हिंसा की शिकार केवल 7 फीसदी महिलाएं ही पुलिस तक पहुंचती हैं, न्याय की राह में हर कदम पर मिलती है नाकामी

महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन के अंतरराष्ट्रीय दिवस से पहले संयुक्त राष्ट्र महिला के नए आंकड़ों से पता चला है कि हिंसा की शिकार चार में से केवल एक महिला ही मदद मांगती है। कई देशों में यह संख्या लगातार घट रही है
फोटो साभार: संयुक्त राष्ट्र
फोटो साभार: संयुक्त राष्ट्र
Published on: 

शारीरिक या यौन हिंसा का सामना कर चुकी महिलाओं में से केवल 23 फीसदी यानी करीब चार में से एक महिला ही मदद मांगने के लिए परिवार, समुदाय या सरकारी अधिकारियों तक पहुंचती है। वहीं, महज 7 फीसदी महिलाएं ही पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराती हैं।

संयुक्त राष्ट्र महिला (यूएन वूमेन) की नई डेटा ब्रीफिंग एक्सेस टू जस्टिस फॉर वूमेन सर्ववाइवर्स ऑफ वायलेंस में 54 देशों के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया है।

रिपोर्ट बताती है कि महिलाएं जब हिंसा के खिलाफ आवाज उठाती भी हैं, तब भी उन्हें न्याय मिलने की गारंटी नहीं होती। यौन हिंसा से जुड़े मामले उन अपराधों में शामिल हैं, जिनमें दोषसिद्धि की संभावना सबसे कम होती है।

दुनियाभर में करीब 84 करोड़ महिलाएं और लड़कियां यानी लगभग हर तीन में से एक अपने जीवनकाल में शारीरिक या यौन हिंसा का सामना कर चुकी हैं।

संयुक्त राष्ट्र महिला की कार्यकारी निदेशक सिमा बाहौस ने कहा, “दुनियाभर की न्याय प्रणालियां हिंसा का सामना करने वाली महिलाओं और लड़कियों को न्याय दिलाने में नाकाम हो रही हैं। बहुत से मामले दर्ज ही नहीं होते, अभियोजन की प्रक्रिया अधूरी रह जाती है और अदालतों के फैसलों पर अमल नहीं होता। जब महिलाएं और लड़कियां न्याय तक पहुंच ही नहीं पातीं या कानून उनकी रक्षा करने में विफल रहता है, तब न्याय का कोई अर्थ नहीं रह जाता। हमें यह सुनिश्चित करने के लिए मिलकर काम करना होगा कि न्याय व्यवस्था हिंसा से बचे लोगों की रक्षा करे, उनके अधिकारों को कायम रखे और अपराधियों को जवाबदेह ठहराए।”

संयुक्त राष्ट्र महिला की नई डेटा ब्रीफिंग के निष्कर्ष ऐसी व्यवस्था की तस्वीर पेश करते हैं, जहां चुप रहना आम बात है, जवाबदेही तय होना अपवाद है और किसी अपराधी के सजा से बच निकलने की आशंका इस बात से कहीं अधिक है कि पीड़ित महिला को न्याय मिल पाएगा।

शारीरिक या यौन हिंसा का सामना करने वाली केवल 7 फीसदी महिलाएं ही पुलिस में इसकी शिकायत दर्ज कराती हैं, जबकि यह मानवाधिकारों का सबसे व्यापक उल्लंघनों में से एक है। कई महिलाओं के लिए चुप रहना उनकी पसंद नहीं, बल्कि उन खतरों का नतीजा है, जिनका सामना उन्हें अपनी बात सामने रखने पर करना पड़ता है।

हिंसा की शिकायत करने पर महिलाओं को अपना घर, बच्चे और आमदनी तक गंवानी पड़ सकती है। परिवार उनका साथ छोड़ सकते हैं, समुदाय उन्हें बाहर कर सकता है और जिन अपराधियों के खिलाफ वे शिकायत करती हैं, वे उन्हें धमका सकते हैं। जब महिलाएं सामने आती भी हैं, तो कई बार वर्षों बाद, उन्हें अपनी बात कहने के लिए ही सजा भुगतनी पड़ती है और देर से शिकायत करने के लिए दोषी ठहराया जाता है। कुछ महिलाओं की तो मदद मांगने के कारण उनके ही उत्पीड़कों द्वारा हत्या कर दी जाती है।

