देश के जलाशयों में 38 फीसदी क्षमता खाली, पिछले साल से 31 फीसदी कम भंडारण

केंद्रीय जल आयोग द्वारा 178 बड़े जलाशयों की निगरानी की जाती है। आयोग ने साप्ताहिक बुलेटिन में पानी के भंडारण की चिंताजनक तस्वीर पेश की है
भारत के बांसवाड़ा जिले में स्थित माही बांध; फोटो: आईस्टॉक
भारत के बांसवाड़ा जिले में स्थित माही बांध; फोटो: आईस्टॉक
Published on: 

देश के प्रमुख 178 जलाशयों में पानी का भंडारण निरंतर कम हो रहा है, जो लगभग 62 फीसदी तक पहुंच गया है। इन जलाशयों की जल भंडारण क्षमता 257.212 अरब क्यूबिक मीटर है, लेकिन अब इनमें 184.762 अरब क्यूबिक मीटर पानी बचा है। हालात ऐसे हैं कि एक भी बांध (जलाशय) में सामान्य के स्तर तक पानी नहीं है।

केंद्रीय जल आयोग द्वारा 19 नवंबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक दक्षिण भारत के जलाशयों की स्थिति सबसे चिंताजनक है। इस रीजन में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु व तेलंगाना शामिल है।

यहां 50 जलाशयों की निगरानी केंद्रीय जल आयोग करता है। जिनकी कुल भंडारण 55.879 अरब क्यूबिक मीटर है। 19 नवंबर 2026 को इनमें जल भंडारण का स्तर 21.594 बीसीएम तक पहुंच गया। जो कुल भंडारण क्षमता का 38.64 प्रतिशत है।

हालात किस कदर खराब हो चुके हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पिछले साल यहां कुल भंडारण क्षमता का 86.45 फीसदी पानी बचा है और दस साल का औसत, जिसे सामान्य स्तर माना जाता है, इस समान अवधि के दौरान 73.10 प्रतिशत था।

दक्षिण भारत में केंद्रीय जल आयोग द्वारा 50 जलाशयों की निगरानी की जाती है। इनमें से 20 जलाशय ऐसे हैं, जहां पानी का भंडारण 40 फीसदी से कम हो चुका है। वहीं, 9 जलाशयों में 41 से 50 फीसदी और 7 जलाशयों में 51 से 60 फीसदी पानी बचा है। सामान्य भंडारण की तुलना में आंध्र प्रदेश में 60.42 फीसदी, तेलंगाना में 59.13 फीसदी, तमिलनाडु में 48.27 फीसदी, कर्नाटक में 41.13 फीसदी और केरल में 13.5 फीसदी कम पानी है। इससे साफ है कि दक्षिण भारत के पांचों राज्यों में जलाशयों में पानी का स्तर सामान्य से काफी नीचे है।

उत्तर भारत के 11 जलाशयों में उनकी कुल क्षमता (19.836 बीसीएम) का 53.27 फीसदी (10.566 बीसीएम) पानी बचा है। पिछले साल इसी समय इन जलाशयों में 84.84 फीसदी पानी था, जबकि सामान्य स्तर 71.64 फीसदी है। यानी इस बार पानी का भंडार पिछले साल और सामान्य स्तर, दोनों से काफी कम है।

राज्यों की बात करें तो राजस्थान में सामान्य से 31.65 फीसदी, पंजाब में 28.99 फीसदी और हिमाचल प्रदेश में 22.19 फीसदी कम पानी है।

पूर्वी भारत के 31 जलाशयों में कुल क्षमता (21.853 बीसीएम) का 73.57 फीसदी (16.078 बीसीएम) पानी उपलब्ध है। पिछले साल इसी समय यह 80.91 फीसदी और सामान्य स्तर 76.19 फीसदी था। इस क्षेत्र में असम के जलाशयों में सामान्य से 34.59 फीसदी, मेघालय में 46.46 फीसदी, मिजोरम में 37.72 फीसदी, झारखंड में 16.19 फीसदी और पश्चिम बंगाल में 19.98 फीसदी कम पानी है। बिहार में भी सामान्य से 5.11 फीसदी कम पानी है। हालांकि ओडिशा में सामान्य से 2.20 फीसदी और त्रिपुरा में 1.57 फीसदी अधिक पानी उपलब्ध है।

पश्चिम भारत के 58 जलाशयों में कुल क्षमता (38.606 बीसीएम) का 70.42 फीसदी (27.188 बीसीएम) पानी बचा है, जबकि पिछले साल इसी समय यह 95.95 फीसदी और सामान्य स्तर 83.40 फीसदी था। महाराष्ट्र में सामान्य से 20.68 फीसदी और गुजरात में 9.33 फीसदी कम पानी है। गोवा में भी मामूली कमी (0.44 फीसदी) दर्ज की गई है।

वहीं, मध्य भारत के 28 जलाशयों में 78.87 फीसदी पानी उपलब्ध है, जो पिछले साल के 91.28 फीसदी और सामान्य स्तर 80.94 फीसदी से कम है। छत्तीसगढ़ में सामान्य से 0.31 फीसदी और मध्य प्रदेश में 8.57 फीसदी कम पानी है। इसके उलट उत्तर प्रदेश में सामान्य से 21.51 फीसदी और उत्तराखंड में 7.68 फीसदी अधिक पानी उपलब्ध है।