कई राज्यों में भीषण गर्मी, पूर्वोत्तर व दक्षिण में भारी बारिश, आंधी-तूफान, ओले गिरने की चेतावनी

भीषण गर्मी से उत्तर भारत बेहाल, कई राज्यों में हीटवेव का अलर्ट; 28 मई से बदलेगा मौसम, बारिश और तेज हवाओं से मिल सकती है राहत।
आज, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू चलने का अंदेशा जताया गया है।
आज, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू चलने का अंदेशा जताया गया है। फोटो साभार: आईस्टॉक
Published on
सारांश
  • उत्तर भारत में भीषण गर्मी जारी, दिल्ली-एनसीआर सहित कई राज्यों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंचने के आसार।

  • 28 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना, उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश और तेज हवाओं से राहत मिल सकती है।

  • देश के कई हिस्सों में लू और भीषण लू का अलर्ट जारी, छत्तीसगढ़, राजस्थान, यूपी और एमपी प्रभावित रहेंगे।

  • पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी, ओले, बिजली गिरने और तेज हवाओं का खतरा।

  • मानसून आगे बढ़ने के अनुकूल हालात, आने वाले दिनों में बारिश बढ़ेगी, तापमान में गिरावट और खरीफ बुवाई को बढ़ावा मिलेगा।

कई राज्यों में इस समय भीषण गर्मी का दौर जारी है। उत्तर भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में तापमान लगातार बहुत ज्यादा बना हुआ है। मौसम विभाग के द्वारा आज सुबह, 27 मई, 2026 को जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।

हालांकि 28 मई से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसके कारण मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। कई इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी।

कहां चलेगी लू या हीटवेव?

मौसम विभाग के अनुसार, आज 27 मई, 2026 को छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, झारखंड, ओडिशा, तेलंगाना और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में लू या हीटवेव चलने की आशंका है। इन राज्यों में दिन का तापमान सामान्य से काफी अधिक रह सकता है। तेज गर्म हवाओं के कारण लोगों को बाहर निकलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

वहीं आज, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और विदर्भ में भीषण लू चलने का अंदेशा जताया गया है। इन राज्यों में तापमान बहुत अधिक रहने के आसार हैं और कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय घरों से बाहर न निकलने की सलाह दी है।

कहां-कहां रहेगी उमस भरी गर्मी?

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि आज, पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों, कोंकण और गोवा, ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में गर्म और उमस भरा मौसम बने रहने के आसार हैं। दिन में तेज धूप और हवा में नमी के कारण लोगों को ज्यादा थकान और बेचैनी महसूस हो सकती है।

कई राज्यों में गर्म रातों का असर

मौसम विभाग ने हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, मध्य प्रदेश, पंजाब, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और विदर्भ के कुछ इलाकों में “वार्म नाइट” की स्थिति बने रहने की आशंका जताई है। इसका मतलब है कि रात के समय भी तापमान सामान्य से अधिक रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी।

वहीं कल, 26 मई को उत्तर प्रदेश के बांदा में देश का सबसे अधिक तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भीषण गर्मी और तेज लू के कारण यहां लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा।

दिल्ली-एनसीआर में दो दिन और सताएगी गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में अगले दो दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहने की आशंका व्यक्त की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस दौरान अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिन के समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

हालांकि 28 मई से मौसम में बदलाव शुरू होने की संभावना है। 28 मई से सक्रिय होने वाले एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के इलाकों पर दिखाई देगा, जिसके कारण हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

मौसम में इस बदलाव के कारण 29 मई तक तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने लोगों को अगले दो दिनों तक सावधानी बरतने और अधिक गर्मी के समय घरों से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।

पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भारी बारिश के आसार

आज, 27 मई, 2026 को अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी तेज बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों जैसे आंतरिक कर्नाटक में भी भारी बारिश का अनुमान है। विभाग ने इन सभी राज्यों में बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग ने बताया कि कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की घटनाएं हो सकती हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

आज, 27 मई को उत्तर आंतरिक कर्नाटक के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि होने का भी अंदेशा जताया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ बारिश भी हो सकती है।

कहां पहुंचा मानसून?

दक्षिण-पश्चिम मानसून को लेकर अच्छी खबर सामने आई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान परिस्थितियां मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-पूर्व और पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तथा अंडमान सागर के शेष हिस्सों में मानसून आगे बढ़ सकता है।

मानसून की प्रगति से कई क्षेत्रों में बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे तापमान में गिरावट आने और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। किसानों के लिए भी यह खबर महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि मानसून के आगे बढ़ने से खरीफ फसलों की बुवाई की तैयारी तेज हो सकेगी।

किसानों के लिए विशेष सलाह

मौसम में बदलाव और गर्मी को देखते हुए किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, तेज आंधी और बारिश के आसार हैं, वहां किसान पकी हुई फसलों की जल्द कटाई कर सुरक्षित स्थान पर रखें। खेतों में पानी निकासी की अच्छी व्यवस्था करनी चाहिए ताकि बारिश का पानी जमा न हो।

भीषण गर्मी के कारण फसलों और पशुओं पर भी असर पड़ सकता है। किसानों को सुबह या शाम के समय ही सिंचाई करने की सलाह दी गई है। पशुओं को पर्याप्त पानी और छाया उपलब्ध करानी चाहिए। दोपहर के समय पशुओं को खुले में न बांधें। फल और सब्जी की फसलों में मल्चिंग करने से मिट्टी में नमी बनी रहेगी। तेज हवाओं को देखते हुए केले और अन्य कमजोर पौधों को सहारा देना जरूरी है। बारिश के बाद खेतों में रोग बढ़ने की आशंका रहती है, इसलिए किसान नियमित निगरानी रखें।

लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत

मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में निकलने से बचने की अपील की है। ज्यादा से ज्यादा पानी पीना चाहिए और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने चाहिए। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। बिजली गिरने की आशंका के समय खुले मैदानों और खेतों में न जाएं। तेज आंधी के दौरान घरों में सुरक्षित रहना बेहतर होगा।

आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पश्चिम भारत में 28 और 29 मई को तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिलेगी। इसके बाद 30 मई से एक जून के बीच तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत और पूर्वी भारत में भी अगले कुछ दिनों में तापमान धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

देश के कई हिस्सों में इस समय मौसम का अलग-अलग रूप देखने को मिल रहा है। कहीं भीषण गर्मी लोगों को परेशान कर रही है तो कहीं भारी बारिश और आंधी का खतरा बना हुआ है। ऐसे में लोगों और किसानों दोनों को मौसम विभाग की सलाह मानते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in