डाउन टू अर्थ टिप्पणी: छोटे किसानों के प्रयास से जलवायु संकट का समाधान संभव

जलवायु आपातकाल और घटते कृषि क्षेत्र के संदर्भ में मिट्टी की सेहत सुधारने वाली खेती छोटे किसानों के लिए एक लाभदायक मौका साबित हो सकता है
डाउन टू अर्थ टिप्पणी: छोटे किसानों के प्रयास से जलवायु संकट का समाधान संभव
इलस्ट्रेशन: योगेन्द्र आनंद / सीएसई
Published on: 

खेती (जो हमारी एक मूलभूत आर्थिक गतिविधि है) को कई मोर्चों पर भारी दबाव का सामना करना पड़ रहा है। पहला, यह भूमि पर निर्भर है जो एक सीमित संसाधन है और इसके विभिन्न उपयोगों को लेकर भारी प्रतिस्पर्धा है। जलवायु परिवर्तन एक अन्य प्रमुख कारक है जो सीधे तौर पर कृषि से होने वाले लाभ व उसकी उत्पादकता को प्रभावित करता है। इसके अलावा औद्योगिक और कृषि से होने वाले ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन के कारण भी यह आलोचना के दायरे में आ गई है। अब यह केवल मूल्यांकन का विषय नहीं रह गया है और पूरी खाद्य प्रणाली में एक व्यापक बदलाव की मांग लगातार जोर पकड़ रही है। वहीं दूसरी ओर खेती के प्रति लोगों की रुचि में भी गिरावट आई है क्योंकि यह मुख्य रूप से श्रमिकों पर निर्भर कार्य है। खेती मुख्य रूप से छोटे किसानों द्वारा की जाती है जो दुनिया की गरीब आबादी का एक बड़ा हिस्सा हैं, ऐसे में प्रश्न है कि ये कारक विश्व की खाद्य सुरक्षा को कैसे प्रभावित करेंगे? दुनिया भर में 57 करोड़ खेत हैं, जिनमें से 47.5 करोड़ छोटे खेत (2 हेक्टेयर से कम क्षेत्रफल) हैं और इनमें से अधिकांश विकासशील देशों में हैं।

विश्व की एक चौथाई आबादी इन्हीं छोटे खेतों पर निर्भर रहती है। वैश्विक खाद्य उत्पादन में उनका योगदान 30 प्रतिशत है जो काफी महत्वपूर्ण है। एशिया और सहारा के दक्षिण स्थित अफ्रीका के लोगों की 74 प्रतिशत तक कैलोरी की जरूरतें इन्ही छोटे खेतों से पूरी होती हैं लेकिन दुनिया का पेट भरने वाली यह आबादी तेजी से बूढ़ी हो रही है। एक किसान की औसत आयु अब 55 वर्ष है जो कामकाजी उम्र की अंतिम सीमा के करीब है। साथ ही लोग बड़े पैमाने पर खेती से दूर हो रहे हैं। विश्व बैंक के अनुसार, साल 2025 में वैश्विक रोजगार में कृषि की हिस्सेदारी 26 प्रतिशत थी जो 21वीं सदी की शुरुआत के 39 प्रतिशत से काफी कम है। इसके अलावा लगभग 1,000 वर्षों तक लगातार विस्तार के बाद कृषि भूमि का उपयोग अब अपने चरम पर पहुंच चुका है। नेचर सस्टेनेबिलिटी में प्रकाशित अध्ययन का पूर्वानुमान है कि वैश्विक स्तर पर खेतों की संख्या 2020 के 61.6 करोड़ से घटकर वर्ष 2100 तक 27.2 करोड़ रह जाएगी।

