यूनेस्को धरोहर सांची में भूले-बिसरे जल ब्रह्मांड की वापसी: स्थानीय टकराव और नई चुनौतियां

प्राचीन तकनीक से वर्षा के जल को संचित करने का काम शुरू लेकिन राह आसान नहीं है
सांची के तीसरी सदी ई.पू. के बौद्ध स्मारकों वाली जगह पर तीन प्राचीन तालाब हैं। एक पहाड़ी के ऊपर है और दो उससे आधा किमी. नीचे। कभी पहाड़ी की ढलान इनके प्राकृतिक आगोर का काम करती थी । इस तस्वीर में एक शानाब दिख रहा है
सांची के तीसरी सदी ई.पू. के बौद्ध स्मारकों वाली जगह पर तीन प्राचीन तालाब हैं। एक पहाड़ी के ऊपर है और दो उससे आधा किमी. नीचे। कभी पहाड़ी की ढलान इनके प्राकृतिक आगोर का काम करती थी । इस तस्वीर में एक शानाब दिख रहा है(फोटो: रीटा आनंद / सीएसई)
Published on

मध्य प्रदेश के सांची नगर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों ने सांची की पहाड़ी पर वर्षा के पानी को संचित करने की प्राचीन तकनीक को फिर से शुरू करने की कोशिश की है। यह एक विस्मृत प्राचीन परंपरा को फिर से जन्म दे सकती है।

सांची भोपाल से 45 किमी. उत्तर-…पूर्व में स्थित है। इसकी 91 मीटर लंबी पहाड़ी पर 50 ऐतिहासिक स्मारक हैं। इस धार्मिक नगर को मौर्य सम्राट अशोक ने तीसरी सदी ईसा पूर्व में बसाया था। ऐसा माना जाता है कि गौतम बुद्ध और उनके निकटतम शिष्यों, सारीपुतासा और महा मोगलनासा के अवशेष यहीं है। एक पत्थर की बनी शवपेटिका पर खुदे अभिलेख दस बौद्ध शिक्षकों को श्रद्धांजलि देते हैं और चार उत्कृष्ट नक्काशी वाले द्वार बौद्धिक जातकों को प्रदर्शित करते हैं, जो बुद्ध के जीवन को दर्शाते हैं। सन 1992 में यूनेस्को ने सांची को विश्व विरासत स्थल घोषित किया, क्योंकि वह बौद्ध धर्म के लिए विशेष महत्व रखती है।

जल ब्रह्मांड विज्ञान

सांची की पहाड़ी एक और चीज के लिए भी महत्व रखती है। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय, भोपाल के निदेशक और इतिहासकार कल्याण चक्रवर्ती कहते हैं, “यह पूरी पहाड़ी जल ब्रह्मांड को उजागर करती है। सांची के पर्यावरण का जल से गहरा संबंध है। जातकों की शिल्प कला हरे- भरे पेड़ पौधों, फलों, पक्षियों और ऊंचे वृक्षों को बखूबी दर्शाती है। एक उल्टा वृक्ष भगवान बुद्ध के शरीर का प्रतीक है।”

ईसा से तीन सदी पूर्व में बनाए गए तीन प्राचीन जलाशय सांची की पहाड़ी पर हैं। एक जलाशय पहाड़ी के ठीक ऊपर बना हुआ है और बाकी दो पहाड़ी की ढलान पर हैं- करीब आधा किमी. की दूरी पर। तब पहाड़ी की ढलान एक प्राकृतिक आगोर का काम करती थी। वर्षा जल द्वारा बने मार्ग और नालियां पानी जमा करती थीं जो एक जलाशय से दूसरे में चला जाता था। पहाड़ी के पश्चिमी भाग बौद्ध विहारों से भरे थे। विहार वासी इस जमा किए हुए पानी को घरेलू कामों के लिए इस्तेमाल करते थे। सामान्य जनता पहाड़ी के पूर्वी भाग में रहती थी।

पहाड़ी से दो किमी. दूर बेतवा नदी बहती थी, जो भोपाल के तालाबों से मिल जाती थी। यह नदी, तीन जलाशय और एक घना जंगल मिलकर एक प्राचीन और स्वतंत्र जल-प्रणाली का काम करते थे। इससे 2 किमी. नीचे एक पुराने बैराज के अवशेष मिले हैं। अब उलझन यह है कि क्या इस बैराज को फिर से खड़ा करने से इलाके में भूजल का स्तर सुधर सकता है।

