अगले तीन दिनों में छत्तीसगढ़, ओडिशा समेत इन हिस्सों में पहुंच सकता है मॉनसून, उत्तर में लू का दौर

आज, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बिजली चमकने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ धूल भरी आंधी की आशंका जताई गई है।
कल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में लोगों को भीषण हीटवेव का कहर झेलना पड़ा।
कल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में लोगों को भीषण हीटवेव का कहर झेलना पड़ा। फोटो साभार: सीएसई
Published on

उत्तर भारत और ओडिशा के कुछ हिस्सों में बेतहाशा गर्मी पड़ रही है साथ ही उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। देश के कई हिस्सों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है, आसमान से बरसती आग के चलते आज उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, बिहार, झारखंड के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की आशंका जताई गई है

वहीं आज, उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में लू का प्रकोप रहने के आसार हैं। आज, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, पूर्वी मध्य प्रदेश और ओडिशा के कुछ इलाकों में गर्म हवाएं महसूस की जा सकती हैं।

कल, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड के अधिकतर इलाकों, उत्तरी राजस्थान के कई हिस्सों, हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों, दक्षिण बिहार, उत्तरी ओडिशा में गर्म हवाएं महसूस की गई।

वहीं कल, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों में लोगों को भीषण हीटवेव का कहर झेलना पड़ा।

मौसम विभाग की मानें तो अगले तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय आंध्र प्रदेश और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में पहुंचने से गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

कल, देश में पूर्वी उत्तर प्रदेश के कानपुर आईएएफ में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में मध्य प्रदेश के बैतूल में न्यूनतम तापमान 20.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

कहां होगी भारी बारिश?
मौसम विभाग के अनुसार, एक चक्रवाती प्रसार पूर्वोत्तर असम और उसके आसपास के इलाकों में और दूसरा उत्तरी बांग्लादेश और उसके आसपास के इलाकों के निचले स्तरों पर बना हुआ है। निचले स्तरों पर बंगाल की खाड़ी से पूर्वोत्तर राज्यों तक तेज दक्षिण-पश्चिमी हवाओं का दौर जारी है।

उपरोक्त मौसम संबंधी गतिविधियों के चलते मौसम विभाग ने आज, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग हिस्सों में बहुत भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका जताई है, इन हिस्सों में 204.5 मिमी से अधिक बारिश होने के आसार हैं।

वहीं आज, असम और मेघालय के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी वर्षा होने का पूर्वानुमान है, इन दोनों राज्यों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है।

आज, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश, कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने के आसार हैं, इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बरस सकते हैं बादल।

कहां पड़ेंगी तेज हवाओं के साथ बौछारें, कहां गिरेगी बिजली?
चक्रवाती प्रसार और दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के चलते आज, मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में बिजली गिरने तथा तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है।

वहीं आज, पूर्वी राजस्थान, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, गुजरात तथा तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में तूफानी हवाओं के साथ बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

मौसम विभाग के मुताबिक, आज, पश्चिमी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में बिजली चमकने तथा 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ धूल भरी आंधी की आशंका जताई गई है।

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, कर्नाटक, केरल के तटों, लक्षद्वीप, कोमोरिन के इलाकों, श्रीलंका तट से दूर, दक्षिण, मध्य बंगाल की खाड़ी से सटे उत्तर के हिस्सों, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश के तटों, उत्तरी अंडमान सागर के पश्चिमी भागों के साथ-साथ अरब सागर के मध्य भागों में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका है।

वहीं आज, बंगाल की खाड़ी के मध्य भागों, सोमालिया तट, दक्षिण-पश्चिम और समीपवर्ती पश्चिम मध्य अरब सागर, ओडिशा के तटों और उसके आसपास 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 12 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे के अधिकतर इलाकों, असम और मेघालय तथा तटीय कर्नाटक के कई हिस्सों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, मध्य महाराष्ट्र और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कुछ हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, पूर्वी मध्य प्रदेश, कोंकण और गोवा, उत्तर आंतरिक कर्नाटक, रायलसीमा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के अलग-अलग हिस्सों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 12 जून को 8:30 से 5:30 के दौरान असम और मेघालय के डिब्रूगढ़ में 3 सेमी, जोरहाट में 2 सेमी, उत्तर आंतरिक कर्नाटक के गडग में 2 सेमी, केरल और माहे के कोट्टायम और पलक्कड़ प्रत्येक जगह 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in