

ओडिशा के ऊपर बना गहरा दबाव पश्चिम की ओर बढ़ा, कई राज्यों में भारी से अत्यंत भारी बारिश, तेज हवाओं व बिजली गिरने का अलर्ट।
दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड और हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट जारी, भारी बारिश, तेज हवाएं और भूस्खलन का खतरा बढ़ा।
छत्तीसगढ़, ओडिशा और विदर्भ में रेड अलर्ट, 204.5 मिमी से अधिक बारिश के आसार, प्रशासन सतर्क।
उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले 24 घंटे तक मानसून रहेगा सक्रिय, भारी बारिश के आसार।
मौसम विभाग ने मछुआरों को समुद्र में न जाने और किसानों को जल निकासी व फसलों की सुरक्षा के निर्देश दिए।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से 29 जुलाई, 2026 को जारी बुलेटिन के अनुसार, उत्तर आंतरिक ओडिशा और झारखंड तथा छत्तीसगढ़ के ऊपर बना गहरा दबाव लगातार पश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है। विभाग ने कहा है कि यह अगले 24 घंटे में उत्तरी ओडिशा और उससे सटे दक्षिणी झारखंड तथा उत्तरी छत्तीसगढ़ से होकर आगे बढ़ेगा।
वहीं, समुद्र तल पर बना मानसून ट्रफ सक्रिय है। यह अनूपगढ़, पिलानी, हमीरपुर, डाल्टनगंज होते हुए उत्तर आंतरिक ओडिशा और उससे लगे झारखंड के ऊपर बने गहरे दबाव के केंद्र से गुजर रहा है। इसके बाद यह बालेश्वर से होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी की ओर बढ़ रहा है।
मानसून ट्रफ के सक्रिय रहने के कारण उत्तर, मध्य, पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत के कई राज्यों में अगले 24 घंटों के दौरान बारिश की गतिविधियां बनी रहेंगी। इसके प्रभाव से कई इलाकों में भारी से बहुत भारी कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश, गरज-चमक व तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर में फिर बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। दिल्ली-एनसीआर में 115.6 से 204.4 मिमी तक पानी बरस सकते हैं। कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी गति 65 से 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय
विभाग ने अपने ताजा अपडेट में दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ-साथ पश्चिमी विक्षोभ के भी सक्रिय होने की बात कही है। इसके कारण जम्मू और कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सहित उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में गरज-चमक व बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।
उत्तराखंड और हिमाचल में विशेष सतर्कता
मौसम विभाग ने आज, उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पौड़ी गढ़वाल सहित कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
वहीं हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कांगड़ा, मंडी, शिमला, कुल्लू, चंबा, सोलन, बिलासपुर और सिरमौर में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है। इन दोनों राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक पानी बरस सकता है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बंद होने का खतरा भी बना हुआ है।
जम्मू और कश्मीर में भूस्खलन का खतरा
जम्मू और कश्मीर के कई जिलों में भी भारी बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जम्मू, पुंछ, राजौरी, कठुआ, सांबा, रियासी, कुपवाड़ा, कुलगाम, बडगाम, गांदरबल और अनंतनाग में भारी बारिश की आशंका जताई है।
यहां बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी है। इन जिलों में 64.5 से 115.5 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से पहाड़ी क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है, क्योंकि भारी बारिश से भूस्खलन और अचानक बाढ़ आने का खतरा बढ़ सकता है।
इन राज्यों में सबसे ज्यादा बारिश के आसार
मौसम विभाग ने आज, 29 जुलाई, 2026 को छत्तीसगढ़, ओडिशा और विदर्भ में भारी से बहुत भारी बारिश तथा कुछ हिस्सों में अत्यधिक भारी वर्षा होने का अंदेशा जताया गया है। इन राज्यों में बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। यहां 204.5 मिमी से अधिक बारिश हो सकती है।
आज, हरियाणा, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, पश्चिम मध्य प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बादल बरस सकते हैं। यहां बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी है।
वहीं आज, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, झारखंड, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल एवं माहे, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं। मौसम विभाग ने यहां भारी बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। यहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।
कई राज्यों में गरज-चमक और तेज हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक आज, आंध्र प्रदेश, गुजरात, कोंकण-गोवा, महाराष्ट्र, कर्नाटक और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना, केरल और ओडिशा में भी बिजली गिरने और तेज हवाओं के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह
गहरे दबाव के चलते मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा, पश्चिम बंगाल तथा उत्तर आंध्र प्रदेश के तटों के आसपास समुद्र में तेज हवाएं और ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है। इसलिए मछुआरों को 29 जुलाई की सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है। जो मछुआरे पहले से समुद्र में हैं, उन्हें जल्द सुरक्षित तट पर लौटने के लिए कहा गया है।
किसानों को बरतनी होगी सावधानी
भारी बारिश को देखते हुए किसानों को खेतों में जल निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। जिन फसलों की कटाई तैयार है, उन्हें जल्द सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना चाहिए। बारिश के दौरान खाद और कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करना चाहिए। तेज हवा से नुकसान से बचाने के लिए केले, मक्का और अन्य ऊंची फसलों को सहारा देना चाहिए। पशुओं को सुरक्षित और सूखे स्थान पर रखना भी जरूरी है ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो।
लोगों से सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटे कई राज्यों के लिए अहम रहेंगे। भारी बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना रहेगा। लोगों से अपील की गई है कि वे मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखें, अफवाहों से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सभी निर्देशों का पालन करें। सावधानी और सतर्कता से ही इस खराब मौसम के दौरान किसी भी बड़े नुकसान से बचा जा सकता है।