

महाराष्ट्र के मराठवाड़ा क्षेत्र में सूखे का संकट अब खेतों से निकलकर किसानों के घरों तक पहुंच गया है। कहीं किसान की पूरी सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई है, तो कहीं बच्चों की स्कूल फीस भरने के लिए पशु बेचने पड़ रहे हैं। नदियां, नाले, कुएं और बोरवेल सूख रहे हैं। खरीफ की फसल हाथ से निकल चुकी है और रबी की बुवाई के लिए खेतों में नमी तक नहीं बची है। पिछले साल अतिवृष्टि और इस साल सूखे की मार ने किसानों को लगातार दूसरे वर्ष आर्थिक संकट में धकेल दिया है।
लातूर जिले के किसान विनोद मुळे के लिए इस साल सूखा सिर्फ फसल के नुकसान की कहानी नहीं है, बल्कि बच्चों की शिक्षा और परिवार का भविष्य बचाने की जद्दोजहद भी है। उनके पास छह एकड़ जमीन है। दो एकड़ में गन्ना और चार एकड़ में सोयाबीन की खेती की थी। सोयाबीन की पूरी फसल सूख गई। इस पर उन्होंने करीब 30 हजार रुपये खर्च किए थे, जो पूरी तरह डूब गए। गन्ने पर भी लगभग 40 हजार रुपये खर्च हो चुके हैं, लेकिन उससे कितना उत्पादन मिलेगा, इसका भरोसा नहीं है।
मुळे के दो बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। उनकी सालाना फीस करीब 80 हजार रुपये है। बच्चों की पढ़ाई बीच में न छूटे, इसलिए उन्हें अपनी गायें बेचनी पड़ीं। जिन गायों को उन्होंने दो लाख रुपये खर्च करके खरीदा था, उन्हें महज 70 हजार रुपये में बेचना पड़ा। इस पैसे से उन्होंने बच्चों की फीस भरी।
अब परिवार का खर्च चलाने के लिए मुळे को मजदूरी करनी पड़ रही है। लेकिन सूखे के कारण गांव में मजदूरी के काम भी उपलब्ध नहीं हैं। यानी खेती से आमदनी बंद है, पशुधन भी बिक चुका है और मजदूरी से भी गुजारा मुश्किल हो गया है।
धाराशिव जिले के किसान ज्ञानेश्वर गाडे की स्थिति भी इससे अलग नहीं है। उनके पास 15 एकड़ जमीन है। पिछले साल इसी जमीन से करीब चार लाख रुपये का सोयाबीन निकला था। लेकिन इस साल उन्होंने प्रति एकड़ 15 हजार रुपये खर्च किए, इसके बावजूद पूरी 15 एकड़ जमीन से चार क्विंटल सोयाबीन भी नहीं हुआ।
गाडे के सामने अब खेती के साथ परिवार चलाने का संकट है। खेत में पशुओं के पीने के लिए पानी नहीं है। खरीफ की फसल बर्बाद हो चुकी है और रबी की बुवाई के लिए खेतों में नमी नहीं है। ऐसे में बच्चों की शिक्षा का खर्च कैसे उठाएं और घर का गुजारा कैसे करें, यह उनकी सबसे बड़ी चिंता है।
लातूर जिले के ही किसान नवनाथ काकनाले ने पिछले साल अच्छी बारिश देखकर 10 एकड़ में गन्ने की खेती की थी। खाद, बीज, बेणे और खेत की तैयारी पर प्रति एकड़ करीब 50 हजार रुपये खर्च किए। लेकिन इस साल बारिश नहीं होने से गन्ने की बढ़वार प्रभावित हुई है। अब उन्हें प्रति एकड़ करीब 20 टन उत्पादन की उम्मीद है। तीन हजार रुपये प्रति टन का भाव भी मान लें, तो पिछले साल किया गया निवेश निकालना मुश्किल है। उनका कहना है कि गन्ने को फसल बीमा का लाभ नहीं मिलता और न ही पर्याप्त अनुदान।
304 तालुकों में फसलें बर्बाद, केंद्र से मांगे 15,386 करोड़ रुपये
किसानों की ये तीन कहानियां महाराष्ट्र में सूखे की व्यापक तस्वीर का हिस्सा हैं। राज्य सरकार की ओर से केंद्र को भेजी गई अंतिम सूखा रिपोर्ट के मुताबिक, राज्य के 304 तालुकों में सूखा घोषित किया गया है। करीब 37 हजार गांवों में सूखे की स्थिति दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में लगभग 1 करोड़ 41 लाख 53 हजार हेक्टेयर क्षेत्र की फसलों को 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान हुआ है। इस नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से 15,386.19 करोड़ रुपये की सहायता मांगी है।
राज्य सरकार ने दुष्काल प्रभावित किसानों के लिए पांच हजार रुपये की अग्रिम सहायता देने की भी घोषणा की है। हालांकि, किसानों के सामने तत्काल राहत के साथ अगली फसल के लिए पानी, बीज, खाद और खेती की लागत जुटाने की चुनौती बनी हुई है।
खरीफ के बाद रबी पर भी सूखे का साया
सूखे का असर अब सिर्फ खरीफ फसलों तक सीमित नहीं है। बारिश में लंबे अंतराल के कारण भूजल स्तर में अपेक्षित वृद्धि नहीं हुई। नदियां, नाले, कुएं और बोरवेल सूखने से पीने के पानी के साथ पशुओं के लिए पानी जुटाना भी मुश्किल हो रहा है।
खेतों में नमी नहीं होने से रबी की बुवाई प्रभावित हो रही है। ऐसे में जिन किसानों ने खरीफ में नुकसान उठाया है, उनके सामने अगली फसल लेने का विकल्प भी सीमित होता जा रहा है।
महाराष्ट्र में सूखा अब सिर्फ कृषि उत्पादन का संकट नहीं रह गया है। इसका असर किसानों की शिक्षा, पशुपालन, ग्रामीण रोजगार और परिवार की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। विनोद मुळे को बच्चों की फीस के लिए गायें बेचनी पड़ीं, ज्ञानेश्वर गाडे की 15 एकड़ जमीन से फसल नहीं निकली और नवनाथ काकनाले का गन्ना लागत निकालने की स्थिति में नहीं है।
पिछले साल अतिवृष्टि और इस साल सूखे ने किसानों की आर्थिक स्थिति को लगातार कमजोर किया है। ऐसे में सवाल सिर्फ फसल नुकसान के मुआवजे का नहीं है। सवाल यह है कि जब खेतों में पानी नहीं, गांवों में रोजगार नहीं और परिवार चलाने के साधन भी खत्म हो रहे हैं, तो किसान अगली फसल तक कैसे पहुंचेगा।