फाइल फोटो
फाइल फोटो

दक्षिण भारत में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में तापमान बढ़ेगा

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार 21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु तथा केरल एवं माहे में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है
Published on

देश के दक्षिणी हिस्सों में अगले दो दिनों के दौरान मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार 21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु तथा केरल एवं माहे में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ 30–40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने बताया है कि 20 और 23 फरवरी को केरल एवं माहे में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक की गतिविधि जारी रह सकती है। समुद्री क्षेत्रों खासकर मन्नार की खाड़ी, श्रीलंका तट और दक्षिण अंडमान सागर में 40 से 50 किमी/घंटा (झोंकों में 60 किमी/घंटा) की तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।

उत्तर भारत में बढ़ेगा तापमान

उत्तर भारत में फिलहाल बारिश की बड़ी गतिविधि नहीं दिख रही है, लेकिन तापमान में बढ़ोतरी का दौर शुरू हो सकता है। अगले छह दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 3–4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में भी 2–3 डिग्री की वृद्धि हो सकती है।

हिमालयी क्षेत्र में हल्की गतिविधि बनी रह सकती है। हिमाचल प्रदेश में 23 फरवरी और उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच कहीं-कहीं बारिश या हिमपात की संभावना जताई गई है।

पूर्वी भारत में हल्की बारिश

पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में हल्की मौसमीय गतिविधि देखने को मिल सकती है। 23–24 फरवरी को ओडिशा और 24 फरवरी को गंगीय पश्चिम बंगाल तथा झारखंड में कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है।

तापमान का ताजा हाल

मैदानी इलाकों में सबसे कम न्यूनतम तापमान अमृतसर में 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान केरल के कोट्टायम में 37.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

किसानों के लिए सलाह

मौसम विभाग ने तमिलनाडु और केरल के किसानों को सलाह दी है कि पकी हुई धान की फसल की कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें और खेतों की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखें। तेज हवाओं को देखते हुए केले, सब्जियों और बागवानी फसलों को सहारा देने की भी सलाह दी गई है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in