इंडोनेशिया में इस साल जंगलों की आग ने 88 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को जलाकर भारी तबाही मचाई। प्रतीकात्मक छवि, फोटो साभार: आईस्टॉक
जलवायु

इंडोनेशिया में जंगलों की आग का कहर; अल नीनो व जलवायु परिवर्तन ने बढ़ाई तबाही: कॉपरनिकस

88 हजार वर्ग किलोमीटर जंगल जले, हजारों लोगों की मौत और लाखों लोग सांस की बीमारियों से परेशान; सिंगापुर, मलेशिया और फिलीपींस तक पहुंचा धुएं का जाल

Dayanidhi

  • इंडोनेशिया में इस साल जंगलों की आग ने 88 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र को जलाकर भारी तबाही मचाई।

  • आग से करीब 200 मेगाटन कार्बन उत्सर्जित हुआ, जो वर्ष 2003 के बाद तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है।

  • जहरीले धुएं से 5,250 से अधिक लोगों की मौत और करीब चार लाख लोग श्वसन संक्रमण से प्रभावित हुए।

  • अल नीनो, भीषण गर्मी, कम बारिश और जलवायु परिवर्तन ने जंगलों की आग को और भयानक बना दिया।

  • आग का धुआं सिंगापुर, मलेशिया और फिलीपींस तक पहुंचा, जिससे स्वास्थ्य, पर्यावरण और अर्थव्यवस्था पर गंभीर असर पड़ा।

दक्षिण-पूर्व एशिया के जंगल इस साल आग की लपटों में घिरे रहे। इंडोनेशिया और पड़ोसी देश पापुआ न्यू गिनी में भीषण गर्मी, बारिश की कमी और अल नीनो की मजबूत परिस्थितियों ने आग को विकराल रूप दे दिया। जलवायु परिवर्तन ने इस संकट को और गंभीर बना दिया। जंगलों में लगी आग ने न केवल पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया, बल्कि लाखों लोगों की जिंदगी और सेहत पर भी गहरा असर डाला।

यूरोपीय केंद्र मध्यम अवधि मौसम पूर्वानुमान (ईसीएमडब्ल्यूएफ) के तहत काम करने वाली कॉपरनिकस एटमॉस्फियर मॉनिटरिंग सर्विस (सीएएमएस) की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 नवंबर तक इंडोनेशिया में इस साल आग से होने वाला कुल कार्बन उत्सर्जन करीब 200 मेगाटन तक पहुंच गया। वर्ष 2003 के बाद यह तीसरा सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे अधिक उत्सर्जन केवल 2006 और 2015 में दर्ज किया गया था। वर्ष 2015 में आग से करीब 400 मेगाटन कार्बन उत्सर्जित हुआ था।

2003 के बाद सबसे भयावह आग के मौसमों में शामिल

आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इंडोनेशिया के जंगलों में इस साल 88 हजार वर्ग किलोमीटर से अधिक क्षेत्र जलकर राख हो गया। पड़ोसी देश पापुआ न्यू गिनी में भी आग से होने वाला उत्सर्जन 2003 के बाद दूसरे सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया।

दिलचस्प बात यह है कि 2006 और 2015 में भी अल नीनो की स्थिति बनी हुई थी। इससे साफ होता है कि अल नीनो दक्षिण-पूर्व एशिया में जंगलों की आग को भड़काने वाला एक बड़ा कारक है। हालांकि इस साल की आग को केवल अल नीनो के खाते में नहीं डाला जा सकता। मानव गतिविधियों से बढ़ता जलवायु परिवर्तन भी इसके पीछे बड़ी वजह है।

जुलाई से नवंबर तक धुएं की गिरफ्त में रहा इलाका

इंडोनेशिया में आग की शुरुआत के संकेत जुलाई के आखिरी सप्ताह में मिलने लगे थे। अगस्त की शुरुआत से नवंबर की शुरुआत तक जंगलों में आग और धुएं का सिलसिला लगातार जारी रहा। खासतौर पर कालीमंतन और सुमात्रा में कई दिनों तक हवा की गुणवत्ता बेहद खराब बनी रही।