जिन देशों में समय के साथ इस पर आंकड़े जुटाए गए हैं, उनमें से अधिकांश में हिंसा की शिकार महिलाओं की मदद मांगने की संख्या घट रही है। संयुक्त राष्ट्र महिला के आंकड़ों के मुताबिक, एशिया में हिंसा की शिकार केवल 16 फीसदी महिलाएं मदद मांगती हैं। अफ्रीका में यह आंकड़ा 31 फीसदी और लैटिन अमेरिका तथा कैरेबियाई देशों में 40 फीसदी है।

यूरोपीय संघ के देशों में 64 फीसदी पीड़ित महिलाएं अपनी आपबीती किसी करीबी से साझा करती हैं, लेकिन केवल 14 फीसदी ही पुलिस तक पहुंचती हैं।

डेटा ब्रीफिंग में शामिल शोध के मुताबिक, दुनियाभर में पुलिस में दर्ज कराए गए मामलों में से 63 से 97 फीसदी मामलों में दोषसिद्धि नहीं हो पाती। कई मामले न्याय व्यवस्था की प्रक्रिया से बाहर हो जाते हैं। हिंसा से बची महिलाओं को बार-बार पूछताछ और डराने-धमकाने का सामना करना पड़ता है, जबकि अपराधियों को शायद ही कभी जवाबदेह ठहराया जाता है।

अक्सर सत्ता और प्रभावशाली पदों पर बैठे अपराधियों को उनके किए अपराधों के लिए दोषी नहीं ठहराया जाता। इससे अपराधियों को सजा से बच निकलने की संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।

ऑनलाइन दुनिया में भी यही स्थिति देखने को मिल रही है। सार्वजनिक जीवन में सक्रिय ऑनलाइन हिंसा का सामना करने वाली केवल 25 फीसदी महिलाएं ही इसकी शिकायत पुलिस में करती हैं।

अपराधियों को सजा देने के बजाय महिलाओं को ही डिजिटल मंचों से बाहर होने, चुप रहने और सार्वजनिक जीवन में स्वतंत्र रूप से भाग लेने के अपने अधिकार से वंचित होने के लिए मजबूर किया जाता है।

संयुक्त राष्ट्र महिला की कार्यकारी निदेशक ने कहा कि बदलाव संभव है। आज महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा को पहले से अधिक गंभीरता से पहचाना जा रहा है, हिंसा से पीड़ित लोगों की सुरक्षा के लिए अधिक कानून बनाए गए हैं और अधिक अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है।

उन्होंने आगे कहा, “आज महिलाओं को जो सुरक्षा हासिल है, वह उन पीढ़ियों के संघर्ष का नतीजा है, जिन्होंने आवाज उठाने का साहस दिखाया। अब हमें उनके साहस का जवाब न्याय के जरिए देना होगा। हर कानून को सुरक्षा में, हर वादे को संरक्षण में और हर शब्द को कार्रवाई में बदलना होगा। जब तक हर महिला और हर लड़की हिंसा और डर से मुक्त होकर नहीं जी सकती और उसे बार-बार यह साबित नहीं करना पड़ता कि उसकी बात पर भरोसा किया जाना चाहिए, तब तक हमारा संघर्ष जारी रहना चाहिए।”

हिंसा के खिलाफ 16 दिनों का अभियान

इस वर्ष महिलाओं के खिलाफ हिंसा के उन्मूलन का अंतरराष्ट्रीय दिवस 25 नवंबर को मनाया जाएगा। इस वर्ष इसकी थीम है- महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा खत्म करने के लिए एकजुट हों : न्याय सुनिश्चित करें, पीड़ितों की रक्षा करें और अपराधियों को सजा से बचने न दें।

लैंगिक हिंसा के खिलाफ 16 दिनों का सक्रियता अभियान 25 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान संयुक्त राष्ट्र महिला अपने सहयोगी संगठनों से दुनिया को नारंगी रंग में रंगने की अपील कर रहा है।

पिछले 35 वर्षों से यह 16 दिवसीय अभियान महिलाओं के खिलाफ हिंसा समाप्त करने के लिए संगठनों, सरकारों, संयुक्त राष्ट्र प्रणाली, मीडिया और हिंसा से बची महिलाओं को एक मंच पर लाने का माध्यम रहा है।

संयुक्त राष्ट्र महिला ने इस आंदोलन से जुड़ने की अपील करते हुए कहा है कि सामूहिक प्रयासों से हिंसा की पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाया जा सकता है और अपराधियों को सजा से बचने से रोका जा सकता है।