आज सांची पहाड़ी पर विश्व प्रसिद्ध स्मारक तो हैं, पर पेड़-पौधे गायब हो गए हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के भोपाल क्षेत्र के प्रमुख पुरातत्ववेत्ता आर. सी. अग्रवाल ने इस ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिए अधिक वृक्ष रोपने की जरूरत को समझा, लेकिन पानी की कमी एक बाधा सिद्ध हुई। अग्रवाल कहते हैं, “हमने जलाशयों की फिर से मरम्मत करवाई, जिससे प्राचीन जल संचय पद्धति को फिर से शुरू किया जा सके। पुरातत्ववेत्ता होने के चलते हमें इस तकनीक का पता था।”

पुरातत्व सर्वेक्षण ने यूनेस्को से संपर्क किया। उसके तुरंत बाद ही जापानी सरकार ने जनवरी, 1994 में डेढ़ करोड़ रुपए की रकम देने की घोषणा की। अग्रवाल कहते हैं, “हम ईसा से दो सदी पूर्व के पर्यावरण को फिर से खड़ा करना चाहते हैं। हमने उस समय वाले वृक्ष, जैसे गिरनी, नीम और पीपल को लगाने का फैसला किया है। इसके साथ ही हम जलाशयों में कमल के फूल को भी उसका उचित स्थान देना चाहते हैं।”

जलाशय के पुननिर्माण में करीब पांच लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। ये जलाशय चट्टानों को प्रोत्खनित करके बने थे। पुननिर्माण का काम करीब छह महीने पहले प्रारंभ हुआ था। इन जलाशयों का ज्यामितीय सर्वक्षण भारतीय दूरसंवेदी संस्थान, देहरादून ने किया था। इन जलाशयों का मापन गाद की परत के साथ किया गया था। पहला जलाशय 32 मी. लंबा और 13 मी. चौड़ा है। गाद की परत की ऊंचाई 2.8 भी आंकी गई है । दूसरा जलाशय 27 मी. लंबा और 24 मी. चौड़ा है, और गाद की परत करीब 3.15 मी. ऊंची है।

पुरातत्व वैज्ञानिकों ने चट्टानों में दरारों का पता कर उसे भरवा दिया है, जिससे वर्षा के पानी को अच्छी तरह जमा किया जा सके। सभी आगोर क्षेत्रों को ईटों और गारा तथा चूना पत्थर से पुन: बनाया गया है। एक विशेष प्रकार का नाला भी जलाशयों के पास बनाया गया है, जो पानी के साथ बहकर आने वाली मिट्टी को रोकने का भी काम करेगा। एक और नाला भी तैयार किया गया है जो जरूरत से अधिक पानी को पहाड़ी के आसपास के जंगलों में पहुंचा देने में सहायक होगा। गाद को हटा दिया गया है। वर्षा के पुराने नलों की पहचान भी कर लो गई है और उन्हें जलाशयों की तरफ घुमा दिया गया है। अग्रवाल का मानना है कि एक बार सभी जलाशयों की मरम्मत हो जाए तो करीब 22.7 लाख लीटर पानी को जमा किया जा सकता है। यह सांची की पहाड़ियों को हरा-भरा करने में सहायक सिद्ध हो सकता है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण प्राचीन जल संचय प्रणाली को पुनर्जीवित करने के लिए तालाबों की मरम्मत करवा रहा है
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण प्राचीन जल संचय प्रणाली को पुनर्जीवित करने के लिए तालाबों की मरम्मत करवा रहा है

महत्वपूर्ण मुद्दे

हालाकि आर.सी. अग्रवाल ने प्रशंसा योग्य प्रयास किया है, पर उनकी कोशिश दिन-प्रतिदिन नई उलझनों में फंसती जा रही है। तीसरा जलाशय, जो कनकसागर के नाम से जाना जाता है, एक गांव के समीप है। यहां की महिलाएं शौच वगैरह के लिए इसका इस्तेमाल करती रही हैं। जब मानचित्रकार, आर. श्रीवास्तव इस स्थल पर काम से गए तो महिलाओं ने उन्हें भगा दिया। इस जलाशय की मरम्मत का काम अब मध्य प्रदेश सरकार के पर्यावरण संरक्षण एवं समन्वय संगठन को दिया गया है।

