नई गाइडबुक बताएगी कि कम संसाधनों में कैसे बढ़ाएं कृषि उत्पादन

कम संसाधनों में अधिक उत्पादन: एफएओ की नई गाइडबुक से किसानों को मिलेगा व्यावहारिक मार्गदर्शन
नई गाइडबुक बताएगी कि कम संसाधनों में कैसे बढ़ाएं कृषि उत्पादन
फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on: 

संयुक्त राष्ट्र के खाद्य एवं कृषि संगठन (एफएओ) ने एक नया प्रकाशन जारी किया है, जिसमें दुनिया भर में फसल उत्पादन के तौर-तरीकों में बदलाव की जरूरत बताई गई है।

इसमें देशों से कम संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए कृषि उत्पादकता बढ़ाने, खेती को जलवायु और अन्य चुनौतियों के प्रति अधिक लचीला बनाने तथा फसलों के नुकसान, प्रदूषण और ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कटौती करने का आह्वान किया गया है।

‘ऑप्टिमाइजेशन एंड मिनिमाइजेशन: टुवर्ड्स सस्टेनेबल प्लांट प्रोडक्शन’ नामक इस प्रकाशन में बताया गया है कि विज्ञान, तकनीक, नवाचार और अनुकूल नीतियों की मदद से इस लक्ष्य को कैसे हासिल किया जा सकता है। एफएओ ने इसे ‘कम संसाधनों में अधिक और बेहतर उत्पादन’ का दृष्टिकोण बताया है।

यह गाइड सरकारी अधिकारियों और नीति निर्माताओं, किसानों, कृषि क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों, उद्योग, शिक्षण संस्थानों, शोधकर्ताओं, नागरिक संगठनों और विकास भागीदारों के लिए तैयार की गई है। इसका उद्देश्य कृषि-खाद्य प्रणालियों को अधिक टिकाऊ बनाने की दिशा में काम कर रहे सभी हितधारकों को व्यावहारिक मार्गदर्शन देना है।

दुनिया की कृषि-खाद्य प्रणालियां आबादी में बदलाव, पर्यावरणीय चुनौतियों और जलवायु परिवर्तन के बढ़ते दबाव का सामना कर रही हैं। एफएओ के मुताबिक, हर साल फसल कीट दुनिया के कुल कृषि उत्पादन का 40 फीसदी तक नष्ट कर देते हैं।

इस प्रकाशन में बीज प्रणाली, फसल उत्पादन प्रणाली, संसाधनों के कुशल इस्तेमाल, एकीकृत कीट प्रबंधन, कीटनाशकों के प्रबंधन, कृषि मशीनीकरण और डिजिटल तकनीक जैसे विषयों को शामिल किया गया है। इसके अलावा कृषि विस्तार सेवाओं और किसानों को सलाह देने वाली व्यवस्थाओं पर भी जोर दिया गया है।

एफएओ के महानिदेशक क्यू डोंग्यू ने प्रकाशन की प्रस्तावना में लिखा है कि टिकाऊ फसल उत्पादन की दिशा में बदलाव बेहद जरूरी है। ऐसा बदलाव होना चाहिए, जिसमें पर्यावरण का संरक्षण करते हुए कृषि उत्पादकता को अधिकतम किया जा सके।

2050 तक अतिरिक्त खाद्य जरूरत का 80 फीसदी फसल उत्पादन से पूरा होगा

एफएओ के अनुसार, दुनिया में लोग जितनी कैलोरी का उपभोग करते हैं, उसमें 80 फीसदी से अधिक की आपूर्ति फसल उत्पादन से होती है। वर्ष 2050 तक दुनिया को जितने अतिरिक्त खाद्य उत्पादन की जरूरत होगी, उसका लगभग 80 फीसदी हिस्सा भी फसलों से ही पूरा होने की उम्मीद है।

नई गाइड में फसल उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए पांच प्रमुख क्षेत्रों को एक-दूसरे से जोड़कर देखने की बात कही गई है। इनमें बीज प्रणाली, फसल उत्पादन प्रणाली, एकीकृत पौध कीट प्रबंधन, कृषि मशीनीकरण और कृषि विस्तार एवं सलाहकार सेवाएं शामिल हैं।

इन पांचों क्षेत्रों के बेहतर तालमेल से किसानों को स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल उच्च गुणवत्ता वाले बीज मिल सकेंगे। साथ ही वे वैज्ञानिक तरीकों से खेती कर पाएंगे, कीटनाशकों के अनावश्यक इस्तेमाल को कम करते हुए फसलों को कीटों से बचा सकेंगे और श्रम तथा अन्य संसाधनों का अधिक कुशलता से उपयोग कर सकेंगे। इससे किसानों को उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ अपनी आजीविका बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी।

यह मॉड्यूलर गाइड एफएओ के रणनीतिक ढांचे 2022-31 के अनुरूप तैयार की गई है। इसका विशेष जोर उन छोटे किसानों और कृषि प्रणालियों पर है, जहां खेती में बाहरी संसाधनों का इस्तेमाल सीमित है।

एफएओ के रणनीतिक ढांचे के केंद्र में चार लक्ष्य हैं। बेहतर उत्पादन, बेहतर पोषण, बेहतर पर्यावरण और बेहतर जीवन। इनके जरिए भूख और गरीबी समाप्त करने, असमानता घटाने और सतत विकास के 2030 एजेंडे को गति देने का लक्ष्य रखा गया है।

यह प्रकाशन शोधकर्ताओं, कृषि विस्तार अधिकारियों, किसानों और नीति निर्माताओं के लिए एक व्यावहारिक संदर्भ सामग्री के रूप में काम करेगा, ताकि फसल उत्पादन प्रणालियों को अधिक टिकाऊ, जलवायु के प्रति लचीला और समावेशी बनाया जा सके।