लेबनान ने ऑक्सामिल युक्त कीटनाशकों के पंजीकरण और आयात पर लगाया पूर्ण प्रतिबंध, भारत सरकार ने जारी की सूचना

यह कदम सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण सुरक्षा और “सतत कृषि उत्पादन” सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है
फाइल फोटो
फाइल फोटो
Published on

भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने एक सार्वजनिक नोटिस जारी कर बताया है कि लेबनान के कृषि मंत्रालय ने ऑक्सामिल सक्रिय तत्व वाले कृषि कीटनाशकों के पंजीकरण और आयात पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।

यह जानकारी भारत स्थित लेबनान दूतावास द्वारा भेजे गए आधिकारिक नोट के आधार पर साझा की गई है। लेबनान के कृषि मंत्रालय ने 22 सितंबर 2025 को जारी रिजॉल्यूशन 516/1 के माध्यम से यह लागू किया गया है।

रिजॉल्यूशन के अनुसार, यह कदम सार्वजनिक स्वास्थ्य, पर्यावरण सुरक्षा और “सतत कृषि उत्पादन” सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। ऑक्सामिल एक अत्यधिक विषाक्त कार्बामेट वर्ग का कीटनाशक है, जिसके मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर दुष्प्रभाव को लेकर कई देशों में चिंताएं जताई जाती रही हैं।

पंजीकरण पर पूर्ण रोक

लेबनान ने तय किया है कि ऑक्सामिल युक्त किसी भी कृषि कीटनाशक को देश में पंजीकृत नहीं किया जाएगा और इन कीटनाशकों का लेबनानी क्षेत्र में प्रवेश भी तुरंत प्रभाव से रोक दिया गया है।

कुछ खेप को तभी छूट मिलेगी यदि वे प्रमाणित दस्तावेजो से सिद्ध कर सकें कि आदेश जारी होने से पहले उनका लेटर ऑफ क्रेडिट खुल चुका था या माल पहले ही लेबनान के लिए भेजा जा चुका था।

वहीं, लेबनान के भीतर जिन कंपनियों के पास पहले से लाइसेंस है, वे ऑक्सामिल आधारित उत्पादों को केवल उनकी समाप्ति तिथि तक बेच सकेंगी।

समाप्ति तिथि के बाद दो महीने के भीतर समाप्त मात्रा की सूचना मंत्रालय के प्लांट प्रोटेक्शन विभाग को देनी होगी। शेष बची अन्य मात्रा की जानकारी तुरंत उपलब्ध करानी होगी।

भारत के केंद्रीय कीटनाशक बोर्ड (सीआईबीएंडआरसी) व कृषि मंत्रालय ने इस सूचना को सभी पंजीकृत कंपनियों, व्यापार संगठनों और संबंधित हितधारकों को साझा किया है। उद्देश्य यह है कि वे अंतरराष्ट्रीय नीतिगत बदलावों से अवगत रहें, विशेषकर उन देशों के जहां वे निर्यात करते हैं या जिनके साथ कृषि रसायन व्यापार जुड़ा हुआ है।

ऑक्सामिल को अत्यधिक विषाक्त माना जाता है और विभिन्न देशों में इस पर प्रतिबंध या कड़े नियंत्रण लागू हैं। लेबनान का यह कदम भी उसी वैश्विक प्रवृत्ति का हिस्सा प्रतीत होता है।

क्या भारत में ऑक्सामिल उपयोग में है?

भारत की सार्वजनिक रूप से उपलब्ध “पंजीकृत कीटनाशक” सूची में वर्तमान में ऑक्सामिल का नाम नहीं मिलता, हालांकि यह भी स्पष्ट नहीं है कि यह पदार्थ भारत में आधिकारिक रूप से पंजीकृत रहा है या नहीं। भारत सरकार ने ऑक्सामिल पर प्रतिबंध या स्वीकृति से संबंधित कोई आधिकारिक स्थिति इस नोटिस में स्पष्ट नहीं की है।

वैश्विक स्तर पर उच्च विषाक्तता वाले कीटनाशकों को लेकर नियमन और कड़े हो रहे हैं।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in