना आर्थिक वादा
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

अनुमान है कि 2035 तक विकासशील देशों को हर साल 305 अरब डॉलर की जरूरत होगी। इसके मुकाबले अभी मिलने वाली सहायता बेहद कम है।

कॉप-31 में मार्शल आइलैंड्स के प्रवक्ता का कहना है कि अमीर देशों के पास सैन्य खर्च और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के लिए पैसा है, लेकिन जलवायु संकट से जूझ रहे देशों की मदद के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। यह नाराजगी अब अंतरराष्ट्रीय जलवायु वार्ताओं में भी साफ दिखाई दे रही है।

यह भी पढ़ें
कॉप-31 में नई वैश्विक पहल शुरू, जलवायु की भरोसेमंद जानकारी में एआई पर जोर
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

अफ्रीका में भूख और पलायन का खतरा

अल नीनो का सबसे गंभीर असर पूर्वी अफ्रीका में देखने को मिल सकता है। संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी (यूएनएचसीआर) के अनुसार, केन्या, सोमालिया, दक्षिण सूडान और युगांडा में करीब 30 लाख लोगों के विस्थापित होने का खतरा है।

केन्या में मक्के की पैदावार पहले ही 40 प्रतिशत तक गिरने की बात सामने आई है। इसका मतलब है कम अनाज, महंगा भोजन और पहले से संकट झेल रहे शरणार्थियों के लिए और मुश्किलें।

यह भी पढ़ें
कॉप-31: जलवायु संकट से जूझती दुनिया को सेहत की नई राह दिखाएगा एआईआर
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

अब वादों से नहीं, जमीन पर काम से बनेगी बात

वैज्ञानिकों का अनुमान है कि दिसंबर में अल नीनो अपने चरम पर पहुंच सकता है और अगले साल तक इसका असर बना रह सकता है। इससे गर्मी, फसल संकट, पानी की कमी और समुद्र में प्रवाल भित्तियों यानी कोरल रीफ के सफेद पड़ने का खतरा बढ़ेगा।

जलवायु वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाला दौर तेज होती ग्लोबल वार्मिंग जैसा महसूस हो सकता है। वहीं, पावर शिफ्ट अफ्रीका का कहना है कि सिर्फ घोषणाओं से फसलें नहीं बचतीं, लोगों को जमीन पर संसाधन चाहिए।

यह भी पढ़ें
तपती धरती की मार मां-बच्चे दोनों की सेहत पर; कॉप-31 में विशेष स्वास्थ्य दिशा-निर्देश की मांग
धरती की बढ़ती तपिश के बीच अल नीनो का प्रकोप, दुनिया के कई हिस्सों में सूखा, बाढ़ और भीषण गर्मी का खतरा।

सवाल अब सिर्फ यह नहीं है कि धरती कितनी गर्म होगी। असली सवाल यह है कि इस गर्म होती धरती पर सबसे कमजोर लोगों को बचाने की जिम्मेदारी कौन उठाएगा? जलवायु सम्मेलन में भाषण और वादे अपनी जगह हैं, लेकिन सूखे खेतों को पानी, भूखे परिवारों को भोजन और उजड़ते घरों को सुरक्षा चाहिए। वक्त आ गया है कि दुनिया कागजी संकल्पों से आगे बढ़े, क्योंकि मौसम इंतजार नहीं कर रहा।