साइकिल से चलने से मृत्यु दर में हो सकती है 13 फीसदी की कमी: स्टडी

35 लाख लोगों पर किए गए एक अध्ययन में पाया गया कि जो लोग साइकिल का इस्तेमाल करते हैं, वह अधिक सेहतमंद रहते हैं और लंबे समय तक जीते हैं
Photo: Meeta Ahlawat
Photo: Meeta Ahlawat
Published on

एक हालिया अध्ययन से पता चला है कि जो लोग अपने काम-धंधे पर जाने के लिए साइकिल का इस्तेमाल करते हैं,  वह अधिक सेहतमंद रहते हैं। साथ ही शारीरिक गतिविधि और उसके स्वास्थ्य लाभ के चलते उनके अधिक समय तक जीने की सम्भावना बढ़ जाती है। हालांकि पैदल चलने वालों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने वालों में यह प्रवृत्ति नहीं देखी गयी है।

यह अध्ययन यूनिवर्सिटी ऑफ ओटागो, वेलिंगटन, यूनिवर्सिटी ऑफ मेलबर्न और ऑकलैंड विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं द्वारा किया गया है। जोकि इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एपिडेमियोलॉजी में प्रकाशित हुआ है। यूनिवर्सिटी ऑफ ओटागो की प्रमुख शोधकर्ता डॉ कैरोलिन शॉ का कहना है कि "अपने कार्यस्थल पर साइकिल से जाने वाले लोगों में अध्ययन के दौरान मृत्यु दर में 13 फीसदी की कमी देखी गई है। जिसका प्रमुख कारण शारीरिक गतिविधियों के कारण होने वाला स्वास्थ्य लाभ है, जबकि पैदल चलने वालों और पब्लिक ट्रान्सपोर्ट का इस्तेमाल करने वालों की मृत्यु दर में कोई कमी नहीं देखी गई।

शोधकर्ताओं ने इस अध्ययन के लिए न्यूजीलैंड की जनगणना से प्राप्त मृत्यु दर के आंकड़ों का इस्तेमाल किया है। डॉ. शॉ का कहना है कि यह अध्ययन करीब 35 लाख लोगों पर किया गया है। जोकि यात्रा के साधन और मृत्यु दर के परिणामों को जोड़ने वाले सबसे बड़े अध्ययनों में से एक है। उन्होंने बताया कि यह अध्ययन 15 साल चला है। जिसमें हमने न्यूज़ीलैंड की करीब 80 फीसदी कामकाजी आबादी का अध्ययन किया है। 

महिलाओं की तुलना में पुरुष अधिक करते हैं साइकिल से यात्रा

डॉ शॉ के अनुसार दुनिया भर में स्वास्थ्य और पर्यावरण के मद्देनजर एक्टिव ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक्टिव ट्रांसपोर्ट के अंतर्गत सार्वजनिक परिवहन के साथ-साथ पैदल और साइकिल यात्रा को सम्मिलित किया जाता है। इसके बावजूद एक्टिव ट्रांसपोर्ट और स्वास्थ्य के बीच के संबंध स्पष्ट नहीं थे।

अध्ययन में पाया गया कि न्यूजीलैंड के 80 फीसदी से अधिक लोग जनगणना के दिन कार से यात्रा कर रहे थे, जबकि केवल पांच फीसदी पैदल और तीन फीसदी साइकिल से यात्रा करते हैं। अध्ययन के अनुसार केवल दो फीसदी महिलाएं साइकिल का उपयोग करती हैं, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा चार प्रतिशत है। लेकिन पुरुषों की तुलना में महिलाएं अधिक पैदल चलती हैं जो कि सात प्रतिशत है। जबकि केवल पांच फीसदी पुरुष ही पैदल यात्रा करते हैं।

वहीं बुजुर्गों की तुलना में युवा अधिक संख्या में साइकिल, पैदल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट का उपयोग करते हैं। डॉ शॉ का कहना है कि शोध के परिणाम काम पर जाने के लिए साइकिल के उपयोग की सिफारिश करते हैं। जिससे उनका स्वास्थ्य बेहतर हो सके। उनके अनुसार न्यूजीलैंड जैसे देश में जहां साइकिल का उपयोग बहुत कम किया जाता है। वहां साइकिल के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए परिवहन और शहरी नियोजन दोनों स्तर पर काम करने की जरुरत है। इसके लिए साइकिल नेटवर्क को बढ़ावा देने सम्बन्धी नीतियों पर भी ध्यान देने की जरुरत है।

Related Stories

No stories found.
Down to Earth- Hindi
hindi.downtoearth.org.in