संसद में सरकार ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम चक्र में बदलाव हो रहा है

संसद में मंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि साल 2023 में समुद्र तटों पर प्लास्टिक का कचरा 43 फीसदी था जो कि 2024 में स्थिर रहा।
संसद में सरकार ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम चक्र में बदलाव हो रहा है
Published on

मौसम चक्र में बदलाव

मौसम में बदलाव को लेकर संसद में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में आज, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में बताया कि सरकार के द्वारा जलवायु परिवर्तन के कारण मौसम चक्र में होने वाले बदलावों को देखा गया है। पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की रिपोर्ट "भारतीय क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन का आकलन" में इसका विस्तृत विवरण दिया गया है।

स्कूली पाठ्यक्रम में अनिवार्य विषय के रूप में पर्यावरण अध्ययन

आज संसद में उठाए गए एक सवाल के लिखित जवाब में, शिक्षा मंत्रालय में राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने राज्यसभा में कहा कि राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (स्कूली शिक्षा) 2023 ने स्कूली शिक्षा में अध्ययन के साथ जुड़े विषय के रूप में पर्यावरण शिक्षा को शामिल करने की अनुशंसा की गई है। तदनुसार, पर्यावरण शिक्षा स्कूली शिक्षा का एक अभिन्न अंग रही है, जो स्कूली शिक्षा के लिए मौजूदा पाठ्यक्रम से स्पष्ट है। स्कूली शिक्षा के सभी चरणों में पर्यावरण से संबंधित अवधारणाओं और चिंताओं को विभिन्न विषयों में उचित रूप से शामिल किया गया है।

महाराष्ट्र के रत्नागिरी में जैतापुर परमाणु ऊर्जा संयंत्र

संसद में उठे एक सवाल का जवाब देते हुए आज, कार्मिक, लोक शिकायत और पेंशन तथा प्रधानमंत्री कार्यालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में बताया कि फ्रांस के सहयोग से महाराष्ट्र के जैतापुर में परमाणु ऊर्जा की 1730 मेगावाट की छह इकाइयां स्थापित करने की परिकल्पना की गई है। परियोजना के पूरा होने पर यह 24 घंटे और हफ्ते के सातों दिन 10,380 मेगावाट स्वच्छ बेस लोड बिजली उत्पन्न करेगी जो देश का सबसे बड़ा बिजलीघर होगा।

यह सरकार द्वारा परमाणु ऊर्जा मिशन के तहत 2047 तक घोषित 100 गीगावाट परमाणु ऊर्जा क्षमता का दसवां हिस्सा होगा, ताकि 2047 तक विकसित भारत और 2070 तक नेट जीरो के हमारे उद्देश्यों को हासिल किया जा सके।

छत पर सौर पैनल

आज संसद में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में, नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा और बिजली राज्य मंत्री श्रीपद येसो नाइक ने लोकसभा में कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना (पीएमएसजी: एमबीवाई) के शुरुआती साल यानी वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान, इस योजना के तहत सौर छत संयंत्रों की स्थापना के माध्यम से कुल 12 लाख परिवारों को लाभ मिलने की संभावना है।

10 मार्च, 2025 तक छत पर सौर संयंत्रों की स्थापना के माध्यम से कुल 10.09 लाख आवासीय परिवारों को इस योजना के तहत लाभ मिला है।

महासागरीय इलाकों में जलवायु परिवर्तन के प्रतिकूल प्रभाव

महासागरों में जलवायु में बदलाव से पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को लेकर सदन में एक सवाल उठाया गया। सवाल का लिखित जवाब देते हुए आज, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में बताया कि पिछले कुछ दशकों में हिंद महासागर तेजी से गर्म हो रहा है

संवर्धित पुनर्निर्मित समुद्री सतह का तापमान (ईआरएसएसटी वी4) पर आधारित एक अनुमान बताता है कि उष्णकटिबंधीय हिंद महासागर 1951-2015 के दौरान प्रति दशक 0.15 डिग्री सेल्सियस की दर से गर्म हो रहा है।

