प्रयागराज में पारा 46 डिग्री पार, उत्तर में लू व पूर्वोत्तर में भारी बारिश के आसार

अगले चार से पांच दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश समेत इन राज्यों में दस्तक देगा मॉनसून
उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान अपने चरम पर है जिसके कारण झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है।
उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान अपने चरम पर है जिसके कारण झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on

जलती चुभती गर्मी के बीच मॉनसून भी धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है, मौसम विभाग की मानें तो अगले चार से पांच दिनों के दौरान महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के शेष हिस्सों तथा बिहार के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के दस्तक देने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के इलाकों में एक चक्रवाती प्रसार लगातार बना हुआ है। पूर्व-पश्चिम हवाओं का गर्त उत्तर प्रदेश के मध्य भागों से पूर्वी मेघालय के निचले स्तरों तक जारी है। वहीं, निचले स्तरों पर बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर के राज्यों तक तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का दौर जारी है।

मौसम संबंधी इन गतिविधियों के चलते आज, मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने के आसार हैं, यहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।

वहीं आज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है, इन हिस्सों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

आज, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बादलों के बरसने का अनुमान लगाया गया है।
वहीं कल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में जमकर बरसे बादल।

आज, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, बिहार, झारखंड, ओडिशा, मराठवाड़ा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है

वहीं आज, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना के अलग-अलग हिस्सों में वज्रपात होने तथा तेज हवाएं चलने के आसार हैं। जबकि, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग इलाकों में वज्रपात होने के आसार जताए गए हैं।

तापमान में उतार चढ़ाव
उत्तर और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में तापमान अपने चरम पर है जिसके कारण झुलसाने वाली गर्मी पड़ रही है। वहीं कल, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।

कल देश भर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 46.9 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में उस्मानाबाद के मराठवाड़ा में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां चलेगी लू या हीटवेव
मौसम विभाग के मुताबिक आज, उत्तर प्रदेश के अधिकतर इलाकों, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब के कुछ हिस्सों, झारखंड, उत्तराखंड के कुछ इलाकों में भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, जम्मू के अलग-अलग हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों और बिहार के कुछ हिस्सों में गर्म हवाएं चलने के आसार हैं।

वहीं कल, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों, बिहार के कुछ हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटवर्ती इलाकों, दक्षिणी उत्तराखंड, उत्तरी ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को भीषण लू का प्रकोप झेलना पड़ा।

कल, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों, पंजाब, झारखंड के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू का प्रकोप रहा।

मौसम विभाग की मानें तो आज, पंजाब, हरियाणा,चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में रातों के मौसम के गर्म रहने की आशंका है। जबकि आज, ओडिशा में गर्म और नमी भरे मौसम से राहत मिलने के आसार नहीं हैं।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, अरब सागर के मध्य भागों, श्रीलंका तट, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, बंगाल की खाड़ी के पश्चिम-मध्य, सोमालिया तट, दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम मध्य अरब सागर, ओमान तट उसके आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 14 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, कोंकण और गोवा के कई हिस्सों, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल और माहे के कुछ हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, छत्तीसगढ़, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 14 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के जलपाईगुड़ी, कलिम्पोंग प्रत्येक जगह 9 सेमी, असम और मेघालय के पूर्वी खासी हिल में 4 सेमी, पश्चिमी खासी हिल्ल, जंतिया हिल्स, बोंगाईगांव, लखीमपुर, नलबाड़ी और कलाक्षेत्र प्रत्येक जगह 2 सेमी, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कोवहाई, और सेरछिप हर जगह 3 सेमी, दीमापुर, उत्तरी त्रिपुरा हर जगह 2 सेमी, अरुणाचल प्रदेश के लोहित, कुरुंग कामे हर जगह 3 सेमी, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के श्रीकाकुलम में 3 सेमी, मराठवाड़ा के लातूर में 4 सेमी, परभणी में 3 सेमी, तेलंगाना के निर्मल में 3 सेमी, जगतियाल में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in