हालांकि, पूरे देश के आंकड़े एक जैसी तस्वीर पेश नहीं करते। पश्चिमी कालीमंतन में आग से होने वाला उत्सर्जन 2003 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया। मध्य कालीमंतन और पापुआ में भी आग की स्थिति पिछले रिकॉर्ड के करीब रही। दूसरी ओर, सुमात्रा में आग का प्रकोप औसत से अधिक जरूर था, लेकिन 2015 जैसी भयावह स्थिति नहीं बनी।

धुएं ने ली हजारों की जान, लाखों बीमार

जंगलों की आग का सबसे दर्दनाक असर आम लोगों की जिंदगी पर पड़ा। सेंटर फॉर रिसर्च ऑन एनर्जी एंड क्लीन एयर (सीआरईए) के अनुसार, आग से निकले जहरीले धुएं के कारण अब तक 5,250 से अधिक लोगों की मौत और करीब चार लाख श्वसन संक्रमण के मामले सामने आए हैं।

आग और धुएं ने इंडोनेशिया की सीमाएं भी पार कर लीं। सिंगापुर, मलेशिया और फिलीपींस तक जहरीली धुंध फैल गई। सिंगापुर में कई वर्षों के सबसे खराब धुंध संकटों में से एक देखने को मिला। इससे स्वास्थ्य, परिवहन और कारोबार प्रभावित हुए। आर्थिक नुकसान अरबों डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है।

इस आग ने वन्यजीवों, खासकर संकटग्रस्त प्रजातियों के प्राकृतिक आवास को भी भारी नुकसान पहुंचाया। वैश्विक आपूर्ति शृंखलाओं पर भी इसका असर पड़ा।

अल नीनो, जलवायु परिवर्तन और पीटलैंड का खतरनाक मेल

विशेषज्ञों के मुताबिक, अल नीनो के दौरान दक्षिण-पूर्व एशिया में तापमान बढ़ता है और बारिश कम होती है। इससे जंगल सूख जाते हैं और आग लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।

इंडोनेशिया के पीटलैंड यानी दलदली जैविक भूमि इस संकट को और गंभीर बनाते हैं। कृषि के लिए इन इलाकों की जमीन को सुखाया जाता है। इससे मिट्टी में जमा जैविक पदार्थ आग की चपेट में आसानी से आ जाते हैं। पीट की आग जमीन के भीतर भी लंबे समय तक सुलगती रहती है और भारी मात्रा में जहरीला धुआं तथा ग्रीनहाउस गैसें छोड़ती है।

सीएएमएस के मुताबिक, तेज गर्मी और बारिश की कमी ने इस साल आग के लिए अनुकूल परिस्थितियां तैयार कीं। अल नीनो आग का एक बड़ा कारण हो सकता है, लेकिन यह अकेला कारण नहीं है।

अब कार्रवाई का वक्त

इंडोनेशिया और आसियान के अन्य देशों ने मौसमी जंगलों की आग को रोकने के लिए कई प्रयास किए हैं। इसके बावजूद इस साल की भयावह स्थिति ने साफ कर दिया है कि केवल मौसमी उपाय पर्याप्त नहीं हैं। जंगलों की निगरानी, पीटलैंड का संरक्षण, अवैध भूमि-सफाई पर रोक और समय रहते आग बुझाने की व्यवस्था मजबूत करनी होगी।

सवाल केवल जंगलों को बचाने का नहीं है। सवाल करोड़ों लोगों की सांसों, जैव विविधता और धरती के भविष्य का भी है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो जंगलों की आग हर साल और बड़ा संकट बन सकती है। जलवायु परिवर्तन की चेतावनी अब धुएं के रूप में आसमान में दिखाई दे रही है।