अध्ययन कहता है कि जैसे-जैसे किसी देश की अर्थव्यवस्था विकसित होती है, अधिक लोग शहरी क्षेत्रों की ओर पलायन करते हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों की देखभाल के लिए कम लोग बचते हैं। इस प्रकार दुनिया खाद्य सुरक्षा के मोर्चे पर एक अंधकारमय भविष्य की ओर अग्रसर है, जहां पेट भरने के लिए लोगों की संख्या अधिक होगी लेकिन खेत कम होंगे। हालांकि हाल ही में प्रकाशित पुस्तक होल अर्थ फार्मिंग: स्मॉलहोल्डर्स एंड द ग्रेट रीजनरेटिव ट्रांसफॉर्मेशन इसका एक विकल्प प्रस्तुत करती है। पुस्तक के लेखक ह्यू लॉक का दावा है, “यदि दुनिया भर के केवल आधे छोटे किसानों (लगभग 24 करोड़ कृषक परिवारों) को पुनर्योजी कृषि (रीजेनरेटिव एग्रीकल्चर) और कृषि वानिकी अपनाने में मदद की जाए तो 2050 तक बढ़ती आबादी के लिए आवश्यक अतिरिक्त भोजन की पूर्ति की जा सकती है। इससे प्रकृति का क्षरण होने के बजाय उसमें सुधार ही होगा।” वह पुनर्योजी कृषि को “खेती का एक समग्र दृष्टिकोण मानते हैं, जिसका उद्देश्य उन प्राकृतिक प्रणालियों में सुधार करना है जिन पर हमारी कृषि निर्भर करती है।” अगले 25 वर्षों में वैश्विक आबादी में 1.5 अरब की वृद्धि होगी और इसका अधिकांश हिस्सा विकासशील देशों में होगा लेकिन लॉक का कहना है, “भोजन की इस अतिरिक्त मांग को पूरा करने के लिए हमें मिट्टी के क्षरण, जैव विविधता के नुकसान और जलवायु परिवर्तन की और अधिक कीमत चुकाने की आवश्यकता नहीं है।”

हैती में स्मॉलहोल्डर फार्मर्स अलायंस के सह-संस्थापक लॉक कहते हैं, “दुनिया भर के छोटे किसानों को अक्सर विकास मदद के महज लाभार्थियों के रूप में देखा जाता है जबकि उन्हें अगले कृषि-बदलाव के सूत्रधारों के रूप में मान्यता मिलनी चाहिए।” हैती में 10,000 से अधिक छोटे किसानों के साथ किए गए अपने प्रयोग का हवाला देते हुए वह कहते हैं कि संधारणीय (सस्टेनेबल) प्रथाओं पर आधारित बुनियादी कृषि सहायता से न केवल फसलों की पैदावार में वृद्धि हुई है बल्कि परिवारों की आय भी बढ़ी है। छोटे किसानों की पैदावार में औसतन लगभग 40 प्रतिशत की वृद्धि होती है जबकि उनकी घरेलू आय 50 से 100 प्रतिशत तक बढ़ जाती है।” पुस्तक में उद्धृत एक पीयर रिव्यूड शोध के अनुसार, यदि 24 करोड़ (240 मिलियन) छोटे किसान पुनर्योजी खेती की ओर रुख करते हैं तो इससे हर साल वायुमंडल से 0.72 गीगाटन तक कार्बन डाइऑक्साइड को कम किया जा सकेगा। पुनर्योजी खेती से सिंथेटिक उर्वरकों का उपयोग भी कम होगा, जिससे सालाना अतिरिक्त 0.1 गीगाटन कार्बन डाइऑक्साइड के बराबर उत्सर्जन में कमी आएगी। किसानों द्वारा पारिस्थितिक तंत्र की सुरक्षा एवं संवर्द्धन के लिए उन्हें कभी मुआवजा या उचित मूल्य नहीं दिया गया है। जलवायु आपातकाल और सिकुड़ते कृषि क्षेत्र के इस नए संदर्भ में यह दृष्टिकोण सभी के लिए एक लाभदायक अवसर प्रतीत होता है।

डाउन टू अर्थ, हिंदी के नवंबर 2026 के अंक में यह टिप्पणी प्रकाशित की गई है। यह स्तंभ डाउन टू अर्थ की संपादकीय सोच और उसके दृष्टिकोण को सामने रखता है।