इस साल सामान्य रहेगा मॉनसून, आईएमडी ने जारी किया पूर्वानुमान

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों, उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ इलाकों और दक्षिण प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं।
इस साल सामान्य रहेगा मॉनसून, आईएमडी ने जारी किया पूर्वानुमान
Published on: 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मौसम जून-सितंबर, 2022 के लिए पूरे देश में बारिश का पूर्वानुमान जारी कर दिया है।

2022 में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून सीजन जून से सितंबर में कितनी होगी बारिश?

मौसम विभाग ने कहा कि ऑपरेशनल स्टैटिस्टिकल एनसेम्बल फोरकास्टिंग सिस्टम (एसईएफएस) पर आधारित पूर्वानुमान से पता चलता है कि मॉनसूनी बारिश लंबी अवधि के औसत (एलपीए) का 99 फीसदी होने की संभावना है। जबकि 1971 से 2020 की अवधि के दौरान पूरे देश में मौसमी वर्षा का एलपीए 87 सेमी रहा। मौसम विभाग ने कहा कि लगाए गए पूर्वानुमान में बारिश 5 फीसदी अधिक या कम हो सकती है।

आईएमडी की विज्ञप्ति में कहा गया है कि मल्टी मॉडल एन्सेम्बल (एमएमई) का पूर्वानुमान यह भी बताता है कि 2022 के मॉनसून सीजन जून से सितंबर के दौरान पूरे देश में मॉनसूनी वर्षा का औसत सामान्य एलपीए का 96 से 104 फीसदी रहने का अनुमान है। 

मॉनसूनी वर्षा के पूर्वानुमानों का स्थानीय वितरण से पता चलता है कि प्रायद्वीपीय भारत के उत्तरी भागों और इससे सटे मध्य भारत के कई क्षेत्रों, हिमालय की तलहटी और उत्तर पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में बारिश के सामान्य से अधिक होने का अनुमान है।

पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों, उत्तर पश्चिमी भारत के कुछ इलाकों और दक्षिण प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने के आसार हैं। 

कैसा रहेगा समुद्र की सतह का तापमान

भूमध्यरेखीय प्रशांत और हिंद महासागरों में समुद्र की सतह का तापमान (एसएसटी) वर्तमान में, भूमध्यरेखीय प्रशांत क्षेत्र में ला नीना की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि नवीनतम एमएमसीएफएस के साथ-साथ अन्य जलवायु मॉडल पूर्वानुमान से पता चलता है कि ला नीना की स्थिति मॉनसून के मौसम के दौरान जारी रहने के आसार हैं।

वर्तमान में हिंद महासागर के ऊपर तटस्थ या इंडियन ओसियन डिपोल (आईओडी) स्थितियां मौजूद हैं और नवीनतम एमएमसीएफएस के पूर्वानुमान से पता चलता है कि तटस्थ आईओडी स्थितियां दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के मौसम की शुरुआत तक जारी रहने का अनुमान है। इसके बाद आईओडी की स्थिति में बदलाव आने के आसार हैं।

जैसा कि प्रशांत और हिंद महासागरों में समुद्र की सतह के तापमान (एसएसटी) का भारतीय मानसून पर एक मजबूत प्रभाव पड़ता है, आईएमडी ने कहा वह इन महासागरीय घाटियों पर समुद्री सतह की स्थिति के विकास की सावधानीपूर्वक निगरानी कर रहा है।

आईएमडी ने बताया कि वह मई 2022 के अंतिम सप्ताह में मॉनसून के मौसम की वर्षा के लिए फिर से अपडेट पूर्वानुमान जारी करेगा। आईएमडी ने आगे कहा कि अप्रैल के पूर्वानुमान के लिए के अलावा, चार भौगोलिक क्षेत्रों के लिए मॉनसून का मौसम (जून-सितंबर) वर्षा के पूर्वानुमान, मॉनसून कोर क्षेत्र और महीने के लिए पूर्वानुमान जून का भी जारी करेगा।