अरब सागर के लिए 1982-2019 के दौरान एसएसटी प्रवृत्ति दिखाती है कि हाल के दशक में लगभग 1.5 डिग्री सेल्सियस की सालाना असामान्य गर्मी अरब सागर के उत्तरी भाग तक सीमित है और दक्षिणी अरब सागर के कुछ हिस्सों में लगभग 0.75 डिग्री सेल्सियस है।

इस तेज गर्मी के कारण, समुद्री लू की अवधि उत्तरी अरब सागर और भारत के पश्चिमी तट के करीब दक्षिण-पूर्वी अरब सागर में प्रति दशक लगभग 20 दिनों की तेजी से बढ़ती प्रवृत्ति प्रदर्शित करती है, जो 1980 के दशक से समुद्री हीटवेव या लू के दिनों में कई गुना वृद्धि है। इसके अलावा लंबे समय तक चलने वाली हीटवेव दिन भी प्रमुख जलवायु से जुड़े हैं।

अल नीनो का खत्म होता चरण हिंद महासागर बेसिन में 70-80 फीसदी से अधिक हीटवेव के दिनों में योगदान देने वाला सबसे प्रभावशाली कारण है।

साथ ही पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय ने 2020 में ‘भारतीय क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन का आकलन’ नामक एक रिपोर्ट प्रकाशित की है, जिसमें भारतीय उपमहाद्वीप पर जलवायु परिवर्तन के प्रभाव का व्यापक आकलन शामिल है।

दुनिया भर में एआई क्षमताओं में भारत की रैंकिंग

सदन में पूछे गए एक प्रश्न के उत्तर में आज, इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने लोकसभा में कहा कि भारत को प्रौद्योगिकी और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में कौशल की राजधानी माना जाता है। सबसे विश्वसनीय एआई रैंकिंग भारत को एआई कौशल पैठ, एआई परियोजना विकास क्षमताओं और एआई नीति कार्यान्वयन में शीर्ष देशों में रखती है। स्टैनफोर्ड एआई इंडेक्स 2024 के अनुसार, भारत को एआई कौशल पैठ में पहला स्थान दिया गया है।

स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय ने 42 संकेतकों के आधार पर वैश्विक और राष्ट्रीय एआई जीवंतता रैंकिंग में अमेरिका, चीन और यूके के साथ भारत को शीर्ष चार देशों में स्थान दिया है। डेवलपर्स के एक समुदाय गिल्टहब ने सभी एआई परियोजनाओं में 24 फीसदी की वैश्विक हिस्सेदारी के साथ भारत को शीर्ष पर रखा है।

समुद्र तटों पर प्रदूषण

समुद्र के तटों पर प्रदूषण को लेकर संसद में उठे एक सवाल का जवाब देते हुए आज, विज्ञान और प्रौद्योगिकी और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने लोकसभा में राष्ट्रीय तटीय अनुसंधान केंद्र (एनसीसीआर) के अध्ययन का हवाला दिया। सिंह ने कहा कि एनसीसीआर पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय से जुड़ा कार्यालय है, इसके द्वारा किए गए विभिन्न अध्ययनों द्वारा एकत्र किए गए आंकड़ों के आधार पर, समुद्र तट के पर्यावरण पर सबसे प्रमुख प्रदूषकों में से एक प्लास्टिक कचरा पाया गया।

अध्ययन किए गए समुद्र तटों पर प्लास्टिक कचरे का मुख्य स्रोत सार्वजनिक रूप से फैला कचरा है, इसके बाद बिना स्रोत वाला कचरा और मछली पकड़ने की गतिविधि से संबंधित कचरा है। एनसीसीआर द्वारा किए गए अध्ययन के अनुसार, 2021 में समुद्र तट पर प्लास्टिक का कचरा 74 फीसदी था। फिर इसमें तेजी से गिरावट आई और 2022 तक यह 40 फीसदी रह गया। साल 2023 में समुद्र तट पर प्लास्टिक का कचरा 43 फीसदी था जो कि 2024 में स्थिर रहा।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in