
यूरोपीय संघ आयोग के संयुक्त अनुसंधान केंद्र द्वारा प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार पिछले वर्ष 2023 में यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका ने 2000 के बाद सबसे भयावह जंगल की आग का सामना किया है।
फॉरेस्ट फायर-2023 की रिपोर्ट के अनुसार अकेले एक वर्ष के दौरान लगभग पांच लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फैले जंगले में आग लगी। इस क्षेत्र को समझने के लिए कहा जा सकता है कि यह साइप्रस द्वीप के लगभग आधे क्षेत्र के बराबर है।
रिपोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जंगल में लगने वाली आग की घटनाओं में तेजी से वृद्धि का बड़ा कारण जलवायु परिवर्तन है। रिपोर्ट में इस बात का उल्लेख किया किया गया है कि इस वर्ष जंगल की आग का एक व्यापक रूप भी देखने को मिला।
इस आग को पारंपरिक अग्निशमन के तौर तरीकों से काबू पाना असंभव था। रिपोर्ट में कहा गया है कि 2000 के बाद से यूरोपीय संघ में दर्ज की गई यह सबसे बड़ी जंगल की आग थी। रिपोर्ट में इस बात की ओर भी इंगित किया गया है कि जलवायु परिवर्तन के कारण आग की तीव्रता में तेजी आई है और इसके चलते यह व्यापक क्षेत्र में फैली और कई नए क्षेत्रों को प्रभावित कर रही है।
रिपोर्ट में खुलासा किया गया है कि यूरोप में आग का मौसम अब पारंपरिक गर्मियों के महीनों से कहीं आगे बढ़ चुका है। रिपोर्ट में बताया गया है कि यूरोपीय संघ और दुनिया भर में लगी जंगलों की आग को बुझाना अब और अधिक चुनौतीपूर्ण बन गया है।
अब तक के आंकड़ों के अनुसार बुल्गारिया, साइप्रस, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, लिथुआनिया, मोरक्को, नॉर्वे और स्विटजरलैंड ने 2013-22 के बीच औसत से अधिक जंगल की आग की रिपोर्ट दर्ज की गई। इस बीच साइप्रस, नॉर्वे और स्विटजरलैंड में क्रमश: 126, 278 और 146 प्रतिशत औसत से अधिक क्षेत्रों में आग लगने की जानकारी भी दर्ज की गई।
रिपोर्ट में कहा गया है कि यूरोपीय संघ के जंगलों में लगी आग से प्रभावित क्षेत्र का लगभग 41 प्रतिशत दायरा नेचुरा-2000 नेटवर्क को प्रभावित करेगा। इस क्षेत्र को यूरोपीय संघ का जैव विविधता भंडार कहा जाता है और इसके संरक्षण के लिए जरूरी है कि इन आवश्यक पारिस्थितिकीय प्रणालियों को ठीक रखा जाना चाहिए।
रिपोर्ट में कहा गया कि साइप्रस में तेजी लगी आग की जानाकरी हुई थी और इसके बाद जुलाई के मध्य में लगभग तीन सप्ताह तक यहां गर्मी की स्थिति बनी रही। कुछ इलाकों में तापमान तो 44 डिग्री सेल्सियस से 46 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया, जिससे हालात और खराब हो गए। रिपोर्ट में यह भी पाया गया कि इस द्वीप पर जनवरी 2023 से लगभग पूरे सालभर शुष्क और सामान्य से अधिक तापमान व गर्म मौसम की स्थिति बनी रही।
रिपोर्ट में बताया गया है कि स्विट्जरलैंड की गर्मियों में 2023 में दो बार लंबे समय तक गर्मी की अवधि बनी रही। यही नहीं यहां का राष्ट्रीय औसत गर्मी का तापमान (जून से अगस्त तक का औसत) सामान्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया।
इससे स्विट्जरलैंड में दर्ज की गई यह पांचवीं सबसे भीषण गर्मी के रूप में दर्ज की गई। यहां 17 जुलाई 2023 को देश ने वर्ष की सबसे भयंकर जंगल की आग देखी, जिसमें 100 हेक्टेयर जंगल और घास के मैदान जलकर राख हो गए।
यूरोपीय संघ ने एक बयान में कहा सितंबर 2024 में पुर्तगाल में एक साथ कई जंगलों में आग लगी। इससे 2024 में जंगल की आग से होने वाला नुकसान पिछले दशकों के यूरोपीय संघ के औसत से भी अधिक हो गया। रिपोर्ट में कहा गया है कि यूरोपीय संघ में होने वाली लगभग 96 प्रतिशत जंगल की आग मानवीय गतिविधियों के कारण होती है, जिसके लिए शिक्षा और जागरूकता दोनों आवश्यक है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि हमें जलवायु जोखिमों को भी बेहतर तरीके से ध्यान में रखना होगा और जंगल की आग के परिणामस्वरूप होने वाले जलवायु खतरों के लिए अपनी तैयारी और लचीलापन को बढ़ाना होगा। इसके लिए अनुकूलन योजना महत्वपूर्ण है। रोकथाम के उपायों को आबादी के सभी क्षेत्रों में विशेष रूप से उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में लक्षित किया जाना चाहिए।
यूरोपीय संघ द्वारा जारी एक बयान में जलवायु कार्रवाई के आयुक्त वोपके होकेस्ट्रा ने कहा, “जलवायु परिवर्तन जंगल की आग की आवृत्ति और गंभीरता को और बढ़ा रहा है। 2023 की जंगल की आग ने फिर से दिखाया कि हम इन जोखिमों का सामना करने के लिए तैयार नहीं थे। हमें इन जंगल की आग के लिए बेहतर तैयारी और रोकथाम के लिए अधिक निवेश की जरूरत है।”