अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तरी अरब सागर के अधिकतर इलाकों, दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों तथा महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में दस्तक देने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तरी अरब सागर के अधिकतर इलाकों, दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों तथा महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में दस्तक देने की संभावना है। फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स

अगले 24 घंटों में गुजरात में दस्तक देगा मॉनसून, इन हिस्सों में लू का प्रकोप, कहां बरसेंगे बादल?

11 से 15 जून के दौरान राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं।
Published on

एक ओर मॉनसून देश के कई इलाकों में पहुंच गया है तथा यहां जमकर बारिश हो रही है, वहीं दूसरी और कुछ हिस्सों, खासकर उत्तर भारत में गर्मी अपने चरम पर है। कल, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली के कई इलाकों, हरियाणा, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में अधिकतम तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। इन सभी राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस ऊपर रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तरी अरब सागर के अधिकतर इलाकों, दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों तथा महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों में दस्तक देने की संभावना है।

देश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान संबंधी ताजा अपडेट देखें तो कल, देश भर में पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अधिकतम तापमान 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के कुछ हिस्सों, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा बिहार के कुछ हिस्सों में लोगों को भीषण लू या हीटवेव का कहर झेलना पड़ सकता है

वहीं आज, झारखंड के कुछ हिस्सों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा ओडिशा के कुछ हिस्सों में भी लू का प्रकोप रहेगा।

कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों के कुछ हिस्सों में लोगों को भीषण लू से दो चार होना पड़ा, वहीं कल, उत्तर प्रदेश और दक्षिण बिहार के कुछ हिस्सों, दिल्ली तथा झारखंड के कुछ इलाकों में भीषण हीटवेव महसूस की गई।

वहीं, 11 से 15 जून के दौरान राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दक्षिण हरियाणा में 25 से 35 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग की मानें तो आज, पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में रात के मौसम के गर्म रहने के आसार हैं।

कहां होगी भारी बारिश?
मॉनसून के साथ-साथ चक्रवाती प्रसार और तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के चलते आज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, असम और मेघालय, कोंकण और गोवा, तटीय और उत्तरी आंतरिक कर्नाटक तथा केरल और माहे के अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने की आशंका जताई गई है, इन हिस्सों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली?
चक्रवाती प्रसार और अन्य मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते आज, मध्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा तूफानी हवाओं के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका जताई गई है। वहीं आज, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ वज्रपात होने के आसार हैं

आज, बिहार, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना और आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे तथा तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, दक्षिण-पूर्व अरब सागर के पूर्वी-मध्य और उत्तरी भागों, महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, केरल के तटों इससे सटे लक्षद्वीप, कोमोरिन के इलाकों, श्रीलंका तट, दक्षिण और मध्य बंगाल की खाड़ी, तमिलनाडु, दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों, उत्तरी अंडमान सागर के ऊपर 35 से 45 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, मन्नार की खाड़ी, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के उत्तरी भागों तथा समीपवर्ती पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज तूफानी हवाओं के 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।

आज, सोमालिया तट, दक्षिण-पश्चिम और इससे सटे पश्चिम-मध्य अरब सागर के ऊपर 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 10 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के कई इलाकों, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों तथा उत्तराखंड में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, आंतरिक कर्नाटक, तेलंगाना, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, छत्तीसगढ़, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, लक्षद्वीप, पश्चिम बंगाल में गंगा के अलग-अलग तटीय इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 10 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के पलक्कड़ में 5 सेमी, वायनाड, कासरगोड प्रत्येक जगह 4 सेमी, एर्नाकुलम में 3 सेमी, कन्नूर में 2 सेमी, मध्य महाराष्ट्र के अहमदनगर में 5 सेमी, सोलापुर में 4 सेमी, त्रिपुरा के पश्चिमी त्रिपुरा में 5 सेमी, गोमती में 3 सेमी, उत्तरी त्रिपुरा में 2 सेमी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के उत्तरी मध्य अंडमान और दक्षिणी अंडमान प्रत्येक जगह 4 सेमी, तटीय कर्नाटक के होन्नावर में 3 सेमी, मैंग्लोर में 3 सेमी और शिराली में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in