हिमाचल-पंजाब में शीतलहर, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि व उत्तर प्रदेश में बारिश

आज, झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है
हिमाचल-पंजाब में शीतलहर, मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि व उत्तर प्रदेश में बारिश
Published on

देश के कई हिस्सों में तापमान में दिन के समय बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। उत्तर भारत के कई हिस्सों में सुबह और शाम के समय सर्दी का प्रकोप बना हुआ है, जबकि दिन के समय धूप खिलने से तापमान बढ़ने के साथ गर्मी का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर के मैदानी इलाकों के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सात से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। जबकि इन्हीं इलाकों के कुछ हिस्सों में यह सामान्य से दो से चार डिग्री सेल्सियस नीचे है।

वहीं, मौसम विभाग के तापमान संबंधी पूर्वानुमान को देखें तो अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने अनुमान लगाया गया है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिनों के दौरान पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है, हालंकि उसके बाद कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। वहीं, अगले पांच दिनों के दौरान मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं जताई गई है।

कल, देश के मैदानी इलाकों में पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कल, केरल के कन्नूर में अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

एक ओर जहां दिन का तापमान बढ़ रहा है वहीं आज, यानी 12 फरवरी को हिमाचल प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर का प्रकोप रहने की आशंका जताई गई है। वहीं कल, हिमाचल प्रदेश और पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में लोगों को शीतलहर का कहर झेलना पड़ा। जबकि, उत्तराखंड के मुक्तेश्वर के अलग-अलग हिस्सों में जमकर पाला पड़ा।

कहां होगी बारिश और ओलावृष्टि?
आज, 12 फरवरी को पूर्वी मध्य प्रदेश, पूर्वी विदर्भ और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बौछारें पड़ने तथा ओलावृष्टि होने के आसार हैं। वहीं आज, झारखंड और ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा बिजली गिरने की आशंका जताई गई है

मौसम विभाग के मुताबिक, 12, 15 और 16 फरवरी को ओडिशा में और 12 से 14 फरवरी के दौरान दक्षिण-पूर्व उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश होने की भी संभावना है, इन हिस्सों में 0.1 मिमी से 15.5 मिमी तक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया गया है।

मौसम विभाग की मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक, आज कोमोरिन क्षेत्र में 45 से 55 किमी प्रति घंटे की दर से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने के आसार हैं। वहीं आज, उत्तर पश्चिम अरब सागर से सटे ओमान की खाड़ी के ऊपर 40 से 45 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के और तेज होकर 55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार में तब्दील होने की आशंका जताई गई है।

उपरोक्त तूफानी हवाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने मछुआरों को इन इलाकों में मछली पकड़ने तथा किसी तरह के व्यापार से संबंधित काम के लिए न जाने की चेतावनी जारी की है।

कहां छाया कोहरा?
देश के कुछ हिस्सों में अभी भी कोहरा छाना जारी है, इनमें कल, पंजाब, पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के अलग-अलग हिस्सों में मध्यम कोहरा और दिल्ली, छत्तीसगढ़ और तटीय आंध्र प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्का कोहरा देखा गया।

कोहरे की वजह से इन हिस्सों में कल दृश्यता से संबंधी समस्या रही। कल, पंजाब के अमृतसर में दृश्यता 200 मीटर, पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर में दृश्यता 200 मीटर, बिहार के पूर्णिया में दृश्यता 200 मीटर, दिल्ली के पालम में दृश्यता 500 मीटर, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में दृश्यता 500 मीटर, तटीय आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई।

कल कहां हुई बारिश और कहां पड़ी गरज के साथ बौछारें?
कल, 11 फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश, विदर्भ, झारखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में बादल बरसे या गरज के साथ बौछारें पड़ी।

कल कहां हुई एक सेमी या उससे अधिक बारिश
कल, 11 फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान पूर्वी मध्य प्रदेश के बालाघाट में 2 सेमी बारिश दर्ज की गई।

कहां हुई ओलावृष्टि?
कल, 11 फरवरी को 8:30 से 5:30 के दौरान छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के अलग-अलग ओलावृष्टि देखी गई।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in