

“इलाज से बेहतर है बचाव।” यह बात हम बचपन से सुनते आ रहे हैं। आज भी यह दुनिया भर में जनस्वास्थ्य का सबसे महत्वपूर्ण संदेशों में से एक है।
कोविड-19 महामारी के दौरान जब एक वायरस ने पूरी दुनिया को ठप कर दिया था, तब इससे बचाव के हमारे सबसे प्रभावी उपाय बेहद सरल थे- मास्क पहनना, हाथों को सैनिटाइज करना और एक-दूसरे से दूरी बनाए रखना। उस समय ये उपाय भले ही बोझिल लगते थे, लेकिन आज ये सामान्य समझ का हिस्सा बन चुके हैं।
इससे एक बात साफ है कि बचाव के उपायों में किया गया निवेश भविष्य में बड़े फायदे देता है।
यही सिद्धांत खाद्य उत्पादन पर भी लागू होता है। मुर्गीपालन, डेयरी और मछली पालन में बीमारियों को फैलने से पहले रोकने से एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल की जरूरत कम हो जाती है।
यह इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि एंटीबायोटिक दवाओं का जरूरत से ज्यादा इस्तेमाल उन्हें बेअसर बना रहा है। जिन बैक्टीरिया को खत्म करने के लिए इन दवाओं का इस्तेमाल किया जाता है, वे अब तेजी से इनके प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर रहे हैं।
यह खामोश महामारी रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) के नाम से जानी जाती है और अब तक कई लोगों की जान ले चुकी है। हमें एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल कम करना होगा, ताकि गंभीर जरूरत के समय इनके प्रभाव को बनाए रखा जा सके। इसके लिए पशुपालन में भी एंटीबायोटिक दवाओं का इस्तेमाल घटाना जरूरी है।
यह सिद्धांत तीन बुनियादी बातों पर आधारित है:
मानव उपचार के लिए आरक्षित एंटीबायोटिक का इस्तेमाल पशुओं या कृषि में न हो। खासतौर पर उन एंटीबायोटिक दवाओं का, जो मानव चिकित्सा के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
एंटीबायोटिक का इस्तेमाल केवल बीमार पशुओं के इलाज के लिए किया जाए। यानी जब पशु बीमार हो और उसे दवा की जरूरत हो, तभी एंटीबायोटिक दी जाए। बीमारी से बचाव के लिए पहले से इन दवाओं का इस्तेमाल न किया जाए।
खेती और पशुपालन के तरीकों में बदलाव किया जाए, ताकि बीमारियों को शुरुआत में ही रोका जा सके। इसके लिए बेहतर साफ-सफाई, कम जगह में अधिक पशु रखने की प्रवृत्ति पर रोक और ऐसी पशु नस्लों को बढ़ावा देने में निवेश करना होगा, जो बीमारियों का सामना करने में अधिक सक्षम हों।
पशुपालन में बीमारियों की रोकथाम और मुश्किलें
यह समस्या खासतौर पर सघन उत्पादन प्रणालियों में अधिक गंभीर है, जहां मुर्गियों या मछलियों को बहुत कम जगह में बड़ी संख्या में पाला जाता है। कई स्थानीय नस्लों के विपरीत, औद्योगिक नस्लों का चयन मुख्य रूप से अधिक उत्पादन के उद्देश्य से किया जाता है। इन नस्लों में अधिक तापमान सहने, सीमित जगह में रहने से होने वाले तनाव का सामना करने और संक्रमण से लड़ने की प्रतिरोधक क्षमता कम होती है।
इसका नतीजा है कि पशुओं में बीमारियां ज्यादा होती हैं और तेजी से फैलती हैं। ऐसे में पशुपालक एंटीबायोटिक दवाओं पर अधिक निर्भर हो जाते हैं।
एंटीबायोटिक दवाएं बैक्टीरिया से होने वाले संक्रमण का इलाज करने और इंसानों व पशुओं की जान बचाने के लिए हैं। इनका इस्तेमाल स्वच्छ पानी, साफ-सफाई और बेहतर फार्म प्रबंधन जैसी बुनियादी जरूरतों का आसान विकल्प बनकर नहीं होना चाहिए।
यहां मेरा आशय बीमारियों की रोकथाम के उन वास्तविक उपायों से है, जो एंटीबायोटिक दवाओं पर निर्भर नहीं हैं। इनमें जैव सुरक्षा (बायोसिक्योरिटी), बेहतर फार्म प्रबंधन, गुणवत्तापूर्ण चारा और पोषण, एंटीबायोटिक के विकल्पों का इस्तेमाल, बीमारियों का सामना करने में सक्षम नस्लों का पालन, टीकाकरण और कचरे का उचित प्रबंधन शामिल हैं।
सेंटर फॉर साइंस एंड एनवायरमेंट (सीएसई) में मेरे सहकर्मी इन्हें भारत के मीठे पानी (ऐसा पानी जिसमें नमक की मात्रा बहुत कम या न के बराबर हो, समुद्र के खारे पानी के विपरीत होता है) में मछली पालन और मुर्गीपालन क्षेत्र पर हमारी हालिया रिपोर्टों में ‘रोकथाम के आधार स्तंभ’ कहते हैं। इनमें बताया गया है कि इन क्षेत्रों में बीमारियों की रोकथाम के लिए क्या-क्या जरूरी है और इस दिशा में नीतियों और उनके अमल में कहां कमियां हैं। साथ ही, इन कमियों को दूर करने के उपाय भी सुझाए गए हैं।
जमीनी स्तर पर रोकथाम के उपाय कैसे दिखते हैं?
