देशभर में छाया मानसून, उत्तराखंड में रेड अलर्ट, यूपी सहित कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश के आसार; दिल्ली, बिहार सहित कई इलाकों में बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की भी आशंका
उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट, कुछ जगहों पर 204.5 मिमी से अधिक बारिश और भूस्खलन की आशंका।
उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट, कुछ जगहों पर 204.5 मिमी से अधिक बारिश और भूस्खलन की आशंका।
Published on
सारांश
  • उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट, कुछ जगहों पर 204.5 मिमी से अधिक बारिश और भूस्खलन की आशंका।

  • उत्तर प्रदेश, असम और मेघालय, अरुणाचल प्रदेश तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया।

  • दिल्ली, बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, केरल सहित कई राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट और सतर्कता की सलाह।

  • कई राज्यों में गरज-चमक, बिजली और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अंदेशा।

  • किसानों को खेतों से पानी निकासी, फसलों की सुरक्षा और बारिश के दौरान कीटनाशक व उर्वरक का छिड़काव टालने की सलाह।

देशभर में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार, 10 जुलाई, 2026 को अपने बुलेटिन में बताया कि उत्तर प्रदेश के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर पड़कर उत्तर प्रदेश के मध्य के भागों के उत्तरी हिस्सों में सामान्य कम दबाव के क्षेत्र में बदल गया है। हालांकि इसका असर अभी भी बना हुआ है और अगले 24 घंटे तक उत्तर, पूर्व और पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून ट्रफ इस समय श्रीगंगानगर, हिसार, उत्तर प्रदेश के कम दबाव वाले क्षेत्र, गोरखपुर और पूर्णिया से होते हुए मिजोरम तक फैली हुई है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी, पश्चिम बंगाल, बांग्लादेश, असम और पाकिस्तान के आसपास भी पश्चिमी विक्षोभ सहित कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। इन्हीं प्रणालियों के कारण देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश का दौर बना रहेगा।

स्रोत : भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी)

उत्तराखंड में सबसे ज्यादा खतरा, बारिश का रेड अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के साथ-साथ पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय है। जिसके कारण उत्तराखंड में अत्यधिक भारी बारिश होने का अंदेशा जताया गया है। विभाग की ओर से यहां बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। राज्य के कुछ इलाकों में 204.5 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने के आसार हैं।

लगातार तेज बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और सड़कों के बंद होने जैसी स्थिति बन सकती है। चारधाम यात्रा मार्ग और पहाड़ी इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

यूपी समेत पांच राज्यों में ऑरेंज अलर्ट

आज, 10 जुलाई, 2026 को उत्तर प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इन राज्यों में 115.6 से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी है।

दिल्ली-एनसीआर, बिहार और कई राज्यों में भारी बारिश के आसार

वहीं देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, तटीय कर्नाटक, केरल, मध्य महाराष्ट्र, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी भारी बारिश होने के आसार हैं। इन राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां कई इलाकों में 64.5 से 115.5 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज हो सकती है।

कई राज्यों में भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी

मौसम विभाग ने आज, 10 जुलाई, 2026 को बारिश के साथ-साथ आंधी-तूफान की भी चेतावनी भी जारी की है। विभाग ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, आंध्र प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु और जम्मू और कश्मीर सहित कई राज्यों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अंदेशा जताया है। मौसम विभाग ने कहा है कि बिहार, ओडिशा, विदर्भ तथा उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।

तापमान की स्थिति

देश के मैदानी इलाकों में नौ जुलाई, 2026 को सबसे अधिक अधिकतम तापमान राजस्थान के श्रीगंगानगर में 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान असम के हाफलोंग में 18.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

कई जगह हुई अच्छी बारिश

पिछले 24 घंटों के दौरान देश के कई इलाकों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। मेघालय के चेरापूंजी में 100 मिमी, चंडीगढ़ में 90 मिमी, पश्चिम बंगाल के कोलकाता (दमदम) में 80 मिमी तथा डायमंड हार्बर और हल्दिया हर जगह 60 मिमी बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के बरेली में भी 60 मिमी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी और कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। ऐसे में लोगों और किसानों को मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की जरूरत है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है। भारी बारिश के समय जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और तेज बहाव वाले नालों या पुलों को पार करने का प्रयास न करें। गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, ऊंचे पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें। वाहन चलाते समय गति नियंत्रित रखें और पर्याप्त दूरी बनाए रखें। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोग मौसम की जानकारी लेने के बाद ही यात्रा करें।

किसानों को भी बरतनी होगी सावधानी

बारिश की संभावना को देखते हुए किसानों को खेतों से पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है। जिन फसलों की कटाई पूरी हो चुकी है, उन्हें सुरक्षित स्थान पर रख दें ताकि बारिश से नुकसान न हो। बारिश और तेज हवा के दौरान उर्वरक तथा कीटनाशकों का छिड़काव नहीं करना चाहिए। धान, सब्जियों और बागवानी फसलों में जलभराव नहीं होने दें। पशुपालकों को भी अपने पशुओं को सुरक्षित और ऊंचे स्थान पर रखने तथा सूखे चारे और साफ पानी की व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in