अग्रवाल चाहते हैं कि ऐतिहासिक स्मारकों और गांव के बीच वनभूमि एक प्रतिरोधक के तौर पर तैयार की जाए। पर बची हुई हरी-भरी जमीन पर चराई के अधिकार को लेकर तनाव की अफवाह भी फैल रही है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के लोग इस बात से काफी परेशान हैं। इन मुद्दों पर बारीकी से जांच पहले नहीं की गई थी, जिससे स्थिति और भी जटिल हो गई है। एक तरफ अधिकारी बताते हैं कि स्थानीय लोगों के लिए प्रवेश शुल्क 50 पैसा ही रहेगा, दूसरी तरफ वे एक पहाड़ी के चारों तरफ महंगा बाड़ा बनाने की भी बात करते हैं जिससे स्थानीय लोगों को अंदर आने से रोका जा सके।

जलाशयों की मरम्मत से करीब 22.7 लाख लीटर पानी को जमा किया जा सकता है। यह सांची की पहाड़ियों को हरा-भरा करने में सहायक सिद्ध हो सकता है

अब अधिकारी स्थानीय लोगों को भी साथ लेने की कोशिश कर रहे हैं। इस साल वर्ल्ड हैरिटेज-डे पर स्कूल के छात्रों को बुलाया गया था।

अग्रवाल मानते हैं, “सरकार अकेले सब कुछ नहीं कर सकती है।” पर वह इस बात से इनकार करते हैं कि संसाधनों का बंटवारा होना चाहिए। उनका दावा है, “सांची विकास प्राधिकरण हर पर्यटक से प्रवेश शुल्क लेता है, पर इसके विकास के लिए कोई काम नहीं कर रहा है।” पर्यावरण और वन मंत्रालय में सचिव और पर्यावरण संरक्षण के निदेशक, अवनी वैश कहते हैं कि स्थानीय लोगों के लिए एक कारखाना खोलना चाहिए। पर यह एक छलावा ही है, क्योंकि वे खुद कहते हैं, “पहले कुछ काम तो हो।”

पर्यावरण संरक्षण संगठन के एक अधिकारी मानते हैं कि असल में इन जलाशयों का उपयोग करने वालों को संतुष्ट करना चाहिए। पानी का उपयोग करने वालों की सूची में वे पेड़ों, चिड़ियों और स्थानीय लोगों को सम्मिलित करते हैं। चक्रवर्ती कहते हैं, “प्राचीनकाल में अग्रहन श्रेणी काश्तकार और कुम्हार लोग इन जलाशयों और स्मारकों की देखभाल करते थे। यह समूह अब बचा ही नहीं है। सरकार को चाहिए कि वह एक वर्ग को तैयार करे जो इस काम को देख सके।”

प्राचीन तकनीकों को शुरू करने में अभियंताओं को मेहनत करनी पड़ेगी। प्राचीन अभियंता तकनीकों को स्थानीय पर्यावरण के अनुसार तैयार करते थे, जो बदल चुकी हैं

पर क्या पुरातत्व सर्वेक्षण इस प्राचीन जल संरक्षण पद्धति को फिर से जीवित कर सकता है? खुद उसके अधिकारी ही इस पर अविश्वास प्रकट करते हैं। चक्रवर्ती के अनुसार, “प्राचीन तकनीकों को फिर शुरू करने में आधुनिक अभियंताओं को काफी मेहनत करनी पड़ेगी। प्राचीनकाल में अभियंता तकनीकों को स्थानीय पर्यावरण के अनुसार तैयार करते थे, जो बदल चुकी हैं।”

पहले भोपाल के जलाशय बेतवा नदी से जुड़े थे। शहर का हर घर आंगन वाला और आंगन में कुआं होता था। इन कुओं और जलाशयों में आदान-प्रदान वाली स्थिति थी। अब शहर के जलाशय लगभग खत्म से हो गए हैं। भोपाल शहर में अब गर्मी के दिनों में सिर्फ आधे घंटे के लिए ही पानी आता है। चक्रवर्ती बताते हैं, “सांची एक ऐतिहासिक भू-दृश्य का एक हिस्सा है। ये 27 पहाड़ियां एक पूरी श्रृंखला का एक हिस्सा है, जिनके अंदर 700 गुफाएं हैं जिनमें रंग-बिरंगी तस्वीरें बनी हैं। यहां कई ऐतिहासिक स्थल हैं। ये एक समान जीवन चक्र का हिस्सा है। आज जापानी सहायता से ज्यादा जरूरी भूविज्ञान की स्वदेशी कार्य निपुणता है, जिससे पानी को सही तरीके से जमा किया जाए और पुराने स्रोतों की खोज की जाए।”

(“बूंदों की संस्कृति” पुस्तक से साभार)

Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in