कम दबाव और चक्रवाती प्रसार के कारण अगले कुछ दिनों तक इन राज्यों में जमकर बरसेंगे बादल

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक तथा कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक बारिश हो सकती है
नेरल, महाराष्ट्र, फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, उदयकुमार पीआर
नेरल, महाराष्ट्र, फोटो साभार: विकिमीडिया कॉमन्स, उदयकुमार पीआर
Published on

मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और निकटवर्ती पश्चिम-मध्य भारत के कुछ और हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी हो सकती है।

एक चक्रवाती प्रसार उत्तरी तटीय कर्नाटक पर और दूसरा मध्य महाराष्ट्र के निचले स्तरों पर बना हुआ है।

वहीं, उत्तर तटीय कर्नाटक और इससे सटे इलाकों पर बने चक्रवाती प्रसार के कारण, दक्षिण कोंकण और गोवा के तटों से दूर पूर्व-मध्य अरब सागर पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है।

इससे संबंधित चक्रवाती प्रसार समुद्र तल से औसतन 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। अगले 24 घंटों के दौरान इसके उसी क्षेत्र में अच्छी तरह से कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर धीरे-धीरे पश्चिम उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने का पूर्वानुमान है।

मौसम विभग के मुताबिक, म्यांमार और इससे सटे पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी पर बने चक्रवाती प्रसार के चलते, पूर्वोत्तर और इससे सटे पूर्वी मध्य बंगाल की खाड़ी पर एक कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इससे जुड़ा हुआ चक्रवाती प्रसार समुद्र तल से औसतन 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है।

इसके अगले 48 घंटों के दौरान अच्छी तरह से कम दबाव के क्षेत्र में बदलकर उत्तर-पश्चिम की ओर उत्तरी ओडिशा और आसपास के पश्चिम बंगाल के तटों की ओर बढ़ने का अनुमान है।

उपरोक्त चक्रवाती प्रसार और कम दबाव की गतिविधि को देखते हुए मौसम विभाग ने आज, 29 सितंबर को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक तथा कोंकण और गोवा के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने के आसार जताए हैं। इन राज्यों में 115.6 मिलीमीटर से 204.4 मिलीमीटर तक बारिश होने की आशंका है।

वहीं आज, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, ओडिशा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, आंतरिक कर्नाटक, केरल और माहे, तमिलनाडु में घाट के अलग-अलग इलाकों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इन सभी राज्यों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश होने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने, उपरोक्त हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक मौसम संबंधी इसी तरह की गतिविधि के जारी रहने का पूर्वानुमान लगाया है।

कहां चलेंगी तेज हवाएं, कहां पड़ेगी गरज के साथ बौछारें तथा कहां गिरेगी बिजली?
मौसम विभाग के मुताबिक, आज, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बारिश तथा वज्रपात के आसार हैं।

वहीं आज, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और सिक्किम, झारखंड, ओडिशा, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, कर्नाटक, तेलंगाना, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी तेज हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
आज, दक्षिण-पश्चिम और आसपास के पश्चिम-मध्य अरब सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने के आसार हैं।

वहीं आज, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण, पूर्व-मध्य और निकटवर्ती उत्तरी बंगाल की खाड़ी तथा उत्तरी अंडमान सागर में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की गति से चलने वाली तेज हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

आज, महाराष्ट्र, कर्नाटक और केरल के तटों, लक्षद्वीप क्षेत्र के साथ-साथ पूर्वी मध्य में 40 से 45 किमी प्रति घंटे की तेज गति से चलने वाली तूफानी हवाओं के 55 किमी प्रति घंटे की गति तक पहुंचने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां रहा अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक?
कल, जैसलमेर (पश्चिमी राजस्थान) में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कहां रहा न्यूनतम तापमान सामान्य से कम?
कल, देश के मैदानी इलाकों रायसेन (पश्चिम मध्य प्रदेश) में न्यूनतम तापमान 16.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 28 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और माहे, कोंकण और गोवा के अधिकतर इलाकों, मध्य महाराष्ट्र के कई इलाकों, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, रायलसीमा, तेलंगाना, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, उप-हिमालय पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

वहीं कल, पश्चिम बंगाल में गंगा के तटीय इलाकों, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के अलग-अलग इलाकों में बारिश हुई या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई भारी बारिश?
कल, 28 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान केरल और गोवा के अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश?
कल, 28 सितंबर को 8:30 से 5:30 के दौरान अलापुझा और पणजी प्रत्येक जगह 8 सेमी, एर्नाकुलम में 7 सेमी, पुणे में 6 सेमी, पलक्कड़ और श्रीकाकुलम प्रत्येक जगह 5 सेमी, कोझिकोड, कन्नूर, कासरगोड, सतारा प्रत्येक जगह 4 सेमी बारिश दर्ज की गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in