बैठे ठाले: आने वाला कल... आ गया!
इलस्ट्रेशन: सोरित / सीएसई

बैठे ठाले: आने वाला कल... आ गया!

“आने वाले दिनों में काम के अवसर भले ही खत्म हो जाएं पर कबाड़ी प्रोफेशन में बहुत-सी वैकेंसी निकलेंगी”
Published on: 

वह चाहते थे कि उनके राजा बेटे का एडमिशन शहर के पॉश इंटरनेशनल स्कूल में हो जाए। इसके लिए उन्होंने हर कॉन्टैक्ट का दरवाजा खटखटाया। मंदिर-मस्जिद-गुरुद्वारा-सिनागॉग-दरबे मेहर-जिन्जा जो सामने मिला उस पर मत्था टिकाया। पुराणों में कहा गया है, “अगर किसी चीज को दिल से चाहो तो पूरी कायनात तुम्हें उससे मिलाने में लग जाती है।” आखिरकार उनकी मन्नत पूरी हुई। उनके राजा बेटे को शहर के सबसे पॉश इंटरनेशनल स्कूल में दाखिला मिल गया।

आज उनका प्रधानाचार्य महोदय से इंटरव्यू था जो एक हुमानोइड रोबोट थे।

रोबोट प्रिंसिपल जी ने पूछा, “आप अपने बेटे को क्या बनाना चाहते हैं?”

उन्होंने गर्व से अपने बेटे को देखते हुए कहा, “डॉक्टर बनाना चाहता हूं!”

“यानी आप चाहते हैं कि आपका राजा-बेटा बेरोजगार रहे!” रोबोट जी ने निस्पृह भाव से पूछा।

रोबोट की बात सुनकर पापा चौंक गए, “डॉक्टर बनकर बेरोजगार क्यों रहेगा?”

“क्योंकि डॉक्टर का काम तो रोबोट कर रहे हैं। वह ज्यादा भरोसेमंद है। मरीजों को लूटते नहीं है, बेवजह के टेस्ट नहीं करवाते, बिना जरूरत के ऑपरेशन नहीं करवाते। आजकल कोई अस्पताल नहीं जा रहा। घर पर बैठकर एआई और रोबोट से ही लोग इलाज करवा रहे हैं।” प्रिंसिपल रोबोट ने कहा।

पापा इतनी जल्दी हार मानने वाले नहीं थे। उन्होंने कहा, “ऐसा है तो मैं अपने बेटे को इंजीनीयर बनाऊंगा!”

रोबोट प्रिंसिपल महोदय बोले, “यानी आप चाहते हैं कि आपका राजा बेटा बेरोजगार रहे! क्योंकि इंजीनयर लोगों के सभी काम तो आज एआई ही देख रहे हैं। थ्री-डी प्रिंटर से गाड़ी से लेकर मकान और शॉपिंग मॉल से लेकर रॉकेट सब कुछ हम रोबोट बना रहे हैं। हमें इंसानी-इंजीनियरों की जरूरत नहीं है!”

पापा बोले, “बेटा सिविल सर्विस एग्जाम क्लियर करेगा और अफसर बनेगा!”

रोबोट प्रिंसिपल ने कहा, “आम जनता भ्रष्ट अफसरशाही और नौकरशाही से परेशान है। कोई इन पर भरोसा नहीं करता बल्कि लोग अब तो इनसे ऊब चुके हैं। लोगों का भरोसा अब केवल एआई पर ही है। सिविल सर्विसेस के इम्तहान जाने कब से ठप्प पड़े हैं। नई पोस्ट निकल नहीं रही और पुराने लोगों को वीआरएस देकर घर भेजा जा रहा है। ऐसे में आप अपने बेटे को इस लाइन में क्यों भेजना चाह रहे हैं?

पापा एक के बाद दूसरा प्रोफेशन गिनवाते जाते, कभी मीडिया तो कभी अध्यापक, कभी फिल्म-स्टार तो कभी साहित्यकार और कभी पेंटर तो कभी पायलट और कभी एंटरप्रेन्योर पर हर बार एक ही जवाब सुनने को मिलता कि कहीं कोई जॉब ओपनिंग नहीं है। आखिरकार पापा बुरी तरह नाराज हो गए। वह अपनी कुर्सी से उठ खड़े हुए और गुस्से से टेबल पर हाथ मारते हुए कहा, “कहां तो मैं सोच रहा था कि मेरा राजा बेटा डॉक्टर-इंजीनियर-बनेगा, सिविल सर्विसेस क्लिअर करके कलेक्टर बनेगा और आप कह रहे हैं कि वह बेरोजगार बनेगा! कोई तो काम होगा उसके लिए आने वाले दिनों में!”

“हम लोगों के लिए एक काम है पापा” अचानक बच्चे की आवाज आई जो अब तक चुपचाप अपने स्मार्टफोन पर कुछ खेल रहा था।

“बोलो बेटा! कौन सा काम है जो करोगे!” पापा ने प्यार से पूछा।

“कबाड़ी का काम पापा!” बच्चे ने कहा।

“क्या! कबाड़ी का काम? यह कैसी बदतमीजी है!” पापा ने चीख कर पूछा।

“यह बदतमीजी नहीं है पापा! ये देखिये, 2050 तक एआई के आपसी प्रतिस्पर्धा से कुल 617 मिलियन टन का कबाड़ पैदा होगा। आने वाले दिनों में डॉक्टर-इंजीनियर-एमबीए-वैज्ञानिक-साहित्यकार-फिल्म निर्माताओं के लिए काम के अवसर भले ही खत्म हो जाए पर आने वाले दिनों में कबाड़ी प्रोफेशन में बहुत-सी वैकेंसी निकलेंगी। इसलिए मैंने तय किया है कि मैं पढ़ाई-लिखाई करके अपना टाइम खराब नहीं करूंगा और किसी कबाड़ी वाले का अपरेंटिस बन जाऊंगा।

बच्चे की बातों को सुनकर रोबोट प्रिंसिपल की बांछें खिल गईं। उन्होंने बस इतना कहा, “स्मार्ट बॉय!”