ओडिशा व कर्नाटक में भारी बारिश के आसार, गुजरात में नहीं थम रही आसमानी आफत

आज, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
आज, ओडिशा और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में 20 सेमी या 200 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।
आज, ओडिशा और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में 20 सेमी या 200 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।
Published on

मौसम विभाग ने अपने ताजा अपडेट में कहा है कि कच्छ और सौराष्ट्र, पूर्वोत्तर अरब सागर और पाकिस्तान के आस-पास के इलाकों पर गहरा अवसाद या डीप डिप्रेशन जारी है। वहीं, पश्चिम मध्य और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी पर कम दबाव का क्षेत्र बन गया है

उपरोक्त मौसमी गतिविधियों के चलते गुजरात के कई हिस्सों में लगातार आसमानी आफत का दौर जारी है, स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, यहां गुरुवार तक बारिश और बाढ़ के चलते 35 लोगों के मौत की खबर है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से लगभग 18,000 लोगों को निकाला गया है और 40,000 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

अगले कुछ दिनों तक इस आफत से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक यहां भारी बारिश का हाई-अलर्ट जारी किया है। वहीं कल भी सौराष्ट्र और कच्छ के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई, यहां 110 मिमी तक बारिश हुई।

मॉनसूनी गतिविधि और कम दबाव का असर ओडिशा और तटीय कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों पर भी होता दिख रहा है, मौसम विभाग ने यहां आज, बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका जताई है, इन दोनों राज्यों में 20 सेमी या 200 मिमी से अधिक बरस सकते हैं बादल।

वहीं आज, सौराष्ट्र और कच्छ, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार हैं, इन सभी राज्यों में 12 सेमी या 120 मिमी से ज्यादा बारिश हो सकती है।

आज, उत्तराखंड, विदर्भ, छत्तीसगढ़, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, गोवा तथा उत्तर आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में बादलों के जमकर बरसने का पूर्वानुमान है, इन राज्यों में बादलों के सात सेमी या 70 मिमी से अधिक बरसने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

मौसम विभाग की मानें तो आज, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश और विदर्भ के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बारिश तथा बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है

शुक्रवार 30 अगस्त 2024 को मौसम का पूर्वानुमान व चेतावनी
शुक्रवार 30 अगस्त 2024 को मौसम का पूर्वानुमान व चेतावनी स्रोत: आईएमडी

समुद्र से दूर रहने की चेतावनी

आज, उत्तर, मध्य अरब सागर और दक्षिण अरब सागर के उत्तरी हिस्सों, गुजरात, महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा, कर्नाटक, केरल के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र, मन्नार की खाड़ी और श्रीलंका के तट, दक्षिण बंगाल की खाड़ी के कई इलाकों, मध्य बंगाल की खाड़ी के अधिकतर हिस्सों और उत्तर-पश्चिम के दक्षिणी हिस्सों और आसपास के उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी, उत्तरी आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल के तटों, उत्तरी अंडमान सागर में 35 से 45 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, गुजरात तट, उत्तर-पूर्व अरब सागर, उत्तर-पश्चिम के कई इलाकों, पूर्व-मध्य अरब सागर, पश्चिम-मध्य अरब सागर, पूर्व-मध्य और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई हैं।

आज, दक्षिण-पश्चिम अरब सागर के पश्चिमी मध्य, पश्चिमी हिस्सों, सोमालिया, यमन और ओमान के तटों के अधिकतर इलाकों में 45 से 55 किमी प्रति घंटे किमी दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं।

वहीं आज, गुजरात तट और उससे सटे पाकिस्तान तट तथा निकटवर्ती उत्तर-पूर्व और पूर्व-मध्य अरब सागर में 55 से 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी गतिविधि को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

तापमान में उतार चढ़ाव

देश भर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान की बात करें तो कल, तमिलनाडु के मदुरै में अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं कल, देश के मैदानी इलाकों में गुजरात के बुलसर में न्यूनतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?

कल, 29 अगस्त को तटीय कर्नाटक, केरल और माहे, असम और मेघालय के कई इलाकों, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, तेलंगाना, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, कोंकण और गोवा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, पश्चिम बंगाल में गंगा के मैदानी इलाकों, झारखंड, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in