मीठे पानी में मछली पालन का उदाहरण लें। हमारी रिपोर्ट में पानी की गुणवत्ता सुधारने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर ‘तालाब स्वास्थ्य कार्ड’ योजना शुरू करने की सिफारिश की गई है। इसके अलावा, मछली के अच्छी गुणवत्ता वाले बीज (फिश सीड) की उपलब्धता बढ़ाने, तकनीक आधारित आहार प्रबंधन के उपायों को प्रोत्साहित करने और बीमारियों का सामना करने में सक्षम मछली की नस्लों को बढ़ावा देने की बात कही गई है।
मुर्गीपालन के मामले में रिपोर्ट में स्थानीय और उन्नत नस्लों के साथ ग्रामीण और घरेलू स्तर पर मुर्गीपालन को मजबूत करने की वकालत की गई है। इसके साथ ही, सघन मुर्गीपालन प्रणालियों में सुधार की जरूरत बताई गई है। इससे बड़े औद्योगिक फार्मों पर निर्भरता कम होगी और विकेंद्रीकृत खाद्य उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा, जो अधिक टिकाऊ भी होगा।
इससे स्थानीय स्तर पर पोषण, आजीविका और जैव विविधता को बेहतर बनाने में भी काफी मदद मिलेगी।
इसके अलावा, दोनों क्षेत्रों के लिए कुछ सुझाव समान हैं। मसलन, जैव सुरक्षा और बेहतर फार्म प्रबंधन से जुड़े उपायों को लागू करना, पशु आहार, उसमें मिलाए जाने वाले पदार्थों और एंटीबायोटिक के विकल्पों की गुणवत्ता को नियंत्रित करना, प्रभावी टीकाकरण सुनिश्चित करना और बीमारियों की जांच व पहचान की सुविधाओं को बेहतर बनाना।
इन रिपोर्टों में जमीनी स्तर पर अपनाई जा रही कई अच्छी कार्यप्रणालियों का भी दस्तावेजीकरण किया गया है। ये उदाहरण बताते हैं कि बीमारियों की रोकथाम न केवल संभव है, बल्कि इससे आर्थिक लाभ भी हो सकता है। इसे बड़े पैमाने पर अपनाने के पीछे एक मजबूत आर्थिक आधार भी है।
खास तौर पर इसका एक उल्लेखनीय उदाहरण राष्ट्रीय डेयरी विकास बोर्ड (एनडीडीबी) का है। इसकी एथनोवेटरनरी (पारंपरिक पशु चिकित्सा) पद्धतियों के तहत पारंपरिक और हर्बल नुस्खों के इस्तेमाल से 10 लाख से अधिक पशुओं में थनैला (मैस्टाइटिस) और कुछ अन्य बीमारियों को नियंत्रित करने में सफलता मिली है। इन उपायों की सफलता दर 80 प्रतिशत से अधिक रही है। इनमें से कई नुस्खे किसान खुद भी तैयार कर सकते हैं।
दूध सहकारी संघों के साथ मिलकर काम करते हुए एनडीडीबी ने एंटीबायोटिक दवाओं के इस्तेमाल और इलाज पर होने वाले खर्च को कम करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। साथ ही, सुरक्षित दूध का उत्पादन सुनिश्चित करने और किसानों की आमदनी को सुरक्षित रखने में भी मदद की है। हमें इसी तरह के रोकथाम आधारित उपायों को बड़े पैमाने पर लागू करने की जरूरत है।
अच्छी कार्यप्रणालियों से सार्वजनिक नीतियों तक
मैं यह स्वीकार करना चाहती हूं कि बीमारियों की रोकथाम के ये उपाय नए नहीं हैं। हमारे वैज्ञानिक इनके महत्व को जानते हैं और किसान भी इनकी उपयोगिता अच्छी तरह समझते हैं। समस्या यह है कि जमीनी स्तर पर इन्हें अपनाने का चलन अभी भी असमान और छिटपुट है। इस स्थिति को बदलने के लिए जरूरी है कि नीतियों, व्यवस्थाओं, प्रोत्साहनों और जागरूकता के जरिए रोकथाम के उपायों को बढ़ावा दिया जाए।
कई साल पहले, जब हमने कृषि और खाद्य प्रणालियों में बीमारियों की रोकथाम की जरूरत को वैश्विक स्तर पर उठाना शुरू किया था, तब इस विचार को बहुत उत्साहजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली थी। मुझे खुशी है कि अब स्थिति बदलने लगी है। सदस्य देशों की सहमति से स्वीकार की गई एएमआर पर 2024 की राजनीतिक घोषणा में भी बीमारियों की रोकथाम के उपायों में निवेश की जरूरत को स्वीकार किया गया है।
हालांकि, इस प्रतिबद्धता को जमीन पर उतारने के लिए अभी भी एक स्पष्ट कार्ययोजना का अभाव है।
हमारी नई रिपोर्टों में भारतीय संदर्भ में रोकथाम के इन सभी आधार स्तंभों की एक-एक कर विस्तार से पड़ताल की गई है। मुझे उम्मीद है कि दक्षिण के देशों में भी इन रिपोर्टों से उपयोगी सीख ली जा सकेगी।
स्पष्ट है कि खाद्य उत्पादन को टिकाऊ बनाने के लिए बीमारियों की रोकथाम ही एकमात्र रास्ता है। एंटीबायोटिक के इस्तेमाल से बेहतर है बीमारी को रोकना। हमें वहां निवेश करने की जरूरत है, जहां इसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। हमें अपने काम करने के तरीकों में बदलाव करना होगा, ताकि हमारा भविष्य सुरक्षित रह सके और इस मामले में जीवनरक्षक दवाओं के रूप में काम आने वाली एंटीबायोटिक दवाओं का प्रभाव भी बना रहे।